अगर भाजपा को पांच साल और मिल जाते हैं तो मेरे देश को भगवान बचाए
पंजाब के मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह ने चंडीगढ़ में आयोजित इंडिया टुडे स्टेट ऑफ द स्टेट कॉन्क्लेव में ग्रुप एडिटोरियल डायरेक्टर राज चेंगप्पा के साथ राज्य और देश के सामने मौजूद तमाम मुद्दों पर खुलकर बातचीत की. इंदिरा गांधी की शख्सियत से लेकर राहुल गांधी के काम करने के तरीके को उन्होंने इंडिया टुडे से साझा किया. संपादित अंशः

मार्च 2017 में मुख्यमंत्री बनने के बाद दो साल होने को आए. यह कार्यकाल आपके पिछले कार्यकाल से किस तरह अलग है?
पहला कार्यकाल तो सरकार के काम करने के तरीके सीखने में ही गुजर गया था. अब आपको कई महीनों तक इंतजार नहीं करना पड़ता, आप पहले दिन से ही शुरू कर देते हैं.
राज्य को संभालना कुछ मामलों में मुश्किल लगा?
हां, हम दिवालिया थे. हमारे पास पैसा नहीं था, जबकि पिछली बार ऐसा नहीं था. हमें कर्मचारियों की तरफ से परेशानियों का सामना करना पड़ा क्योंकि उन्हें तनख्वाह के ढांचे से बदलकर स्टाइपेंड आधारित ढांचे में ले आया गया था. मुझे 40,000 कर्मचारियों को नियमित करना पड़ा. जब मैं विश्वविद्यालयों के दौरे पर गया तो डर गया और मैंने पाया कि पंजाब एग्रीकल्चर यूनिवर्सिटी में या एनिमल ऐंड हस्बैंडरी यूनिवर्सिटी में वैज्ञानिक ही नहीं हैं. इस सबकी अकेली वजह है पैसा. चीजों को दुरुस्त करने में हमें वक्त लगा. ऐसा नहीं है कि हालात अब बेहतर हैं, पर हम उजला पहलू बेशक देख पा रहे हैं.
जब आपने कमान संभाली उस वक्त राज्य अगर दिवालिया था, तो आपने अपने चुनाव अभियान के दौरान किए गए रोजगार, किसान कर्जमाफी, नौजवानों को मोबाइल देने के वादों पर अमल कैसे किया?
हमने शुरुआत की 2,16,000 करोड़ रु. के कर्ज से. मगर हां, हम अपने वादे पूरे कर रहे हैं. हमने 6,25,000 नौकरियां पैदा की हैं, केवल सरकारी क्षेत्र में ही नहीं, निजी क्षेत्रों में भी. हम स्टार्ट-अप की सहायता भी कर रहे हैं. फिर 5,83,000 किसानों को हम 4,736 करोड़ रु. दे सके जो हरेक किसान को उसके कर्ज में 2 लाख रु. तक की राहत के लिए थे. मैं जानता हूं कि 2 लाख रु. कोई समाधान नहीं है, मगर एक शख्स को 17 रु. देने से तो बेहतर है.
यह नीति का हिस्सा होना चाहिए. आप कृषि पर एक रिपोर्ट तैयार करने के लिए (एम.एस.) स्वामीनाथन को लाए—जिन्होंने हरित क्रांति की शुरुआत की थी. उन्होंने देखा कि लागतें बढ़ रही हैं और किसान को उसकी पैदावार की एवज में क्या मिल रहा है और एक लंबी-चौड़ी रिपोर्ट दी. फिर आप उसमें से भी चुन-चुनकर चीजें उठाते हैं, उसे पूरी तरह लागू नहीं करते. हम जो 2 लाख रु. दे रहे हैं, ये उनकी मदद भर के लिए हैं, क्योंकि खुदकुशी की तादाद बढ़ रही है. हमारे यहां, बीते दशक से, राज्य में 16,000 आत्महत्या हो चुकी हैं.
यह समाधान खानापूरी नहीं है क्योंकि पंजाब की कृषि को वाकई एक ढांचागत क्रांति की दरकार है?
