खुशी आए तो खुद की शर्त पर

यूट्यूबर भुवन बाम ताजा खबर के साथ ओटीटी पर नुमायां होने और क्रिएटिव कंट्रोल हमेशा अपने हाथ में रखने जैसे मुद्दों पर.

भुवन बाम
भुवन बाम

 ताजा खबर को अपने यूट्यूब चैनल की बजाए आप डिज्नी+हॉटस्टार पर क्यों ले गए?

मैं नहीं चाहता था कि बीबी की वाइन्स मेरे बनाए हर कंटेंट पीस का हब बन जाए. यूट्यूब ने मुझे सब कुछ दिया है और इसके लिए मैं उसका हमेशा शुक्रगुजार रहूंगा. लेकिन मैं एक अदद मफलर या फिर मूंछों के साथ ही शूट कर सकता हूं, इस धारणा को मैं कैसे बदलूं? अभिनय में अधिक संभावनाएं तलाशने को ओटीटी एक मंच है. ताजा खबर ने वह मौका दिया है. हॉटस्टार पर एक बड़ी ऑडियंस भी मिलती है.

 आपने जब शुरू किया था, तब से तो यूट्यूब भी काफी बदल चुका है.

जरूरी है. लोग अब शॉर्ट फिल्मों पर आ गए हैं. पहले जो ख्याल लोग यूट्यूबर्स के बारे में रखते थे वही राय यूट्यूबर्स की आज शॉर्ट फॉर्म कंटेंट के बारे में है. कई बार लगता है लोग 5-6 मिनट से सीधे 30 सेकंड के कंटेंट पर आ गए हैं. मनोरंजन की दुनिया आखिर किस दिशा में बढ़ रही है?

 यह शो भी बीबी की वाइन्स प्रोडक्शन का है. खुद के हर पीस खुद ही क्यों प्रोड्यूस करते हैं?

क्रिएटिव कंट्रोल मैं अपने ही हाथ में चाहता हूं. पूरी जिंदगी मुझे अपनी सीनियरिटी का बड़ा मलाल रहा है. मैं बता ही नहीं पाता था कि मैं आखिर क्या चाहता हूं. सेट पर अगर मुझे कुछ गड़बड़ लगे तो बहस की जगह होनी चाहिए ना! दूसरों के साथ काम करना चाहता हूं पर को-प्रोड्यूसर के रूप में.

 बड़े परदे पर छलांग लगाने की मंशा है?

आज यह एक तरह का ढर्रा बन गया है: किसी पॉपुलर इंस्टाग्रामर या यूट्यूबर को पकड़ो, उसे कोई साइड रोल दो और ख्वाब दिखाओ कि 'इससे आपकी अक्खा लाइफ बदलने वाली है.’ मैं बड़े प्रोडक्शन हाउसेज में तमाम नैरेशंस का हिस्सा रहा हूं.

उसमें राइटर या डायरेक्टर नहीं बल्कि मार्केटिंग वाले बंदे होते हैं और पहला सवाल वे यही करते हैं: 'आपको क्या लगता है, किस तरह से प्रोमोट करेंगे इसे?’ प्लॉट या कहानी का मैं हिस्सा हूं, वहां तक तो ठीक है, मैं करूंगा. पर मैं वैसा आलू नहीं बनना चाहता कि कहीं भी किसी में भी भर दो.

Read more!