स्मृति, शहर और आत्मसंवाद
अनन्या वाजपेयी की पुस्तक प्लेस: इंटिमेट एनकाउंटर विद सिटीज किसी स्थान को केवल भौगोलिक परिभाषा से मुक्त कर एक जीवित, अनुभवात्मक और वैचारिक संरचना के रूप में सामने रखती है.

- सुमन पाण्डेय
अनन्या वाजपेयी की पुस्तक प्लेस: इंटिमेट एनकाउंटर विद सिटीज किसी स्थान को केवल भौगोलिक परिभाषा से मुक्त कर एक जीवित, अनुभवात्मक और वैचारिक संरचना के रूप में सामने रखती है. यह कृति 14 अध्यायों में विभाजित है, जहां प्रत्येक शहर दिल्ली, न्यूयॉर्क, इस्तांबुल, बेंगलूरू, बनारस और मुंबई लेखिका के लिए स्मृति, इतिहास और खुद को खोजने का माध्यम बन जाता है.
पुस्तक का आरंभ ही डब्लू.जी. सेबाल्ड के कथन से होता है, जो संकेत देता है कि आधुनिक सभ्यता अपने विनाश और विघटन को अक्सर शब्दों में व्यक्त नहीं कर पाती. इसी बौद्धिक पृष्ठभूमि में लेखिका टाइम ट्रैवल इन अ ब्रोकन वर्ल्ड में अतीत और वर्तमान के अंतर्संबंधों को उद्घाटित करती हैं, जहां प्रेम, हिंसा और ऐतिहासिक स्मृति एक साथ उपस्थित होते हैं. न्यूयॉर्क पर आधारित अध्याय में 9/11 की त्रासदी के संदर्भ में शहर एक ऐसी जगह के रूप में उभरता है, जहां व्यक्तिगत अनुभव वैश्विक इतिहास से गहरे जुड़ जाते हैं.
इंडो पर्शियन सबलाइम पाठ में सांस्कृतिक सह-अस्तित्व और भाषाई सौंदर्य का विश्लेषण करते हुए लेखिका अमीर खुसरो की परंपरा की ओर संकेत करती हैं, जबकि द डेथ ऑफ संस्कृत में वे आधुनिकता के दबाव में शास्त्रीय ज्ञान-परंपराओं के क्षरण पर विचार करती हैं. यहां उनका अनुभव एक व्यापक बौद्धिक संकट का प्रतीक बन जाता है.
पुस्तक का एक महत्वपूर्ण आयाम समुद्र महल अध्याय में उभरता है, जहां बीआर आंबेडकर के जीवन और विचारों के जरिए शहर को सामाजिक न्याय और बौद्धिक संघर्ष के स्थल के रूप में देखा गया है. इसी प्रकार जॉन कीट्स की पंक्तियां पुस्तक में भावात्मक गहराई जोड़ती हैं जो स्थान और स्मृति के बीच के सूक्ष्म संबंधों को रेखांकित करती हैं.
अंतिम अध्याय काशी करवट इस कृति का भावनात्मक और दार्शनिक शिखर है, जहां बनारस और गंगा के माध्यम से मृत्यु, समय और मोक्ष की अवधारणाएं व्यक्तिगत अनुभव से जुड़कर एक सार्वभौमिक अर्थ ग्रहण करती हैं. यहां 'प्रवाह’ केवल नदी का नहीं बल्कि स्मृति और जीवन का भी प्रतीक बन जाता है.
लेखिका की भाषा में काव्यात्मकता और अकादमिक गहराई का संतुलित समन्वय है. वे स्थापित करती हैं कि प्लेस एक स्थिर बिंदु नहीं बल्कि निरंतर निर्मित होता अर्थ-क्षेत्र है, जहां व्यक्ति और इतिहास एक-दूसरे को आकार देते हैं.
कुल मिलाकर देखें तो इस पुस्तक को केवल शहरों के वर्णन के तौर पर या शहरनामे के तौर पर नहीं बल्कि स्मृति, पहचान और इतिहास के जटिल अंतर्संबंधों के बौद्धिक आख्यान के रूप में पढ़ना चाहिए जो पाठक को अपने ही स्थान के अर्थ पर पुनर्विचार करने के लिए प्रेरित करता है.
पुस्तक का नाम: प्लेस
इंटिमेट एनकाउंटर विद सिटीज
लेखिका का नाम: अनन्या वाजपेयी
प्रकाशन: विमेन अनलिमिटेड इंक
कीमत: 625 रुपए.