यही तो मैंने कहा, यह मरहम-पट्टी सरीखा समाधान है. यह केवल उन लोगों की मदद के लिए है जिन्हें पैसों की सख्त जरूरत है.
खेती के साथ-साथ बागबानी और फूलों की खेती की तरफ बढ़कर आप कृषि में ढांचागत बदलाव ला सकते हैं. क्या आपकी सरकार ने ऐसा कुछ किया है या यह इतनी कठिन है कि कुछ भी नहीं कर सकती?
हम उद्योग के जरिए विविधता ला सकते हैं. हमारे यहां प्रसंस्करण उद्योग उभर रहा है; मगर इन चीजों में वक्त लगता है. जब मैंने सेना छोड़ी थी और खेती-किसानी अपनाई थी, तब गेहूं की फसल बहुत हुआ करती थी और फिर भी वह काफी नहीं होती थी. फिर पीवीए18 नामक नया गेहूं आया और अचानक तीन साल के भीतर पंजाब गेहूं से पट गया. फिर आप चावल की खेती में गए. पंजाब चावल उत्पादक राज्य नहीं है, हम बहुत थोड़ी-सी खीर या ऐसा ही कुछ भले खा लें, मगर तीन साल के भीतर पंजाब चावल उगा रहा था. पंजाब के किसान बहुत उद्यमशील हैं, पर उन्हें यह बताने की जरूरत है कि अपनी उपज कहां बेचें और उसकी लागत आखिरकार कितनी आएगी.
पंजाब में हमारे यहां फूलों की खेती की परियोजनाएं हैं जो मलेरकोटला और लुधियाना के आसपास चल रही हैं, पर वे छोटी-मोटी हैं. मैकडोनाल्ड अपने आलू का आयात करे, इसकी कोई जरूरत मैं नहीं देखता, खासकर जब मेरे आलू सड़कों पर फेंके जा रहे हैं. तो जरूरत केवल उसकी किस्म में बदलाव लाने की है और परीक्षण की, जो पीएयू कर रही है. आलू को जहाजों में लादकर कहीं भी भेजा जा सकता है क्योंकि मैकडोनाल्ड की और ऐसी दूसरी फूड चेन हर जगह हैं. मक्का एक और फसल है जिसका भविष्य हमें दिखाई देता है, यह पानी बचाने में भी मदद करती है. मक्का खरीफ के सीजन में उगाई जाती है, पर इसके लिए भी प्राइस सपोर्ट नहीं है.
आप केंद्र सरकार की बात कर रहे हैं...
हां, भारतीय खाद्य निगम गेहूं और चावल सरीखे अनाजों को ही समर्थन देता है.
नरेंद्र मोदी की सरकार या खाद्य प्रसंस्करण मंत्री हरसिमरत कौर बादल ने कृषि के लिए क्या किया है?
ऐसा कुछ नहीं जिसका कोई असर पड़ा हो. पंजाब का हर गोदाम गेहूं और चावल से भरा पड़ा है. अगर मेरे पास एक महीने का वक्त है और उसके बाद फसल कटाई का सीजन आ जाएगा, तो मेरे पास उसे रखने की जगह ही नहीं है क्योंकि एफसीआइ या खाद्य मंत्रालय अनाज उठा ही नहीं रहा है. अब मैं अपनी एजेंसियों से कह रहा हूं कि वे पक्के कंक्रीट के प्लेटफॉर्म बनाना शुरू करें जहां जूट के बोरे रखे जा सकें. मगर यह भी ऐसा काम है जो केंद्र सरकार को करना चाहिए. चीनी का उद्योग मुश्किलों की चपेट में है. बेशक दुनिया भर में चीनी की भरमार है, पर गन्ना किसान के साथ क्या हो रहा है? उसे बरसों से भुगतान नहीं किया गया है. इसमें भी मेरे सहकारी मंत्री ने चीजों को कुछ हिलाया-डुलाया है और लोगों को पैसा दिला सके हैं, पर हालात तो खराब हैं ही.
मोदी और उनकी सरकार दावा करती है...
