विशेषांकः शायराना अंदाज

राम माधवनी के साथ पुनीत की पहली फिल्म धमाका आई. वे उनके साथ एक और फिल्म लिख रहे हैं.

पुनीत शर्मा
पुनीत शर्मा

नई नस्ल 100 नुमाइंदे/सिनेमा

पुनीत शर्मा, 33 वर्ष
गीतकार/पटकथा लेखक

इंदौर में अपनी कविताओं पर वाहवाही बटोरने के बाद वे बॉलीवुड में अपना करियर बनाने 2012 में मुंबई आए. 2013 में यशराज बैनर की औरंगजेब फिल्म में गाने लिखने का मौका मिला. अनुभव साझा करते हुए पुनीत कहते हैं, ''यहां सिर्फ अच्छे गाने लिखने से काम नहीं चलता. फिल्म नहीं चली तो गाने बहुत लोगों तक पहुंचते ही नहीं हैं.’’

इससे पुनीत निराश भी नहीं हैं. वे बताते हैं, ''काफी लोगों तक मेरा काम पहुंचाया बरेली की बर्फी ने. संजू ने कमर्शियल सक्सेस दी. मेरे गाने क्लास के साथ मास भी सुन रहा है.’’ उन्होंने रिवॉल्वर रानी, लाल कप्तान और गुलाबो सिताबो के साथ अब तक 50 से ज्यादा गाने लिखे हैं. पुनीत आयुष्मान खुराना की डॉक्टर जी, सिद्धार्थ राय कपूर और तापसी पन्नू की फिल्मों के गाने लिख रहे हैं.

हरिशंकर परसाई और मुक्तिबोध से प्रभावित पुनीत ने खुद को गाने तक सीमित नहीं रखा. उन्होंने पटकथा लेखन में भी हाथ आजमाना शुरू कर दिया. पुनीत कहते हैं, ''मेरे हिसाब से स्क्रिप्ट राइटिंग पोएट्री के काफी करीब है.

पोएट्री में बिंब पनपता जाता है उसी तरह स्क्रिप्ट को देखता हूं.’’ राम माधवनी के साथ पुनीत की पहली फिल्म धमाका आई. वे उनके साथ एक और फिल्म लिख रहे हैं. तिग्मांशु धुलिया की वेबसीरीज लिखी है. यह इसी साल रिलीज होगी.

पुनीत भविष्य में विशाल भारद्वाज की तरह अपनी फिल्म में अपनी मर्जी के गाने लिखना चाहते हैं. वे कविता अब भी लिख रहे हैं. उसमें उनके सवाल, बेचैनी और गुस्सा होता है. हाल में उनकी एक कविता तुम कौन हो बे वायरल हुई थी.

ग्लानि यशराज की फिल्म की साइनिंग एमाउंट से वे महंगे जूते खरीद लाए. घर पर दोबारा बिल देखा तो पता लगा कि जूते की कीमत उनके पिता की एक महीने की सैलरी से भी ज्यादा थी. इस बात से उन्हें इतनी ग्लानि हुई कि वे जूते उन्होंने आज तक नहीं पहने.

''मेरे हिसाब से स्क्रिप्ट राइटिंग पोएट्री के काफी करीब है. मैं स्क्रिप्ट को पोएट्री की तरह देखता हूं’’

Read more!