मैंने भी देख रखे हैं सपने

अभिनेत्री कृति सैनन अपनी ताजातरीन फिल्म शहजादा, बॉलीवुड में बिताए नौ वर्ष और बहुरंगी किरदारों के साथ प्रयोग आदि पर.

अभिनेत्री कृति सैनन
अभिनेत्री कृति सैनन

 मिमी (2021) के बाद लोग आपको अलग नजरिए से देखते हैं. यह आपके लिए गेम-चेंजर थी?

इसमें दो राय नहीं. बतौर ऐक्टर अब मुझे लोग ज्यादा गंभीरता से लेते हैं...हर ऐक्टर के करियर में एक फिल्म मील का पत्थर होती है. मेरे लिए वह मिमी थी. बरेली की बरफी से भी लोगों को लगा था कि ये दिखने में ही सुंदर नहीं, ऐक्टिंग भी कर सकती है.

 शहजादा एक सेफ-सी फिल्म दिखती है. यह हिट तेलुगु फिल्म अला वैकुंठपुरामुलू (2020) का रीमेक है, जिसमें आप कार्तिक आर्यन के साथ हैं. उनके साथ आप एक हिट कर चुकी हैं. क्या यह काम चैलेंजिंग था?

मैं कमर्शियल किस्म की ऑडियंस हूं. मुझे हम आपके हैं कौन, हम साथ-साथ हैं, कभी खुशी कभी गम जैसी फिल्में देखना पसंद है, जिनमें भरपूर इमोशन, एंटरटेनमेंट, रोमांस और पारिवारिक रिश्ते थे.

पता नहीं क्यों, वह सब बंद हो गया था. शहजादा में वे सब चीजें हैं. और काफी समय से ग्लैमरस रोल भी नहीं किए थे. ऐसा नहीं कि मुझे मिमी जैसे ही रोल पसंद हैं. मुझे खुद को किसी खांचे में रखा जाना पसंद नहीं.

 आदिपुरुष समेत चार रिलीज के साथ 2023 आपके लिए एक निर्णायक साल लग रहा है.

इंडस्ट्री में यह मेरा नौवां साल है और मेरा मूलांक भी नौ है. इसलिए मैं इसे लकी मानती हूं. कई किस्म की फिल्में आ रही हैं. शुरुआत ग्लैमरस रोल से हो रही है फिर आदिपुरुष में जानकी यानी मां सीता का रोल है.

उसके बाद झन्नाटेदार ऐक्शन फिल्म गनपत है जिसमें मैंने बाइक दौड़ाई और असलहा चलाना भी सीखा. मैं करीना कपूर और तब्बू के साथ द क्रू की शूटिंग भी शुरू कर रही हूं.

 इंडस्ट्री में नौ साल बिताने के बाद कृति सैनन को अब किस चीज की दरकार है?

मेरे पास अब चुनने को बेहतर मौके हैं. मैं अपने से भिन्न ऐसे कैरेक्टर करना चाहती हूं जो गहराई लिए हुए हों. मैं फिल्म प्रोड्यूस करना चाहती हूं जिससे कि अपनी पसंद की कहानियां सुना सकूं. मैं ग्रे कैरेक्टर और सुपरहीरो वाली फिल्में भी करना चाहती हूं.

Read more!