मुझे बीच में टोकने के लिए माफ करें, पर मिसेज बादल ने पंजाब के लिए जरा कुछ नहीं किया है; वे एक उद्योग लाई हों और उससे किसान समुदाय को फायदा मिला हो तो मुझे बताइए. क्या वे कोई कपास का उद्योग लाई हैं, क्या उन्होंने ऐसा कुछ किया है कि जिससे चीनी उद्योग काम करने लगे, क्या उन्होंने ऐसा कुछ किया है कि जिससे खाद्य उद्योग हमारे गेहूं की अतिरिक्त तादाद का इस्तेमाल कर सके? कजाखस्तान के राजदूत यहां आए और उन्होंने मेरा गेहूं खरीदा. मैंने कहा कि आपका स्वागत है, पर आप इसे कैसे ले जाएंगे? उन्होंने कहा कि वे उड़ाकर ले जाने के लिए तैयार हैं. मगर मुद्दा यह है कि आप क्या कर रहे हैं? इसी तरह आप ब्रेकफास्ट सीरियल बना सकते हैं. क्या वे मुरमुरे या फूले हुए गेहूं के लिए या नाश्ते में इस्तेमाल होने वाली किसी भी दूसरी चीज के लिए ब्रेकफास्ट फूड का कोई इद्योग लाईं?
प्रधानमंत्री मोदी अपने बचाव में कहते हैं कि उन्होंने 17 करोड़ मृदा स्वास्थ्य कार्ड जारी किए हैं और फसल बीमा योजना लॉन्च की है.
वे किस मृदा स्वास्थ्य कार्ड की बात कर रहे हैं? मैंने तो उन्हें कभी देखा नहीं और मेरा राज्य देश के खाद्यान्न भंडार का 40 फीसदी उगाता है.
फसल बीमा योजना और नीम-कोटेड फर्टिलाइजरों के बारे में क्या कहेंगे?
नीम-कोटेड फर्टिलाइजर, इस पर मैं कोई कमेंट नहीं कर सकता. मगर हम दूसरी राह पर जा रहे हैं, हमारी यूनिवर्सिटी ने फर्टिलाइजरों के इस्तेमाल में कटौती की है और इसका असर फसलों की पैदावार पर भी नहीं पडऩे दिया है.
आपने किसानों को मुफ्त बिजली देना जारी रखा है. क्या मुफ्त बिजली बंद करना सियासी तौर पर खुदकुशी करना है?
नहीं, यह खुदकुशी करने का सवाल नहीं है. अगर आप किसानों के पास जाएं और उन्हें समझाएं तो वे आम तौर पर समझते हैं. मेरे यहां 17 लाख किसान परिवार हैं जो कर्ज से दबे हैं. उनमें से 12 लाख के पास पांच एकड़ से कम जमीन है, जिनमें से 10,25,000 को हमारी तरफ से मदद मिल रही है. फिर भी हमारे यहां बड़ी तादाद में खुदकुशी हुईं, लोगों के पास पैसा नहीं है. कौन खुदकुशी करना चाहता है? हताश और मायूस शख्स ही ऐसा करता है. खुशकिस्मती से उनका प्रतिशत कम हो रहा है. अब अगर मैं अचानक वह पैसा भी ले लूं जो वह बिजली का भुगतान नहीं करके बचा रहा है, तो हम उसे फिर दबाव और परेशानी में ही डाल रहे होंगे.
कृषि में बहुत सारा छिपा हुआ रोजगार भी है, लोगों को खेती से उद्योगों में ले जाने की जरूरत है. इस मोर्चे पर आप क्या कर रहे हैं?
कृषि उद्योग आ रहे हैं, जैसा कि मैंने जिक्र किया. मैंने एक आइटीसी के साथ खोला है, दूसरे भी आ रहे हैं. यही वह जगह है जहां फसलों के पैटर्न में आमूलचूल बदलाव आया है, जहां उद्योग जानते हैं कि वे जो कुछ भी बना रहे हैं, उसके लिए उन्हें किस चीज की जरूरत है और किसान जानता है कि वह क्या बेच सकता है और उसके बदले उसे क्या मिलेगा. अभी तक हम अपनी मिट्टी को नष्ट कर रहे हैं. बरसों पहले जब हमने खेती शुरू की थी, तब हम मिट्टी की बनावट को कायम रखने के लिए एक फसल को बंजर छोड़ दिया करते थे.
