अनुराग कश्यपः भोंपू थोड़े बनना है!
उनके ट्विटर एकाउंट पर सरसरी नजर डालें तो पाएंगे कि अनुराग कश्यप स्थापित व्यवस्था की धारा के विरुद्ध खड़े दिखाई देते हैं. लेकिन इस फिल्मकार का कहना है कि नोटबंदी की पृष्ठभूमि पर बनी नेटफ्लिक्स की फिल्म चोक्ड का निर्देशन करते हुए उन्होंने कहानी की प्रस्तुति में अपनी राजनैतिक सोच का दखल नहीं होने दिया है.

उनके ट्विटर एकाउंट पर सरसरी नजर डालें तो पाएंगे कि अनुराग कश्यप स्थापित व्यवस्था की धारा के विरुद्ध खड़े दिखाई देते हैं. लेकिन इस फिल्मकार का कहना है कि नोटबंदी की पृष्ठभूमि पर बनी नेटफ्लिक्स की फिल्म चोक्ड का निर्देशन करते हुए उन्होंने कहानी की प्रस्तुति में अपनी राजनैतिक सोच का दखल नहीं होने दिया है
● नोटबंदी की पृष्ठभूमि पर कोई फिल्म बनने में इतना लंबा समय आखिर क्यों लगा?
वक्त बदल गया है. लोग शायद अब मन की बात जाहिर करने से बचते हैं. हमें यह कहानी फिक्की स्क्रिप्ट बाजार में 2015 में मिली थी. उस समय यह एक शादी की कहानी थी: एक बीवी जिसने अपने सपनों का पीछा करना छोड़ दिया है और एक अकड़ू शौहर जो इससे चिपका हुआ है पर है निखट्टू.
कहानी की बुनियाद अच्छी थी पर उसमें वह धार नहीं थी. तभी नोटबंदी हो गई, जिसके बाद अचानक मुझे लगा कि अब यह कहानी सार्थक हो सकती है. मैंने इसके किरदारों पर अपनी सियासी सोच का प्रभाव नहीं पडऩे दिया है, न ही नोटबंदी को लेकर अपनी राय थोपने की कोशिश की है.
● क्यों?
एक फिल्मकार को उस समय का निरपेक्ष इतिहासकार होना चाहिए. उसका काम प्रोपेगंडा करना नहीं है. सारे चरित्र स्वतंत्र होने चाहिए, उनमें हर कहीं निर्देशक नहीं बैठा होना चाहिए, हालांकि उसका थोड़ा-बहुत तो प्रवेश हो सकता है. स्क्रीनराइटर निहित भावे से मैं स्पष्ट कह चुका था कि मैं सईं परांजपे की थ्रिलर जैसी फिल्म बनाना चाहता हूं.
हर कोई अलग-अलग तरह से टिके रहने और पैसे का हिसाब-किताब करने की कोशिश करता है. सरिता (सैयामी खेर) की राजनीति या मोदी के बारे में अपनी कोई राय नहीं है. वह बस बैंक के सामने घंटों लाइन लगाने से परेशान है.
● मुक्काबाज और मनमर्जियां के बाद चोक्ड एक के बाद एक तीसरी ऐसी फिल्म है जिसका प्लॉट किसी दूसरे कहानीकार का है. क्या यह महज संयोग है?
पहले मैं इसके लिए राजी नहीं था. लेकिन अपनी कहानी पर काम करने में हमेशा अपनी ही सोच का शिकार बनकर रह जाने का खतरा रहता है. मैं इस जाल में फंसता जा रहा था. लोग सोचते थे कि यह तो गैंगस्टर फिल्में ही बना सकता है.
मैं अब दूसरों की कहानियों पर फिल्म बनाना और उसे उनकी अनुमति और मौजूदगी में पेश करना चाहता था. मेरे सभी कहानीकार सेट पर एडिटिंग और कुछ नए हेरफेर के समय मेरे साथ होते हैं. मैं खुद भी एक कहानीकार रहा हूं, इसलिए जानता हूं कि वे अपनी कहानी को किस तरह समझते हैं जो मैं नहीं समझ सकता.
● मल्टीप्लेक्स वाले इस बात से खुश नहीं हैं कि फिल्मकार दूसरे रास्तों से सीधे अपनी फिल्में रिलीज कर रहे हैं.
इससे पहले हमने ऐसी स्थिति कभी नहीं देखी थी और इस समय भविष्य को लेकर कुछ नहीं कहा जा सकता. हमें समय के अनुसार खुद को ढालना होगा. इस तरह के हालात में ऑनलाइन प्लेटफॉर्म ही आपका मनोरंजन कर रहे हैं.
इस स्थिति में मुसीबत का सामना कर रहे बाकी लोगों यानी दिहाड़ी मजदूरों के मुकाबले हम कहीं बेहतर स्थिति में हैं. मुझे नेटफ्लिक्स पर अपनी फिल्म के लिए ज्यादा बड़ा दर्शक वर्ग मिल गया है. नेटफ्लिक्स पर कहीं ज्यादा लोगों ने मेरी फिल्म देखी है.
***