कोरोना के खिलाफ जंग में हथियार बने मोबाइल ऐप

उत्तर प्रदेश में लॉकडाउन के दौरान सरकार के विभागों ने न्यूनतम मानव संसाधन के साथ पूरी क्षमता में काम को अंजाम तक पहुंचाने के लिए ऐप और पोर्टल को हथियार बना लिया है.

प्रतीकात्मक फोटो
प्रतीकात्मक फोटो

कोरोना के संक्रणम को रोकने के लिए लॉकडाउन लागू होने के बाद जैसे ही लोग अपने घरों में कैद हुए, उन तक पहुंचने के लिए यूपी में सरकारी विभाग और दूसरी संस्थाओं ने मोबाइल ऐप का प्रयोग करना शुरू किया है. प्रदेश में सरकार के विभागों ने न्यूनतम मानव संसाधन के साथ पूरी क्षमता में काम को अंजाम तक पहुंचाने के लिए ऐप और पोर्टल को हथियार बना लिया है. विकास कार्यों की निगरानी से लेकर जनता से जुड़ी योजनाएं ऑनलाइन प्लेटफार्म पर तेजी से लाई जा रही हैं.

लोक निर्माण विभाग ने राज्य में शुरू कराए गए कामों पर नजर रखने के लिए 'सुरक्षा ऐप' लांच किया है. इस ऐप से पीडब्ल्यूडी के साथ ही सेतु निगम और राजकीय निर्माण निगम द्वारा शुरू कामों पर नजर रखी जा रही है. निर्माण तथा विकास कार्यों में गिट्टी, बालू, बोल्डर, मौरंग की कमी ना हो लिहाजा भूतत्व एवं खनिकर्म विभाग ने 'मिनरल मार्ट' नाम से ई-कामर्स प्लेटफार्म तैयार कराया है. इस प्लेटफार्म पर सीधे खरीददार और विक्रेता जुड़ेंगे. ऑनलाइन आर्डर लिए जाएंगे और खरीदार के बताए हुए जगह पर मिनरल पहुंचा दिए जाएंगे. विभाग की सचिव डॉ. रोशन जैकब के मुताबिक पेमेंट गेट-वे का काम चल रहा है, जिसे जल्द लॉन्च कर दिया जाएगा.

राज्य की 90 लाख से अधिक सूक्ष्म, लघु एवं मद्यम उद्योगों की दिक्कतों को दूर करने के लिए एमएसएमई विभाग ने 'एमएसएमई साथी' नाम से पोर्टल और ऐप तैयार किया है. इसे एक्टिवेट किया जा रहा है. बैंकों से वित्तीय सहायता, विभागों से एनओसी, पास, श्रमिकों की दिक्कतें आदि का समाधान इस ऐप के माध्यम से विभाग करेगा. एमएसएमई के प्रमुख सचिव नवनीत सहगल के मुताबिक, इस ऐप पर उद्यमियों से जुड़ी सुविधाएं ऑनलाइन की जा रही हैं.

लखनऊ के रहमानखेड़ा स्थित केंद्रीय उपोष्ण बागवानी संस्थान भी 'बागवान मित्र' और 'मैंगो बाबा' नाम से दो ऐप लॉन्च करने जा रहा है. ये दोनों ऐप तो वैसे लखनऊ के आसपास के मैंगों की पट्टी के लिए तैयार किए जा रहे हैं, लेकिन इनसे देश भर के आम के किसानों को जानकारी मिल सकेगी. किसानों के लिए सबसे बड़ी समस्या संदेश टाइप करने की होती है, इसलिए बागवानी ऐप में यह सुविधा होगी कि किसान बोल कर अपनी समस्या टाइप कर सकेंगे.

***

Read more!