सर्वश्रेष्ठ नए वाइल्डलाइफ लॉज
जंगल में सैर करने के लिए आपको विलासिता की चीजों से दूर रहने की जरूरत नहीं है. बस इनमें से किसी एक ठिकाने पर रुकें

- शर्मिष्ठा चौधरी
बोरी सफारी लॉज, बोरी वाइल्डलाइफ सैंक्चुएरी, मध्य प्रदेश
इसमें मिनिमल, आधुनिक साज-सज्जा के साथ रतन (एक तरह का पाम) और लकड़ी जैसे प्राकृतिक तत्वों से सजाए गए आठ शानदार कॉटेज हैं. 7.5 एकड़ में फैला बोरी सफारी लॉज शहरी जीवन के कोलाहल से दूर आराम के लिए एक बढ़िया रीट्रीट है. यह बोरी वाइल्डलाइफ सैंक्चुएरी से चंद मिनटों की दूरी पर स्थित है. जहांनुमा ग्रुप ऑफ होटल्स की ओर संचालित यह लॉज, मेहमानों को हरे-भरे, देहाती माहौल के बीच प्रकृति के साथ फिर से जुड़ने का मौका देता है. वाइल्डलाइफ सफारी और 4x4 गेम ड्राइव पर जाएं और किसी प्रकृतिवादी गाइड के साथ स्थानीय पेड़-पौधों और जीवों के बारे में जानें. इनहाउस स्पा और पूल में आत्मा को तृप्त करें और रेस्तरां में दावत करें जो फार्म-टू-टेबल पकवान परोसता है. गांव की सैर के दौरान स्थानीय संस्कृति का भी अनुभव करें, और धपाड़ा में वनवासियों के साथ मानवशास्त्रीय सैर पर जाएं. जन्नत के उस हिस्से का तजुर्बा लें जो सोशल मीडिया के जमाने में अब भी रडार के नीचे है.
ताज कॉर्बेट रिजॉर्ट ऐंड स्पा, रामनगर, उत्तराखंड
अनुभवी वाइल्डलाइफ प्रेमी 11 एकड़ में फैली और 75 कॉटेज शैली वाली इस प्रोपर्टी से अच्छी तरह वाकिफ हो सकते हैं. ताज कॉर्बेट रिजॉर्ट ऐंड स्पा ने मेहमानों की हर जरूरत को पूरा करने के लिए हाल ही में 11 भव्य सुइट्स के एक नए कलेक्शन का अनावरण किया है. इन नए सुइट्स में फर्श से छत तक फ्रेंच खिड़कियां और नदी की ओर प्रकृति की गोद में बैठने के लिए एक निजी जगह है. इन सुइट्स की रंगत मिट्टी जैसी है और इन्हें देहाती लुक देने के लिए प्राकृतिक सामग्रियों का इस्तेमाल किया गया है. इनकी सजावट हरे-भरे पत्तों से प्रेरित है, जिसमें हर डिजाइन का टुकड़ा स्वदेशी वनस्पतियों और जीवों का एक नमूना है. 11 सुइट्स में से नौ पहले से ही चालू हैं. वे अपने वाइल्डलाइफ सफारी का आनंद ले सकते हैं जो यादगार लम्हे हो सकते हैं.
चूंडा शिकार औदी, उदयपुर, राजस्थान
चूंडा शिकार औदी कभी रईसों की शिकारगाह हुआ करती थी जो अब नेचर रीट्रीट बन गई है. यहां हवाई मार्ग से आसानी से पहुंचा जा सकता है. वॉटर बॉडी के दोनो ओर दो आवास इकाइयों वाले सुइट्स से शानदार नजारा दिखता है. ये सभी सुविधाओं से सुसज्जित हैं, इनमें कस्टम-निर्मित फर्नीचर हैं और लग्जरी झलकाने के लिए कलात्मक रूप से सजाए गए हैं. इस प्रोपर्टी में वन्यजीव उत्साही लोगों के लिए घुड़सवारी और योग जैसे अन्य अनुभवों के बीच सफारी और प्रकृति की सैर, मछली पकड़ने और पक्षी देखने की सुविधा है. मेहमान अलग-अलग जगहों पर स्थानीय सामग्रियों से तैयार फाइन डाइनिंग और मील्स का मजा ले सकते हैं—पूल के किनारे ब्रेकफास्ट, शाम को लेपर्ड पॉइंट पर ड्रिंक या झील के किनारे प्राइवेट डिनर! विलासिता भरे सप्ताहांत का आनंद लें, और हां, यह बस एक उड़ान की दूरी पर है.
