फुरसत-विलोम स्वर

गायन और एक्टिविज्म के बाद, टी.एम. कृष्णा धीरे-धीरे एक लेखक के रूप में अपनी आवाज बुलंद कर रहे हैं

राम केशव
राम केशव

चेन्नै के संगीतकार, कमेंटेटर, लेखक और एक्टिविस्ट थोडुर मदबुसी (टी.एम.) कृष्णा ने 2001 की शुरुआत में, द हिंदू में अपना पहला लेख लिखा; यह एक खंडन था: ''आई हैड टू एक्सप्रेस हाउ आइ फेल्ट (मुझे यह व्यक्त करना था कि मैंने कैसा महसूस किया)'' हालांकि, वे समय-समय पर लिखते रहे लेकिन उन्होंने कभी नहीं सोचा था कि वे एक स्तंभकार या लेखक बन जाएंगे.

कृष्णा, जिनके लिए संगीत की तरह लेखन एक अनुशासन का विषय बन गया है, कहते हैं, ''मुझे लगता है कि लेखन का विस्तार जीवन के साथ मेरे संवाद के रूप में हुआ. ईमानदारी से कहूं तो, शब्द के प्रति एक जुनून-सा हो गया और मैं तब तक नहीं रुकूंगा जब तक मैं किसी दिन उतनी गहराई तक नहीं चला जा जितना मैं जा सकता हूं.''

रेमन मैग्सेसे पुरस्कार और राष्ट्रीय एकता के लिए इंदिरा गांधी पुरस्कार विजेता कृष्णा की आवाज उनके संगीत और लेखन में (वे दो पुस्तकों के लेखक हैं और अभी मृदंगम पर अपनी तीसरी किताब सेबेस्टियन ऐंड संस लिख रहे हैं), चरित्र और दृढ़ विश्वास, सौंदर्य और शक्ति, व्यग्रता और विश्राम, विषयासक्ति और अधिकार, बुद्धिमता और विद्रोही स्वभाव जैसी बातों का जिक्र है. इसमें, परंपरा के प्रति सम्मान भी है लेकिन उससे परे जाकर देखने की उत्कंठा के साथ एक निरंतर खोज भी.

एक दशक से अधिक समय से कर्नाटक संगीत की रूढि़वादी दुनिया का यह विद्रोही कलाकार अनायास ही मानदंडों पर सवाल उठाता है. वे कहते हैं, ''प्रश्न करना गंभीर कार्य है, और यह कोई सनक नहीं है. यह उत्तर की तलाश नहीं करता है; यह स्पष्टता की उम्मीद करता है जो दूसरे प्रश्न की ओर ले जाता है.''

कृष्णा का प्रत्येक प्रदर्शन अनायास और सहज है, जो उनकी मौजूदा मनोदशा को प्रतिबिंबित करता है. ये उनके दर्शकों को एक पारंपरिक पुट में संगीत का अनुभव तो देते हैं, लेकिन कला की गतिशील प्रकृति से भी परिचित कराते हैं जबकि कभी-कभी उनका संगीत रीति को चुनौतियां देता है, अन्य समय में यह समकालीन, सामाजिक-सांस्कृतिक मुद्दों को दर्शाता है. वे अपनी सीमाओं के विस्तार का प्रयास कैसे करते हैं? वे बताते हैं, ''मैं 'सीमाओं को बढ़ाने' जैसी बात को ही नहीं मानता क्योंकि इससे लगता है कि यह आत्माहीन है.

क्या इसका मतलब यह है कि मैं दुर्लभ राग गाता हूं, जटिल रचनाएं प्रस्तुत करता हूं, अंकगणितीय गणनाएं करता हूं, मंच पर इंद्रजाल से दर्शकों को मंत्रमुग्ध करता हूं? इनमें से किसी भी चीज में मेरी रत्तीभर दिलचस्पी नहीं है. इसलिए, शायद मैं कोई नई सीमाएं नहीं तय कर रहा हूं.''

संगीत उनकी कई पहचानों को एक साथ पेश करता है. वे कहते हैं, ''हर बार जब मैं उस शाश्वत नोट को गाता हूं, तो मुझे एक इनसान के रूप में अपनी सीमाओं का स्मरण हो जाता है, जो मुझे आसपास की हर चीज के प्रति संवेदनशील बनाती है.'' कृष्णमूर्ति फाउंडेशन ऑफ इंडिया के छात्र, कृष्णा प्रकृति से प्रेम करते हुए और अपने परिवेश के प्रति संवेदनशील रहने का ज्ञान लिए बड़े हुए. हाल ही में वे चेन्नै में समुद्र के किनारे एक घर में रहने लगे हैं. वह भी 'संतोषप्रद' है. वे कहते हैं, ''यह कितना अद्भुत अनुभव है कि जैसे हम प्रकृति में बसना शुरू करते हैं, समय की गति धीमी हो जाती है.''

दो सप्ताह से अधिक समय से कृष्णा के फेसबुक प्रोफाइल पर कवर फोटो श्रीनगर की एक बंद और निर्जन सुनसान जामिया मस्जिद की है. ईद से ठीक पहले रायटर्स द्वारा शूट की गई तस्वीर, कृष्णा की पहचान को प्रतिरोध की आवाज के रूप में स्थापित करती है. कृष्णा कहते हैं, ''हमारी आंखों के सामने लोकतंत्र खत्म हो रहा है.''

एक हक्रते पहले 'मीटू आंदोलन', जिसने पिछले साल कर्नाटक संगीत बिरादरी को हिलाकर रख दिया, के परिणाम पर एक लेख में कृष्णा ने यौन उत्पीडऩ से बचे लोगों के लिए आगे आकर फेडरेशन ऑफ सिटी सभा की ओर से गठित आंतरिक शिकायत कमेटी में अपनी शिकायतें दर्ज कराने के लिए सुरक्षित वातावरण प्रदान करने और ठोस समाधान की कमी के बारे में लिखा.

वे कहते हैं. ''मुझे उम्मीद है कि हम यौन उत्पीडऩ और इसके साथ के भावनात्मक, शारीरिक और मनोवैज्ञानिक आघात के बारे में खुद को शिक्षित करके इसे बदल सकते हैं.''

कुछ हफ्ते पहले उन्होंने सोशल मीडिया पर एक स्मृति साझा की—पानी पूरी खाते एक युवा के रूप में अपनी तस्वीर. वे कहते हैं, ''उस चित्र का टी.एम. बहुत हद तक उन बातों से असहमत होगा जो मैंने आज आपसे कही हैं.'' वे यह भी कहते हैं, ''आज, मैं किसी पर हावी होने या विस्मय में डालने की लालसा नहीं रखता.''

***

Read more!