पारंपरिक तौर पर मैं जानता था कि पंजाब की मिट्टी में जस्ते और तांबे की कमी है, पर आज इसमें मैंग्नीज, आयोडीन, बोरोन की कमी भी हो गई है. भूमिगत पानी भी घटता जा रहा है. एक वक्त तकरीबन 15,000 ट्यूब वेल हुआ करते थे, अब शायद तकरीबन 17 लाख हैं. छोटा किसान खेतों में पानी नहीं दे पाता और नदियां सूख रही हैं.
राज्य के औद्योगिक विकास के लिए आपकी सरकार क्या कर रही है?
अब हम जरूरत से ज्याद बिजली बना रहे हैं. खुशकिस्मती से मैं समझता हूं कि यह स्थिति तब तक बनी रहेगी जब तक उद्योगों की पंजाब आने में दिलचस्पी है. यह उद्योगों में भरोसा पैदा करने का सवाल है; जो हम कर पा रहे हैं. हमारा एक निवेश कार्यक्रम है जो दुनिया भर में चल रहा है. उम्मीद है कि हमें निवेश हासिल होगा, पर फिलहाल इसकी रफ्तार तेज नहीं है. उद्योग हमारे लिए अहम हैं क्योंकि इससे नौकरियां पैदा होंगी.
राज्य के ऊपर जो 2 लाख करोड़ रु. का कर्ज है, उसके बारे में आपने प्रधानमंत्री मोदी से बात की?
मैं प्रधानमंत्री मोदी से चार या पांच बार मिला हूं. मेरी उनसे बहुत खुशगवार बातचीत हुई, पर वहीं वे खत्म हो गईं. मैं अपने राज्य की तरफ से खाद्यान्न खरीद रहा हूं और तो भी वे हमसे कीमत वसूल रहे हैं. खाद्य निगम और खाद्य मंत्रालय हमें बोरियां लाने-ले जाने या ढुलाई के लिए मजदूरी का भुगतान नहीं करता; वह प्रति फसल 2,000 रु. और जोड़ देता है.
प्रधानमंत्री मोदी के बारे में आपका क्या आकलन है?
मैं उन्हें पहले से जानता हूं, जब वे पंजाब में आरएसएस के प्रभारी थे. मैं समझता हूं कि उनसे उम्मीदें कहीं ज्यादा थीं. जब भी कोई सत्ता में आता है तब हमारे मतदाताओं को उससे बड़ी उम्मीदें होती हैं, उन्हें लगता है कि सरकार काम करेगी. फिर वे मायूस हो जाते हैं और दूसरी सरकार को लाने के लिए वोट देते हैं. उन्होंने सोचा कि कांग्रेस बीते 10 साल से सत्ता में है, तो मोदी भी वही करेंगे. मगर देश के लिए, मेरे राज्य के लिए उन्होंने क्या किया? मेरे राज्य को छोड़ ही दें, क्योंकि यह कांग्रेस की हुकूमत वाला राज्य है, खुद अपने राज्यों के लिए उन्होंने क्या किया? मुझे एक चीज दिखाई नहीं देती जिस पर मैं अपनी उंगली रख सकूं. मिस्टर अडानी और उनके सरीखे दूसरों का विकास करने के अलावा उन्होंने कुल मिलाकर देश के लिए क्या किया है?
कोलकाता पुलिस कमिशनर के खिलाफ सीबीआइ के ताजा कदम के बारे में आप क्या सोचते हैं?
मैं बदले की भावना से की गई इस किस्म की कार्रवाई के खिलाफ हूं. यह बेहूदा है और पूरी तरह अस्वीकार्य है. सियासत में बदले की भावना से परेशान करने पर लगाम लगानी ही होगी.
क्या प्रियंका गांधी के राजनीति में प्रवेश के फौरन बाद रॉबर्ट वाड्रा को प्रवर्तन निदेशालय का पूछताछ के लिए बुलाना भी इसी खाने में आता है?
फिर वही, हर चीज से बदले की भावना से परेशान करने की बू आती है. हमने 2007 में सत्ता छोड़ी थी, मगर आज भी मैं मुकदमों से घिरा हूं. मैं अपनी सरकार में ऐसा नहीं होने दूंगा.
