सिनेमा का सच्चा सम्राट
अमेरिकी टैलेंट एजेंसी क्रिएटिव आर्टिस्ट एजेंसी के साथ करार के बाद लगता है कि वे क्रॉसओवर या कि देश-विदेश के फिल्मकार बन जाएंगे.

ऊंचे और असरदार : रसूखदार
29 एस.एस. राजमौलि, 49 वर्ष,
फिल्मकार
क्योंकि बाहुबली फिल्मों की हैरतअंगेज कामयाबी को उन्होंने आरआरआर (2022) से आगे बढ़ाया. इससे उन्हें ऐसा उछाल मिला कि वे सीधे अंतरराष्ट्रीय प्रसिद्धि के फलक पर जा पहुंचे.
नाटु नाटु गाने ने सोशल मीडिया पर डांसिंग का जबरदस्त क्रेज पैदा कर दिया और फिल्म बनाने की उनकी धुन देखकर हॉलीवुड ने दांतों तले उंगली दबा ली
क्योंकि उनका नाम अब अखिल भारतीय सिनेमा का पर्याय बन गया है. एस.एस. राजमौलि की फिल्म अब अपने आप में एक घटना होती है. वह तीन या चार साल में एक बार आती है, पर जब भी आती है, तो अदाकार छोटी-मोटी भूमिकाओं में भी (पढ़ें, आलिया भट्ट और अजय देवगन) उनके साथ काम करने के लिए कतार में खड़े हो जाते हैं. और दर्शक तो खैर उनकी फिल्मों का इंतजार करते ही हैं
क्योंकि अमेरिकी टैलेंट एजेंसी क्रिएटिव आर्टिस्ट एजेंसी के साथ करार के बाद लगता है कि वे क्रॉसओवर या कि देश-विदेश के फिल्मकार बन जाएंगे. जापान जैसे देशों और नेटफ्लिक्स पर आरआरआर की कामयाबी ने राजमौलि को ग्लोबल ब्रांड बना दिया. वर्ष 2022 में इसका हिंदी वर्जन सबसे ज्यादा देखी जाने वाली सिनेमा कृतियों में शुमार हो गया
कॉमिक्स का चस्का अमर चित्र कथा कॉमिक्स के अलावा राजमौलि को विल्बर स्मिथ के उपन्यास पढ़ना बेहद पसंद है. वे कहते हैं, ''उनकी कृतियों में बड़ेपन और विस्तार का जो बोध है वह मुझे अच्छा लगता है. उनमें जज्बात भी जबरदस्त होते हैं.’’
क्योंकि उन्होंने दो हीरो वाली फिल्म की अपनी अपील साबित कर दी. दो तेलुगु सुपरस्टार्स परदे पर साथ आने के लिए राजी हो जाएं, इसके लिए इस निर्देशक पर भरोसा रखें.