मोबाइल फोन पर खुद खोल लें बैंक खाता

स्मार्टफोन के बढ़ते इस्तेमाल को देखते हुए बैंक भी खाता खोलने के नए पैंतरे आजमा रहे.

डिजिटल बैंक खाता
डिजिटल बैंक खाता

जिस तरह स्मार्टफोन का चलन बढ़ रहा है, उसे भुनाने के लिए बैंकों ने एक नई पेशकश शुरू की हैः डिजिटल बैंक खाता. यह खाता आप स्मार्टफोन पर ऐप के जरिए खोल सकते हैं और आपको बैंक की शाखा में जाने की भी जरूरत नहीं. आप इससे किसी भी समय लेन-देन और ऑनलाइन खरीदारी भी कर सकते हैं. इसे शुरू करना बेहद आसान है. बस आपको पैन नंबर और आधार नंबर का इस्तेमाल करके केवाइसी (नो योर कस्टमर) की औपचारिकताएं पूरी करनी होंगी, और खाता खुल जाएगा. आइए, जानते हैं डिजिटल बैंक खाते के तमाम पहलू.

न्यूनतम बेलेंस
डिजिटल बैंक खाते के लिए न्यूनतम बैलेंस की कोई जरूरत नहीं है. डीबीएस बैंक की केवल मोबाइल पर मिलने वाली सेवा डिजिबैंक और पिछले महीने शुरू कोटक महिंद्रा बैंक का '811' डिजिटल बैंक खाता इसकी दो मिसालें हैं.

शुल्क
ऑनलाइन मनी ट्रांसफर (आइएमपीएस, एनईएफटी और आरटीजीएस) मुफ्त हैं. डिजिटल बैंक खातों के साथ वर्चुअल वीजा डेबिट कार्ड भी मिलता है. हालांकि कुछ सेवाओं के लिए बैंक शाखा के खातेधारकों की तरह शुल्क देना होता है. मसलन, 811 के खाताधारक डेबिट कार्ड रखने के लिए एक शुल्क देते हैं. वे इस कार्ड का इस्तेमाल मर्चेंट आउटलेट पर कर सकते हैं. पर एटीएम से मुक्रत लेन-देन सामान्य खाताधारकों के समान ही होता है.

लेन-देन की सीमा
डिजिटल खातों में लेन-देन की सीमाएं हैं, जैसे-शाखा के जरिए एनईएफटी, आरटीजीएस की अनुमति नहीं होगी. साथ ही बैंक की शाखा पर नकद रकम निकालने की भी अनुमति नहीं होगी. मसलन, कोटक के 811 खाते में एक महीने में केवल एक बार 10,000 रु. तक जमा करने की अनुमति है. इसके बाद आपको प्रति 1,000 रु. पर 3.5 प्रतिशत का शुल्क देना होगा, जो न्यूनतम 50 रु. होगा.

ब्याज दर
रिजर्व बैंक के दिशा-निर्देशों के मुताबिक, डिजिटल बैंक खाताधारकों को वही ब्याज मिलेगा, जो सामान्य खाताधारकों को शाखाओं पर मिलता है. उदाहरण के लिए, कोटक महिंद्रा बैंक का 811 बैंक खाता एक लाख से 5 करोड़ रुपए के बैलेंस पर एक वर्ष में 6 प्रतिशत का ब्याज देता है. एक लाख रुपए से कम के बैलेंस पर ब्याज दर 5 प्रतिशत है और 5 करोड़ रुपए से ऊपर 5.5 प्रतिशत है. सामान्य या नियमित खाताधारकों के लिए भी यही ब्याज दर है.

Read more!