साज इन द फॉरेस्ट, पेंच, मध्य प्रदेश
पेंच नेशनल पार्क से सटा यह आलीशान बुटीक रिजॉर्ट—वही जंगल जिसने द जंगल बुक को प्रेरित किया था—शहर के माहौल से अलग सुकून की जगह है. इस इलाके की प्राकृतिक, शांत माहौल की प्रतीक 19 कमरों वाली इस प्रोपर्टी में तीन कैटेगरी के आवास हैं (सभी का नाम स्थानीय ऐतिहासिक वृक्ष प्रजातियों—महुआ, पलाश, साल के नाम पर रखा गया है). खूबसूरती के लिहाज से यह मनभावन है, और इसमें स्थानीय कला और संस्कृति के तत्वों को पिरोया गया है. इसके रेस्तरां का भोजन देसी और ग्लोबल क्यूजीन का मिश्रण है, जिसमें हर तरह के मेहमान के लिए कुछ न कुछ है. यह रिजॉर्ट अलग-अलग तरह की ऐक्टिविटीज की सुविधा देता है, जैसे सोच-समझकर बनाई गई जंगल सफारी, रहस्यमय जगह पर बैकवाटर सफारी या पास के गांव में मिट्टी के बर्तन बनाने का सेशन.
वायनाड वाइल्ड, लक्कीडी, केरल
अगर आप रेनफॉरेस्ट के बीच पेड़ों की चोटी से बाहर झांकना चाहते हैं, तो वायनाड वाइल्ड में अपनी इस ख्वाहिश को पूरी कर सकते हैं. यह सीजीएच अर्थ प्रोपर्टी उत्तरी केरल में प्रकृति की गोद में तैयार की गई है. बड़े-बड़े कमरे, जिनमें से हरेक में हरे पेड़ों के शानदार दृश्यों वाली बाल्कनी है, आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित हैं और ठंडी पहाड़ियां नेचुरल एयर कंडिशनिंग का काम करती हैं. जंगल में इनफिनिटी पूल अवास्तविक लगता है, रात की सफारी के दौरान आपकी मुलाकात अंधेरे में स्थानीय रात्रिचरों से होती है, और सबसे बढ़कर गाइडेड पैदल एक्सपीडिशन से स्थानीय जंगल की काफी जानकारी मिलती है. रोमांच के शौकीनों के लिए बांस राफ्टिंग और जिपलाइनिंग की व्यवस्था की गई है. इनहाउस शेफ के बनाए फ्रेश मील का मजा लें जो स्थानीय जायके से भरपूर होता है लेकिन अनुभवी सैलानियों के जायके के मुताबिक उसमें थोड़ा बदलाव कर दिया गया है.
द अनटेम्ड बांधवगढ़, बांधवगढ़, मध्य प्रदेश
बांधवगढ़ नेशनल पार्क के निर्जन जंगल के पास स्थित द अल्टीमेट ट्रैवलिंग कैंप का लग्जरी टेंटेड रिट्रीट देश के सबसे सुंदर जंगलों में से एक का पता लगाने के लिए आदर्श जगह है. जंगल के आरक्षित कोर जोन के सामने 16 एकड़ निजी भूमि पर स्थित प्रत्येक लग्जरी तम्बू (उनके पास 10 हैं) को शानदार ढंग से डिजाइन किया गया है और घर से दूर शांतिपूर्वक रहने के लिए सुविधाओं से पूरी तरह सुसज्जित है (स्टेशनरी के साथ एक राइटिंग डेस्क सहित). चिड़ियों की आवाज सुनने के लिए सुबह उठें और फिर प्रमुख बाघ क्षेत्र में सफारी के लिए निकल पड़ें. दिन भर की रोमांचक गतिविधियों के बाद, स्पा में तरोताजा हो जाएं या गजेबो से जंगल को देखें, कैंप के मल्टी-क्यूजीन रेस्तरां में अल फ्रेस्को भोजन का आनंद लेने से पहले बिलियर्ड्स का एक राउंड खेलें. यह कैंप बटलर सेवाओं और क्यूरेटेड यात्राओं की सुविधा भी प्रदान करता है.
आलिया जंगल रिट्रीट ऐंड स्पा, बंदरजुध, उत्तराखंड
यह बिल्कुल नया लग्जरी टेंटेड रिजॉर्ट राजाजी नेशनल पार्क के नजदीक हिमालय की तलहटी में स्थित है. क्लेरिजेज कलेक्शन पोर्टफोलियो की यह सबसे नई प्रोपर्टी 50 एकड़ में फैली हुई है, जिसमें 11 तम्बू वाले आवास हैं और उन्हें शाही अंदाज में सजाया गया है. आलिया जंगल रिट्रीट ऐंड स्पा का शांत, संयमित सॉफिस्टीकेशन मेहमानों के लिए आकर्षक माहौल बनाता है.
जाने-माने प्रकृतिवादियों के नेतृत्व में प्रकृति की सैर और सफारी के अलावा, यह रिट्रीट घुड़सवारी, तीरअंदाजी और गोल्फ जैसी गतिविधियों का अवसर प्रदान करता है. मेहमान आम के पेड़ों के नीचे विशेष पिकनिक का आनंद ले सकते हैं या स्विमिंग पूल में आराम कर सकते हैं, स्पा ट्रीटमेंट से तरोताजा हो सकते हैं या प्रकृति के बीच योग का अभ्यास कर सकते हैं.