आपने कहा कि आप अकाली नेता बिक्रम मजीठिया को खोजकर लाएंगे.
उन्हें खोजकर लाएंगे कानूनी तौर पर. आप ऐसा नहीं कर सकते कि उनके घर जाएं और उन्हें उठा लाएं, सीखचों के पीछे डाल दें.
अपने पूर्ववर्ती प्रकाश सिंह बादल और सुखबीर बादल के बारे में क्या कहेंगे? आप उन मामलों में आगे बढ़ रहे हैं या आपने लड़ाई बंद कर दी है?
मैंने कोई लड़ाई बंद नहीं की है, पर अगर मेरी जानकारी में कुछ आता है, तो वह जांच-पड़ताल के लिए मुनासिब एजेंसी में भेज दिया जाता है. मगर अगर आप सोचते हैं कि मैं आधी रात को जाऊंगा और मिस्टर बादल और मिस्टर सुखबीर बादल या मिस्टर मजीठिया को उठा लाऊंगा, तो मैं ऐसा करने नहीं जा रहा हूं. आपको याद रखना चाहिए कि लोग इस देश में कारोबार करने के लिए आए और उलटे पांव वापस चले गए. क्यों? क्योंकि वे इस किस्म की चीजें पसंद नहीं करते.
आप विपक्षी दलों के उस महागठबंधन को कैसे देखते हैं जिसकी अगुआई ममता बनर्जी कर रही हैं?
वक्त बताएगा. बेशक यह भाजपा विरोधी है और मैं उम्मीद करता हूं कि जब वक्त आएगा, तब उनके पास इतना काफी बहुमत होगा कि वे लोग तय कर सकें कि किसे और किस पार्टी को उनकी अगुआई करनी चाहिए और आगे यह देख सकें कि वे हमारे राज्यों और हमारे लिए क्या कर सकते हैं.
और राहुल गांधी और कांग्रेस को क्या भूमिका अदा करनी चाहिए?
मैं समझता हूं कि राहुल बहुत अच्छा काम कर रहे हैं. राजस्थान, मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ ने जिस तरह से जवाब दिया है—यह सब उन्हीं का योगदान है. इतने सालों में मैंने उन्हें ऊपर आते देखा है. मैं समझता हूं अब वक्त आ गया है. भाजपा का ग्राफ नीचे जा रहा है और हमारा ग्राफ ऊपर चढ़ रहा है.
क्या आपको लगता है कि राहुल अच्छे प्रधानमंत्री बनेंगे?
मैं ऐसा सोचता हूं. क्योंकि आप उनके साथ बैठ सकते हैं, उनसे बात कर सकते हैं. अपनी बातचीत में वे बहुत खुले हैं. वे घुमा-फिराकर बात नहीं करते और न ही अपने मन की बात कहने में हिचकिचाते हैं. आप यह महसूस करते लौटते हैं कि आप अपनी बात कह सके हैं. और वे समझदारी की बात करते हैं; मैंने उनके भाषण सुने हैं. अब जब उनकी बहन साथ आ रही हैं, तो और ज्यादा सहायता मिलेगी.
आप प्रियंका गांधी का स्वागत करते हैं?
मैं चार साल से उनसे उन्हें लाने के लिए कहता आ रहा हूं. वे सोचने-समझने वाली युवती हैं और अपने भाई के लिए बड़ी पूंजी साबित होंगी.
मोदी कहते हैं कि कांग्रेस नामदारों की पार्टी है. आप खुद भी अपनी मेहनत से ऊपर आए हैं, तब से जब अकालियों के साथ हुआ करते थे. क्या आप खानदानी सियासत के हक में हैं?
अगर लोग आपको वोट देते हैं, तो आप खानदानी कहां रह गए? अगर कल मेरा बेटा चुनाव में खड़ा होता है, तो लोग उसे वोट देते हैं, न कि मुझे. राहुल जवाहरलाल नेहरू के पडऩाती हैं, पर वे उन्हें इसलिए वोट दे रहे हैं क्योंकि वे उन्हें अपने नेता के तौर पर चाहते हैं.
आपने सोनिया गांधी के साथ काम किया है. उनके और राहुल के काम करने के तरीके में क्या फर्क है?
