क्यों महत्वपूर्ण है आपका क्रेडिट स्कोर
आपका क्रेडिट स्कोर आपकी ऋण प्रबंधन क्षमताओं को दर्शाता है. इससे कर्जदाताओं को यह पता चलता है कि लोन लेने वाले के रूप में आप कितने भरोसेमंद हैं

अगर आप कई दूसरे लोगों की तरह पैसा उधार लेना चाहते हैं, तो आपका क्रेडिट स्कोर आपके वित्तीय जीवन में महत्वपूर्ण संख्या बन जाता है. सीधे शब्दों में, क्रेडिट रेटिंग यह दर्शाती है कि संभावित कर्जदार के रूप में आप कितने क्रेडिट योग्य हैं. इस स्कोर की गणना आपके क्रेडिट इतिहास के संयोजन पर विचार करने के बाद की जाती है. इसमें कुल लोन, क्रेडिट खातों की संख्या, क्रेडिट कार्ड बिल, क्रेडिट उपयोग की जानकारी और पुनर्भुगतान इतिहास शामिल होता है. आजकल उधार लेने के लिए या क्रेडिट कार्ड के लिए आवेदन करने से पहले आपके क्रेडिट स्कोर की जांच करने के लिए यह भी ध्यान में रखा जाता है कि आपने इसके बारे में कितनी बार पूछताछ की है.
भारतीय रिजर्व बैंक (आरबीआइ) ने भारत में पहली क्रेडिट सूचना कंपनियों में से एक ट्रांसयूनियन क्रेडिट इन्फॉर्मेशन ब्यूरो (इंडिया) लिमिटेड (सीआइबीआइएल या सिबिल), सीआरआइएफ हाइमार्क, एक्सपीरियन और इक्विफैक्स जैसी क्रेडिट सूचना कंपनियों को बैंकों और लोन देने वाली दूसरी संस्थाओं के लिए स्कोर तैयार करने की खातिर लाइसेंस दिया है. ये कंपनियां स्कोर के आधार पर किसी व्यक्ति या व्यवसाय के लोन आवेदन का मूल्यांकन करती हैं. कंपनी के आधार पर स्कोर 300 से 900 के बीच होता है, और आपका वास्तविक स्कोर अंतत: यह निर्धारित करता है कि कोई ऋणदाता आपको संभावित लोन लेने वाले के रूप में कैसे देखता है.
> क्रेडिट स्कोर का इस्तेमाल
आप अपना क्रेडिट स्कोर हासिल करने के लिए अपने बैंक या कई ऑनलाइन प्लेटफॉर्म सहित किसी अन्य वित्तीय इकाई से जांच सकते हैं. इसके लिए आपसे आपका पैन और दूसरे अन्य ब्योरे मांगे जा सकते हैं. अक्सर क्रेडिट ब्यूरो अतिरिक्त जानकारी मांगते हैं और आपको आपका स्कोर मेल कर सकते हैं. आप एक साल में एक बार नि:शुल्क क्रेडिट स्कोर मांग सकते हैं, लेकिन लगातार बार-बार मांगने पर आपका ब्यूरो आपसे शुल्क मांग सकता है. लिहाजा, अगर आपका क्रेडिट स्कोर अच्छा नहीं है तो आप इसे सुधारने पर काम कर सकते हैं और लोन के लिए आवेदन करने से पहले उसकी समीक्षा कर सकते हैं.
> क्रेडिट स्कोर कैसे मदद करता है?
नए क्रेडिट कार्ड, पर्सनल लोन, होम लोन या किसी दूसरी तरह के लोन के लिए आवेदन करने से पहले अपना स्कोर जानना जरूरी है. आपके स्कोर से यह अंदाजा लग जाता है कि आप लोन के मानक दरों के योग्य हैं या आपको प्रीमियम देना होगा. आपका स्कोर यह भी तय कर सकता है कि आपका ऋण स्वीकृत हुआ है या नहीं. हकीकत तो यह है कि उधार लेने की जरूरत पड़ने से काफी पहले ही अपना स्कोर जानने से आपको इसे सुधारने का मौका भी मिलता है.
अपना स्कोर सुधारें
> सुरक्षित और असुरक्षित ऋण का स्वस्थ मिश्रण रखें
> क्रेडिट कार्ड बिलों का समय पर और पूरा भुगतान करें
> नए लोन के लिए आवेदन से पहले दूसरे लंबित ऋण का भुगतान करें
> एक से ज्यादा लोन के लिए आवेदन न करें
> अपनी क्रेडिट कार्ड सीमा का बहुत अधिक उपयोग न करें और अपना क्रेडिट उपयोग अनुपात (सीयूआर) 30 फीसद के भीतर रखें.
> अगर आपका लोन आवेदन अस्वीकार कर दिया गया है, तो दोबारा आवेदन से पहले इंतजार करें. आवेदन लगातार खारिज होने से आपके स्कोर को नुक्सान पहुंच सकता है.
> जरूरी न हो, तो पुराने क्रेडिट कार्ड रद्द न करें, क्योंकि पुराने कार्ड ऋणदाताओं को आश्वस्त कर सकते हैं कि आप वक्त पर बिल भर रहे हैं
- नारायण कृष्णमूर्ति