विशेषांकः खुशी जीवन को संतुलित करती है
खुश रहने की कोशिश करना एक कसरती काम की तरह है. अगर हमें ब्रह्मांड में विश्वास और यह भरोसा है कि वहां कुछ अच्छा है, तो आप उसे देखना शुरू कर देते हैं

खुशी जीवन को संतुलित करती है, मेरा संगीत, जो मेरा जुनून और पेशा है, मेरी पत्नी जया, दो बच्चे, मेरी मां, मेरे दोस्त-दशकों से इन सबके बीच संतुलन से मुझे खुशी मिलती है. ये सभी एक व्यक्ति के रूप में भी मेरे विकास का एक बड़ा हिस्सा रहे हैं.
खुश रहने की कोशिश करना एक कसरती काम की तरह है. अगर हमें ब्रह्मांड में विश्वास और यह भरोसा है कि वहां कुछ अच्छा है, तो आप उसे देखना शुरू कर देते हैं. मुझे अपने दोस्तों के साथ मस्ती करना पसंद है और हम अक्सर फिल्में देखने जाते हैं और पुराने दिनों की तरह थोड़ा चिल्लाते हैं. दोस्तों के साथ घूमना हमेशा खुशी की बात होती है, क्योंकि वे यह नहीं देखते कि आप पेशेवर रूप से कौन हैं, बल्कि व्यक्ति के रूप में आप कौन हैं''
बिक्रम घोष, तबला वादक
''मुझे वास्तव में प्रसन्न करने वाला भोजन वह है जो दिल से पकाया जाता है, जिसके पीछे किसी को तृप्त करने का भाव होता है. किसी फैंसी रेस्तरां में खाने की बजाए मुझे किसी के घर में मेहमान के रूप में खाकर ज्यादा खुशी होगी. मेरे कोचीन वाले घर में पके खाने की तो बात ही मत पूछिए.
मैं चाहे किसी रेस्तरां की रसोई में होऊं या पूरे भारत में नए भोजन की खोज में यात्रा कर रहा होऊं, मैं बस सकारात्मक लोगों और अनुभवों से घिरा रहना चाहता हूं. भावनात्मक, बौद्धिक, आध्यात्मिक रूप से निरंतर विकास की स्थिति में रहना चाहता हूं'
थॉमस जकारियाज, शेफ
''मेरे लिए खुशी वह है, जब आप अपने जीवन और अपने आस-पास के लोगों को देखते हैं और भीतर एक गहरा कृतज्ञता भाव महसूस करते हैं...मैं अपने काम से अपनी खुशी प्राप्त करता हूं, अपने बेटों, माता-पिता और दोस्तों के साथ अच्छा समय बिताता हूं और पढ़ाई, लिखाई, यात्रा, गोल्फ, बागवानी, योग / ध्यान और आध्यात्मिक खोज जैसे गैर-पेशेवर दिलचस्पियों में खुशी महसूस करता हूं''
संदीप अग्रवाल, संस्थापक और सीईओ, ड्रूम टेक्नोलॉजी