सोनिया जी हर बात गौर से सुनती हैं और कहती हैं कि इस मुद्दे पर वे आपको लौटकर बताएंगी. वे उसका जवाब खोजेंगी और आपको कॉल करेंगी. राहुल चटपट फैसले लेते हैं. मुझे यह पसंद है, मैं भी ऐसा ही हूं.
मुख्यमंत्री के तौर पर अपने पहले कार्यकाल में आपने विधानसभा का एक विशेष सत्र बुलाकर हरियाणा और राजस्थान के साथ पानी के बंटवारे के तमाम समझौते रद्द कर दिए थे. क्या तब पार्टी अध्यक्ष सोनिया गांधी इससे परेशान थीं? क्या आपने इसके बारे में उन्हें बताया था?
नहीं, मैंने नहीं बताया था. उस संधि को खत्म करने के बाद मैं दिल्ली गया था और वे मुझसे नहीं मिलीं. छह महीने तक ऐसा ही चलता रहा. फिर कुछ दोस्त साथ आए और उन्होंने उनसे कहा कि मैं उनका मुख्यमंत्री हूं, वे या तो मुझे हटा दें या मुझसे मिलें. वे मुझसे मिलने के लिए राजी हो गईं और मुझसे पूछा कि मैंने ऐसा क्यों किया और उन्हें बताया क्यों नहीं. मैंने उनसे पूछा कि अगर मैं उन्हें बताता तो क्या वे हां कहतीं? उन्होंने कहा नहीं, और मैंने उनसे कहा कि इसीलिए मैंने नहीं बताया.
ब्लूस्टार के पहले इंदिरा गांधी के साथ भी आपका साबका पड़ा था.
मैं 1980-84 तक उनके साथ था. एक दिन मैं उनसे मिलने संसद गया. श्रीमती गांधी ने पूछा कि क्या मैं भिंडरांवाले को जानता हूं और मैंने कहा कि नहीं, मैडम मैं नहीं जानता. तब उन्होंने मुझसे पूछा कि क्या मैं उनसे संपर्क कायम कर सकता हूं और मैंने कहा कि हां, 1980 से फरवरी 1984 तक मैंने उनके साथ काम किया. मैंने पाया कि वे साथ काम करने के लिहाज से बहुत शानदार शख्स थीं. मगर फरवरी में चीजें मेरे हाथों से बाहर जाने लगीं और बिगडऩे लगीं. मैंने उनसे कहा कि वे किसी और को खोज लें और मैं समझता हूं, उन्होंने ऐसा ही किया.
आज पंजाब में सिख उग्रवाद के खतरे ने फिर सिर उठाया है. यह कितना गंभीर है और आप इसके कैसे निपट रहे हैं?
पहले यह देश में ही पला-बढ़ा था, इस बार ऐसा नहीं है. यह पाकिस्तान नियंत्रित है, आइएसआइ इसके पीछे है और साथ ही उसका मोहरा सिख फॉर जस्टिस भी. चूंकि मैं यहां हूं, हमने आइएसआइ के 28 मॉड्यूल बेअसर कर दिए हैं. हमने उनके तकरीबन सौ गुर्गों को पकड़ा है और सौ से ज्यादा हथियार और विस्फोटक बरामद किए हैं.
क्या आप ऐसा कहेंगे कि सिख उग्रवाद फिलहाल काबू में है?
नहीं, यह यहां परेशानी की बात नहीं है. मगर (लंदन में) ट्रैफलगर स्क्वेयर की सभा का आयोजन पाकिस्तान आर्मी के एक लेफ्टिनेंट कर्नल ने किया था. उसने दुनिया भर से लोगों का आना प्रायोजित किया था, पर यह हिंदुस्तानी मौजूदगी की छाया से ढक गया. न्यूयॉर्क में सिख फॉर जस्टिस दर्जन भर लोग भी नहीं जुटा सका. बहुमत हिंदुस्तान-समर्थकों का है और वे पंजाब में अमन-चैन चाहते हैं.
आपने कनाडा पर भी खालिस्तानी आतंकियों का पनाह देने का आरोप लगाया?
