विधानसभा चुनाव 2022ः एक साथ दो पार्टियों का चुनाव प्रचार

मुलायम परिवार की बहू अपर्णा यादव, रायबरेली की कांग्रेस विधायक रही अदिति सिंह के साथ प्रियंका मौर्य भी घर-घर जाकर भाजपा के पक्ष में प्रचार कर रही हैं.

बदल लिया पाला भाजपा का प्रचार करतीं प्रियंका मौर्य (बाएं) और अपर्णा यादव
बदल लिया पाला भाजपा का प्रचार करतीं प्रियंका मौर्य (बाएं) और अपर्णा यादव

उत्तर प्रदेश/ चुनावी हलचल

लखनऊ की रहने वाली और पेशे से होम्योपैथिक डॉक्टर 32 वर्षीया प्रियंका मौर्य एक साथ दो पार्टियों का चुनाव प्रचार कर रही हैं. कोरोना काल में समाज सेवा के जरिए अपनी पहचान बनाने वाली प्रियंका कांग्रेस की सक्रिय सदस्य थीं.

कांग्रेस ने 'शक्ति विधान’ नाम से जो महिला घोषणापत्र जारी किया था उसके कवर में कुल छह महिलाओं की फोटो है. उस कवर पर इन महिलाओं में सबसे आगे प्रियंका मौर्य की फोटो लगी हुई है. प्रियंका मौर्य लखनऊ की सरोजनीनगर विधानसभा सीट से कांग्रेस के टिकट पर दावेदारी कर रही थीं.

टिकट नहीं मिलने पर प्रियंका कांग्रेस छोड़कर भाजपा में शामिल हो गई हैं. भाजपा ने महिलाओं के बीच पार्टी का चुनाव प्रचार करने के लिए जिन तीन महिला नेताओं को चुना है उनमें प्रियंका मौर्य भी हैं.

मुलायम परिवार की बहू अपर्णा यादव, रायबरेली की कांग्रेस विधायक रही अदिति सिंह के साथ प्रियंका मौर्य भी घर-घर जाकर भाजपा के पक्ष में प्रचार कर रही हैं. वहीं दूसरी ओर, कांग्रेस कार्यकर्ताओं की ओर से महिलाओं के बीच बांटे जा रहे घोषणापत्र के कवर पर भी प्रियंका मौर्य की फोटो है.

Read more!