कॉन्क्लेव 2024: मंच पर आए अक्षय और टाइगर श्रॉफ, देश के लिए क्या कहा?
आधे घंटे के इस सत्र के दौरान इन दोनों सितारों ने एक-दूसरे की खूब तारीफ की और दर्शकों को खूब हंसाया

अक्षय 'खिलाड़ी' कुमार यानी ऐक्शन हीरो ओजी [ओरिजिनल] और मार्शल आर्ट्स के अपने हुनर से इस जॉनर को नए स्तर पर ले जाने वाले टाइगर श्रॉफ एक सत्र में एक साथ आए तो मंच पर किक और ऐक्शन के साथ-साथ उतनी ही बतकही भी हुई.
आधे घंटे के इस सत्र के दौरान, आगामी ऐक्शन एंटरटेनर 'बड़े मियां छोटे मियां' के इन सितारों ने एक-दूसरे की गजब की तारीफ से तालियां बटोरीं और दर्शकों को खूब हंसाया.
दोनों ने याद किया कि शूटिंग पर जाने से पहले सुबह वर्क-आउट के दौरान वे कैसे एक-दूसरे से जुड़ गए थे. दोनों के बीच 22 साल के फासले को एक पल को भुला दीजिए, दोनों ने बताया कि कैसे उन्होंने अधिकांश स्टंट खुद किए और विजुअल इफेक्ट का कम से कम इस्तेमाल किया, ताकि रोमांच का ज्यादा से ज्यादा एहसास हो.
इस सत्र का एक आकर्षण वह भी था जब दोनों ने चार स्कूली छात्रों के सवालों के चुटीले जवाब दिए और उन्हें चुस्त-दुरुस्त जीवन-शैली के गुर बताए और यह भी कि मन से अरकनफोबिया यानी मकड़ियों से डर को कैसे भगाएं.
खास बातें
अक्षय कुमार की नजर में कई हॉलीवुड फिल्में हैं जिनमें अमेरिका आतंकवादी या एलियन हमले के दौरान दुनिया का रखवाला बनकर उभरता है. भारत उस सराहनीय भूमिका में कब तक आ पाएगा. उन्होंने तालियों की गड़गड़ाहट के बीच कहा, "हम यह दिखाना चाहते हैं कि अगर ऐसा कुछ होता है तो भारत बचा लेगा." राष्ट्रीय पुरस्कार विजेता अक्षय कुमार फिल्म निर्माताओं को वायु सेना और थल सेना की वीरता की कहानियां दिखाने के लिए प्रोत्साहित करने के लिए सरकार से संपर्क में हैं.
अपनी आगामी फिल्म के लिए जॉर्डन, अबू धाबी, स्कॉटलैंड और भारत में शूटिंग के बाद एक बात तो तय है कि अक्षय और श्रॉफ एक-दूसरे के पेशेवर रवैए, अनुशासन और शारीरिक चुस्ती-दुरुस्ती तथा हुनर से चमत्कृत हैं. अक्षय ने श्रॉफ के स्टंट करने से पहले उनके वार्म अप होने के लिए तारीफ की, तो श्रॉफ ने उन्हें इंडस्ट्री का "ओरिजिनल ऐक्शन हीरो" और भारत का अपना टॉम क्रूज बताया.