सत्यवादी समलैंगिक

मानवेंद्र सिंह गोहिल, किसी पूर्व राज परिवार के पहले घोषित समलैंगिक धारा 377, जागरूकता अभियान, परिवार और पहनावे के बारे में

शैलेष रावल
शैलेष रावल

मानवेंद्र सिंह, किसी पूर्व राज परिवार के पहले घोषित समलैंगिक धारा 377 जागरुकता अभियान, परिवार और पहनावे के बारे में

धारा 377 पर सुप्रीम कोर्ट के फैसले के बाद से अभी तक कैसी प्रतिक्रियाएं मिली हैं?

अच्छी प्रतिक्रियाएं मिली हैं. हालांकि आम जनता में 377 को लेकर अब भी खासा भ्रम है. इस पर निर्णय के तुरंत बाद सुप्रीम कोर्ट का अवैध रिश्तों पर भी फैसला आया. ऐसे में तमाम भारतीयों को लगा कि भारत पश्चिम से प्रभावित हो रहा है. समलैंगिकता तो भारतीय संस्कृति में पहले से है.

समलैंगिक समुदाय के बारे में जागरूकता पैदा करने को एक दशक से आप दुनिया भर में घूम रहे हैं. उपलब्धि क्या रही है?

दुनिया भर में मुझे कई राष्ट्राध्यक्षों, गैर-समलैंगिकों, मीडिया और हॉलीवुड से भी समर्थन मिला है. मशहूर टाक शो होस्ट ओपरा विन्फ्रे ने अपने शो में बुलाकर मेरे लिए नई दुनिया खोल दी. बाबा रामदेव कहते हैं, यह मनोरोग है. समलैंगिकों से नफरत करना, दरअसल, एक मनोरोग है.

राजपिपला (गुजरात) में अपने महल में आपके एलजीबीटी कम्युनिटी सेंटर खोलने पर क्या परिवार आसानी से राजी हो गया?

उसके लिए (2015 में) भूमिपूजन पर नारियल पिताजी ने ही फोड़ा. उन्हें मुझ पर गर्व है. मेरी मां, बदकिस्मती से, ढोंगी और पाखंडी हैं. और पाखंड हमेशा हारा है. हमारा वंश 650 साल पुराना है. उसे चलाए रखने को संतान गोद लेना है या नहीं, इसका फैसला पिताजी ही कर सकते हैं.

आप हमेशा देसी पहनावे में ही दिखते हैं.

अचकन, चूड़ीदार और पगड़ी पहनने में काफी समय लगता है. पर मैं विदेश में भी यही पहनता हूं. ओपरा ने भी शो में यही पहनकर आने को कहा था. मुझे भारतीय संस्कृति से लगाव है. गांधी मेरे प्रेरणास्रोत हैं, इसलिए जान चली जाए, पर झूठ नहीं बोलता. और सच हमेशा कड़वा होता है. इसी तरह हिंसा का सहारा नहीं ले सकता.

***

Read more!