मैं (कनाडा के प्रधानमंत्री जस्टिन) ट्रुडो से मिला और मैंने कहा कि मैं (हरजीत) सज्जन से नहीं मिलूंगा जो उनके साथ है. वह कनाडा का रक्षा मंत्री है, पर वह वर्ल्ड सिख ऑर्गेनाइजेशन का सदस्य भी है, जिसके चेयरमैन उसके पिता हैं. जब ट्रुडो आए तो मैंने उनसे कहा कि उनके मंत्रिमंडल के चार सदस्य खालिस्तान समर्थक हैं और उन्हें इसके बारे में कुछ करना चाहिए. हमने नाम दिए और मैं समझता हूं कि अब चीजें बेहतर हैं.
करतारपुर गलियारे के बारे में आपके क्या विचार हैं?
यह इसलिए बनाया जा रहा है क्योंकि यह हमेशा से सिखों की मांग रही है. पाकिस्तान में ये गुरुद्वारे खुले दर्शन के लिए बनाए गए थे. मगर मै कह चुका हूं कि इसे दहशतगर्दों को आने-जाने देने के लिए नहीं खोलना चाहिए. आइएसआइ रिफ्रेंडम के लिए सिखों की हमदर्दी हासिल करने की खातिर ऐसा कर रही है, यह सब उसी दिशा में जाने के लिए तैयार है. हमें होशियार और सावधान रहना होगा और यही हम कर रहे हैं.
तिस पर भी आपके कबीना मंत्री नवजोत सिंह सिद्धू सीमा पार वहां गए, पाकिस्तान की नजरों में हीरो बन गए और उनके आर्मी चीफ को गले भी लगाया.
इमरान और नवजोत साथ-साथ क्रिकेट खेलते थे, पर जो बात मेरे गले नहीं उतरती, वह आर्मी चीफ को गले लगाना है, क्योंकि उन्होंने अपनी फौज को मेरे सैनिकों पर गोली चलाने का फरमान दिया है.
क्या आपको लगता है कि करतारपुर इस चुनाव में मुद्दा बनेगा?
करतारपुर कोई हाल-फिलहाल का मुद्दा नहीं है. मनमोहन सिंह ने इसे सबसे पहले उठाया था. मैं 2004 में वहां जा रहा था और उन्होंने मुझसे मुख्यमंत्री और राष्ट्रपति से मिलने के लिए कहा था. मैं उनसे मिला भी. उन सबका रुख अच्छा था और यह उस वक्त हो सकता था, क्योंकि मुशर्रफ राष्ट्रपति और सेना प्रमुख, दोनों थे. आज सारे फैसले सेना लेती है और इस क्रिकेटर की कोई सुनने वाला नहीं है.
पंजाब में नशे की लत के बारे में क्या कहेंगे? नशे के अवैध कारोबारियों पर कार्रवाई कामयाब रही?
हां, मैं समझता हूं कि यह कामयाब हुई है. हमने इसे दो साल पहले शुरू किया था, पर पाया कि लोग सामाजिक बदनामी की वजह से सरकारी नशामुक्ति केंद्रों में आने के लिए तैयार नहीं थे. अब सरकारी केंद्रों का इस्तेमाल किया जा रहा है, दवाइयां दी जा रही है. हमने एक बडी सिस्टम की शुरुआत की है, जिसमें पांच बच्चों को एक साथ रखा जाता है और वे खुद अपनी और अपने दोस्तों की देखभाल करते हैं. हमें ड्रग प्रिवेंशन अफसर मिले हैं, जो सभी वॉलंटियर हैं. अब तक 556 किग्रा हेरोइन जब्त की गई है, 2,149 मामले दर्ज किए गए हैं; इसमें शामिल पाए गए 30 पुलिसकर्मी सीखचों के पीछे हैं.
इस चुनाव में प्रमुख मुद्दे क्या होंगे?
नौकरियां. यह जिम्मेदारी राष्ट्रीय सरकार की होनी चाहिए. इसे भाजपा के हाथों में छोड़ देना और ज्यादा परेशानी को दावत देना है. वे पहले ही पांच साल से सत्ता में हैं और हम देख चुके हैं कि ग्राफ नीचे जा रहा है. अगर उसे और पांच साल मिलते हैं, तो मेरे देश को भगवान ही बचाए.ढ