अभी जमा नहीं प्रशांत का रंग
किशोर ने बंगाल का दौरा करने के लिए 650 लोगों की एक टीम तैयार की है जो टीएमसी से लोगों का मोहभंग होने की वजहों की पहचान करेगी. पार्टी नेताओं को कहा गया है कि वे नाराज मतदाताओं से संपर्क साधें और उन्हें साथ जोड़ें.

लोकसभा चुनावों में भाजपा के हाथों तगड़ा झटका खाने के बाद तृणमूल कांग्रेस आलाकमान ने पार्टी का भविष्य सुधारने के लिए दिग्गज चुनावी रणनीतिकार प्रशांत किशोर की सेवाएं बेशक ली हैं, लेकिन लगता है, प्रशांत के चुनौतीपूर्ण मिशन की शुरुआत उथल-पुथल वाली रही है. टीएमसी के नेता इस बात से परेशान हैं कि उन्हें किशोर के निर्देशों पर चलना पड़ रहा है. किशोर ने पार्टी विधायकों से कहा है कि वे चुनाव क्षेत्रों में जाएं, घरों पर रात गुजारें और मतदाताओं का मन भांपें.
दक्षिण 24 परगना जिले के एक टीएमसी नेता ने अपना नाम जाहिर न करने की शर्त पर किशोर के बारे में कहा, ''बंगाल की राजनीति के मामले में एक नौसिखिया हमें बता रहा है कि हम कहां जाएं, क्या करें और कैसे चुनाव क्षेत्रों का ख्याल रखें. सर्वे के आधार पर वे कुछ लोगों को छांट रहे हैं और हमें उनसे मिलने का निर्देश दे रहे हैं.''
किशोर ने बंगाल का दौरा करने के लिए 650 लोगों की एक टीम तैयार की है जो टीएमसी से लोगों का मोहभंग होने की वजहों की पहचान करेगी. पार्टी नेताओं को कहा गया है कि वे नाराज मतदाताओं से संपर्क साधें और उन्हें साथ जोड़ें. लेकिन यह सब योजनानुसार चल नहीं पा रहा. सिलीगुड़ी के पास फांपड़ी गांव के शंकर बाग का कहना था, ''पर्यटन मंत्री गौतम देब आए थे.
वे रातभर यहां रुके, चाय पी, योग किया, हमें जमीन बेचने के लिए मजबूर कर रहे प्रोमोटर्स के खिलाफ हमारी शिकायतें सुनीं और बस, चले गए. फिर आगे कुछ नहीं हुआ.'' उत्तर बंगाल विकास मंत्री रबींद्रनाथ घोष उस जगह पर बमुश्किल तीस मिनट का वक्त बिता पाए जहां जाने को किशोर की टीम ने उनसे कहा था. 'जय श्री राम' का नारा लगाती भीड़ ने उन्हें उलटे पांव लौटने पर मजबूर कर दिया.
लोगों की इस तरह की प्रतिक्रिया से आशंकित कुछ टीएमसी नेता तो अब फोटोबाजी का सहारा ले रहे हैं. वे चयनित गांवों में जा रहे हैं, फोटो खिंचवाने के बाद खिसक जाते हैं. ये फोटो सोशल मीडिया पर इस्तेमाल के लिए किशोर की टीम के पास पहुंच जाते हैं. बांकुड़ा के एक टीएमसी नेता की शिकायत थी कि, ''किशोर ने 'कट-मनी का रिफंड' और 'दीदी के बोलो' (ममता से सीधे संपर्क करने का एक मंच) जैसे अभियान शुरू करके हमारी जिंदगी के लिए मुसीबत खड़ी कर दी है. लोग ऐसे पीछे पड़ जाते हैं मानो हम कोई चोर हैं.''
किशोर की बात की जाए तो उनके सामने चुनौती काफी बड़ी है. लोकसभा चुनावों में 40 फीसद वोट और 42 में से 18 सीटें यानी तृणमूल से महज चार सीटें कम, जीतकर भाजपा 2021 के राज्य विधानसभा चुनावों में ममता के लिए मुख्य प्रतिद्वंद्वी के रूप में उभरी है. किशोर की दिक्कतें इससे और बढ़ गई हैं कि उन्हें इस काम की जिम्मेदारी ममता के भतीजे अभिषेक बनर्जी ने दी थी, जबकि पार्टी में अभिषेक के खिलाफ असंतोष की दबी लहर चल रही है.
रबींद्र भारती विश्वविद्यालय में राजनीति विज्ञान के प्रोफेसर बिश्वनाथ चक्रवर्ती कहते हैं कि कोई अभियान छेडऩा और लोगों का विश्वास फिर से हासिल करना, दोनों अलग-अलग बातें हैं. चक्रवर्ती कहते हैं, ''लोगों को एहसास है कि ममता में आए बदलावों, जैसे झुग्गी बस्तियों का दौरा या टी-स्टॉल पर चाय बनाना आदि की पटकथा किशोर ने लिखी है. लोग भी इसे ऐसे ही देख रहे हैं कि ये अस्तित्व बचाने के तौर-तरीके हैं.''
टीएमसी प्रवक्ता पार्थ चटर्जी कहते हैं कि किशोर का प्रभाव केवल पार्टी नेताओं और पदाधिकारियों तक सीमित है. वे कहते हैं, ''ममता बनर्जी खुद दशकों से एक ब्रांड रही हैं. उन्हें अपनी रणनीति में बदलाव लाने या उसे सुधारने की जरूरत नहीं है.''
किशोर प्रशासन चलाने पर भी सलाहें दे रहे हैं, खास तौर पर इस बारे में कि समाज कल्याण योजनाओं को कैसे लागू किया जाए. नौकरशाहों को कहा जा रहा है कि 'दीदी के बोलो' के तहत आ रही शिकायतों को तरजीह दें. जुलाई में शुरू होने के बाद से इस हेल्पलाइन पर करीब चार लाख शिकायतें दर्ज हुई हैं जिनमें से केवल 750 का अब तक निवारण हुआ है. वह तो तब है जब 'दीदी को बोलो' फेसबुक पेज के विज्ञापन के लिए अगस्त तक 6.6 लाख रुपए और 'अमार गोरबो ममता' (ममता, हमारा गर्व) पेज के लिए 1.25 लाख रुपए खर्च किए जा चुके थे. एक प्रमुख सचिव का कहना था, ''ऐसा प्रतीत होता है कि कोई आउटसोर्स एजेंसी सेवा प्रदाता के रूप में अपनी छवि आगे बढ़ाने के लिए सरकारी मंच का इस्तेमाल कर रही है.''
किशोर की टीम के तीन सदस्य पहले टीएमसी नेताओं के असहयोग की शिकायत कर चुके हैं और छोडऩे की इच्छा जाहिर कर चुके हैं. टीम के कुछ भीतरी लोगों के अनुसार, आंतरिक सर्वे में, विधानसभा चुनावों में टीएमसी का प्रदर्शन खासा खराब रहने की आशंका जताई गई है.
किशोर की टीम के सदस्य तृणमूल कांग्रेस के नेताओं की ओर से सहयोग न मिलने की शिकायत कर रहे हैं
***