आसान नहीं उम्मीदवारों का चयन

हिमाचल में भाजपा जहां लोकसभा के दो चेहरों को बदलने का मन बना चुकी है, वहीं कांग्रेस वंशवादी नए चेहरों को आगे बढ़ा रही है.

हिमाचल प्रदेश में लोकसभा चुनाव के उम्मीदवार
हिमाचल प्रदेश में लोकसभा चुनाव के उम्मीदवार

हिमाचल प्रदेश में लोकसभा चुनाव के अंतिम चरण में 19 मई को चुनाव होने हैं. महज चार सीटों वाले इस प्रदेश में भाजपा और कांग्रेस, दोनों को ही प्रत्याशियों को लेकर काफी माथापच्ची करनी पड़ रही है. दोनों दल इस बात पर नजर रख रहे हैं कि किस दल का प्रत्याशी कौन है. भाजपा में जहां पुराने प्रत्याशियों में से दो को बदलने का मन पार्टी ने बना लिया है, वहीं कांग्रेस वंशवादी राजनीति के जरिए आगे बढ़ती दिख रही है.

हालांकि, दोनों दलों की चुनाव समितियों की बैठक अभी होनी है, लेकिन कांग्रेस के दिग्गजों की ओर से चुनावों से परहेज करने के बाद पार्टी नई और युवा चेहरे लॉन्च कर सकती है. यह उन कांग्रेस के दिग्गज और वरिष्ठ नेताओं की संतान हैं जो राज्य की राजनीति में पहले ही अपनी खासी पैठ बना चुके हैं.

इनमें पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह के बेटे विक्रमादित्य सिंह का नाम शामिल है. उनका नाम मंडी लोकसभा सीट से प्रस्तावित किया जा रहा है. वर्तमान में वे विधायक हैं. मंडी मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर का गृहक्षेत्र भी है और वहां से पहले वीरभद्र सिंह और फिर उनकी पत्नी प्रतिभा सिंह सांसद रह चुकी हैं. पूर्व मंत्री कर्ण सिंह के बेटे आदित्य सिंह ने भी कांग्रेस से टिकट के लिए आवेदन किया है. शिमला संसदीय क्षेत्र से विनोद सुल्तानपुरी भी कांग्रेस से टिकट के दावेदार हैं. विनोद पूर्व सांसद के.डी. सुल्तानपुरी के बेटे हैं.

इसी तरह अभिषेक राणा ने हमीरपुर संसदीय क्षेत्र से आवेदन किया है. उनके पिता राजेंद्र राणा ने भाजपा के घोषित मुख्यमंत्री प्रेम कुमार धूमल को हराकर इतिहास रचा था.

राजेंद्र राणा ने 2014 में अनुराग ठाकुर के खिलाफ चुनाव लड़ा था, लेकिन हार गए थे. इन दिग्गजों के अलावा बहुत-से नेताओं के बच्चे भी चुनाव लडऩा चाहते हैं.

पूर्व मंत्री जी.एस. बाली के बेटे रघुवीर बाली कांगड़ा से चुनाव लडऩे की तैयारी में हैं. वहीं, पूर्व मंत्री संतराम के बेटे सुधीर शर्मा भी कांगड़ा से चुनाव लडऩा चाहते हैं. हालांकि, वे 2017 में विधानसभा चुनाव हार गए थे.

कांग्रेस के वरिष्ठ और बड़े दिग्गज इसलिए भी लोकसभा चुनाव लडऩे में परहेज कर रहे हैं क्योंकि वे भविष्य में खुद के लिए प्रदेश के मुख्यमंत्री या अन्य वरिष्ठ पदों की संभावना देख रहे हैं.

हमीरपुर सीट से सुखवेंद्र सुक्खू, विपक्ष के नेता मुकेश अग्निहोत्री, मंडी से कौल सिंह, कांगड़ा से आशा कुमारी आदि भाजपा को मजबूत टक्कर दे सकते हैं. लेकिन ये सभी लोकसभा चुनाव लडऩे में दिलचस्पी नहीं दिखा रहे, बल्कि ये यह भी देख रहे हैं कि भाजपा के प्रत्याशी कौन होगा.

वहीं, भाजपा में भी प्रत्याशियों को लेकर एक राय नहीं बन रही है. मंडी से सांसद रामस्वरूप शर्मा को मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर नहीं बदलना चाह रहे, लेकिन पार्टी का एक तबका इनकी मुखालफत कर रहा है.

उम्र के लिहाज से 84 वर्षीय शांता कुमार पर एक राय नहीं बन पा रही, जबकि उन्होंने चुनाव लडऩे की इच्छा जताई है. कांगड़ा से गद्दी, ओबीसी, ठाकुर, ब्राह्मण आदि समुदाय के उम्मीदवार को लेकर पार्टी में मंथन हो रहा है.

इनमें विपिन परमार, दूलोराम, किशन कपूर, कृपाल परमार के नाम सामने आ रहे हैं. शांता कुमार का कांगड़ा से अलगाव चर्चा का विषय है, वहीं पार्टी में गुटबंदी के चलते लोग छिटके हुए हैं. मंडी निर्वाचन क्षेत्र से सुखराम के पोते आश्रय शर्मा और पूर्व सांसद महेश्वर सिंह की दावेदारी भी जता रहे हैं.

वहीं, हमीरपुर से प्रेम कुमार धूमल के बेटे अनुराग ठाकुर चुनाव लड़ेंगे. शिमला से वीरेंद्र कश्यप के प्रति नाराजगी के चलते वहां नए विकल्प को आजमाया जा सकता है.

अनुराग ठाकुर तीन बार लोकसभा चुनाव जीत चुके हैं. इससे पहले उनके पिता भी 1989 और 1996 में यहां से सांसद रहे हैं. भाजपा के वंशवादी राजनीति का यह पहला बड़ा उदाहरण है. लेकिन अनुराग ने खुद को राजनीति में बढिय़ा ढंग से स्थापित भी किया है.

वहीं, शांता कुमार पांच बार कांगड़ा से जीते हैं. हालांकि, उनके परिवार का कोई भी वारिस राजनीति में नहीं आया है. मंडी से रामस्वरूप शर्मा पार्टी के संगठन की पृष्ठभूमि से हैं.

शिमला में वीरेंद्र कश्यप 2009 और 2014 में सांसद चुने गए. हालांकि, पार्टी लोकसभा चुनाव प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नाम पर ही लड़ेगी, लेकिन 2014 में मिली जीत को भाजपा तभी बरकरार रख पाएगी जब उम्मीदवार भी सही चुने जाएंगे.

***

Read more!