मध्य प्रदेशः एक और यात्रा

शंकराचार्य के गुरु श्री गोविंदपाद का आश्रम ओंकारेश्वर में था. और उनकी प्राचीन गुफा आज भी वहां पर है. पूरी एकात्म यात्रा 35 दिनों की है, जिसमें प्रमुख रूप से गांव और शहर सम्मिलित होंगे.

धर्म ध्वजा एकात्म यात्रा के दौरान मुख्यमंत्री शिवराज सिंह संतों के साथ
धर्म ध्वजा एकात्म यात्रा के दौरान मुख्यमंत्री शिवराज सिंह संतों के साथ

आदि शंकराचार्य के जीवन संदेश को लोगों तक पहुंचाने के मध्य प्रदेश में इन दिनों एक यात्रा निकल रही है. इसका नाम है एकात्म यात्रा और यह यात्रा प्रदेश के चार स्थानों ओंकारेश्वर, उज्जैन, अमरकंटक और रीवा के पचमठा से 19 दिसंबर को एक साथ शुरू की गई. मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने इसकी शुरुआत उज्जैन से की. राज्य सरकार की इस यात्रा का मुख्य उद्देश्य आदि शंकराचार्य की प्रतिमा के लिए धातु संग्रह करना है.

2,175 किलोमीटर की यात्रा का समापन 22 जनवरी को ओंकारेश्वर में होगा. ओंकारेश्वर में सरकार आदि शंकराचार्य की 108 फुट की मूर्ति लगवाएगी और रिसर्च सेंटर भी खुलवाएगी. मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान का कहना है कि यात्रा के जरिए लोगों को 1,200 साल पहले के आदि शंकराचार्य के जीवन से परिचित कराना है. उन्होंने कहा, ''यह यात्रा समाज के हर व्यक्ति को एक-दूसरे के करीब लाएगी. इसका उद्देश्य सद्भवना भी है.

हर घर को इससे जोडऩा है.'' मंडला जिले में जब यह यात्रा पहुंची तो वहां की कलेक्टर सूफिया फारूकी चरण पादुका अपने सिर पर उठा कर चलीं. हालांकि कुछ लोगों ने इस पर आपत्ति की लेकिन सूफिया फारूकी ने कहा, ''यह एक सरकारी कार्यक्रम था इसलिए मैंने चरण पादुकाएं उठाई थीं. एक कलेक्टर होने के नाते सामाजिक समरसता के लिए कोशिश करने में कोई बुराई नहीं है.''

यात्रा इसलिए महत्वपूर्ण है क्योंकि  आदि शंकराचार्य यात्रा करते हुए नर्मदा और माहिष्मति नदियों के संगम पर आए थे. उनसे संबंधित ओंकरेश्वर, उज्जैन, पचमठा (रीवा) और अमरकंटक आज के मध्य प्रदेश में मौजूद है. शंकराचार्य के गुरु श्री गोविंदपाद का आश्रम ओंकारेश्वर में था. और उनकी प्राचीन गुफा आज भी वहां पर है. पूरी एकात्म यात्रा 35 दिनों की है, जिसमें प्रमुख रूप से गांव और शहर सम्मिलित होंगे.

इन 35 दिनों के दौरान 140 जन संवाद किए गए.  विपक्षी कांग्रेस के नेता अजय सिंह कहते हैं, ''हमारी संवैधानिक व्यवस्था विभिन्न धर्मों के प्रति निरपेक्ष भाव रखती है. ऐसे में किसी एक धर्म के आयोजन में अगर सरकारी अफसर जाते हैं तो इससे लोगों का सरकार और व्यवस्था से भरोसा उठता है, जो लोकतंत्र के लिए खतरनाक है.''

Read more!