'बेहद नाटकीय है दादा लखमीचंद का जीवन’

पंडितजी के पौत्र विष्णुदत्त कौशिक और कई परिजनों ने रोल किए हैं. चरित्र के अनुरूप केवल दो कलाकार बाहर से हैं.

पंडित लखमी चंद
पंडित लखमी चंद

लगान, गंगाजल और गैंग्स ऑफ वासेपुर जैसी करीब डेढ़ सौ फिल्मों अभिनय कर चुके यशपाल शर्मा मूलत: हिसार (हरियाणा) के हैं. हरियाणा के कालिदास और शेक्सपियर कहे जाने वाले चर्चित कवि पंडित लखमी चंद पर उन्होंने बड़े जज्बे और व्यापक तैयारी के साथ दादा लखमी नाम से बायोपिक बनाई है. इसमें मुख्य भूमिका निभाने के अलावा वे इसके निर्देशक और सह निर्माता हैं. उनसे बातचीत:

  दादा लखमीचंदपर फिल्म निर्माण का ख्याल कैसे आया?
नाना पाटेकर की मराठी फिल्म नट सम्राट से बहुत प्रभावित हुआ था. वैसी ही फिल्म बनाने की सोच रहा था. तभी मेरे एक अभिनेता मित्र ने दादा लखमी चंद का किरदार सुझाया तो मैं शोध में लग गया: दर्जन भर किताबें और शोध पत्र पढ़ डाले.

2016 से ही लगा था. कई फिल्में छोड़ दीं, बड़ा घाटा उठाना पड़ा. दादा की जिंदगी नाटकीयता से भरपूर है. बचपन में कुएं में उलटा लटकर रियाज करते थे. उनका पूरा संगीतमय जीवन शुरू में अभावों में गुजरा. बाद में कामयाबी मिली तो कुछ ऐसा घटा कि आखिरी पड़ाव एकांतवास में गुजारना पड़ा. 

  कलाकारों और शूटिंग वगैरह के बारे में बताइए. राज्य सरकार से कोई मदद मिली?
सारे कलाकार हरियाणा से हैं. मेघना मलिक हैं और मैं खुद मुख्य भूमिका में हूं. पंडितजी के पौत्र विष्णुदत्त कौशिक और कई परिजनों ने रोल किए हैं. चरित्र के अनुरूप केवल दो कलाकार बाहर से हैं. सारी शूटिंग सिरसा, सोनीपत, भिवानी-रोहतक के गांवों में और थोड़ी-सी हरिद्वार में हुई है. हरियाणा सरकार से कोई मदद नहीं मिली.

पहली बार कोई हरियाणवी फिल्म 2.5 करोड़ रु. की लागत और विश्वस्तरीय टेक्नीक से बनी है. ये पैसे मैंने और दोस्त रवींद्र राजावत ने लगाए हैं. दादा के जीवन को दो-ढाई घंटे में उतारना उनके चरित्र के साथ नाइंसाफी होती, इसलिए फिल्म दो भाग में बनी है. पहले भाग में बचपन और संगीत के प्रति उनके लगाव तथा दूसरे भाग में संगीतमय सफर, जीवन का उतार-चढ़ाव और एकाकीपन है.

  कब तक रिलीज होने की संभावना है?
पहला भाग अब तक आ चुका होता पर कोरोना ने सारा शेड्यूल बिगाड़ दिया. स्थिति सामान्य हुई तो अगले मार्च में पहला भाग रिलीज हो जाएगा. और तब तक कोराना न खिसका तो इसे ओटीटी पर रिलीज कर देंगे. पर उससे पहले आमिर खान और प्रकाश झा जैसे मंझे अभिनेताओं, निर्देशकों को दिखाने की योजना है.

Read more!