मैदान में हिट पर्दे पर फिट

क्रिकेटर शिखर धवन ऐसी शख्सियत हैं जिनकी ओर टीम इंडिया अस्थाई कप्तान की तलाश में एक सीनियर प्लेयर की जरूरत पड़ने पर देखती है. वे अब डबल एक्सल में कैमियो रोल में बड़े परदे पर दिखेंगे.

क्रिकेटर शिखर धवन
क्रिकेटर शिखर धवन

 कप्तानी को आप कितना एन्जॉय करते हैं? और क्या इसके साथ किसी तरह का प्रेशर भी आता है?

कप्तानी को मैंने हमेशा एन्जॉय किया है. इससे मुझे दूसरे खिलाड़ियों से जुड़ने और अपने अनुभव साझा करने का मौका मिलता है. प्रेशर बेशक होता है—आपको एक साथ तमाम चीजें मैनेज करनी होती हैं—लेकिन उसमें उलझकर रह जाने की बजाए मैं उसे एन्जॉय करता हूं.

मैं शांत रहना पसंद करता हूं क्योंकि उसका टीम पर भी असर होता है. मैदान पर और बाहर भी मेरी कोशिश हमेशा यही रहती है कि हम अच्छे पहलुओं की ओर देखें जो हमें प्रेरित करें.

 हाल में आपने कहा था कि आप 2023 का वनडे वर्ल्ड कप खेलना चाहते हैं?

 

जी हां, 2023 के वर्ल्ड कप में मैं खुद को खेलता हुआ देखना चाहता हूं. लेकिन मैं खुद पर किसी भी तरह का दबाव नहीं बना रहा. मेरे लिए सबसे अहम है इस पूरी जर्नी का मजा लेना. वर्ल्ड कप जीतना किसी भी क्रिकेटर का ड्रीम होता है. पर सच कहूं तो बस विश्व कप विजेता टीम का हिस्सा बनने भर से मुझे सुकून नहीं. मैं उसे देश के लिए जीतना चाहता हूं.

 बॉलीवुड में आपकी पहली फिल्म आने वाली है. डबल एक्सल की शूटिंग में सबसे मजेदार क्या लगा?

बड़ा ही मजेदार अनुभव रहा. जब यह मौका मुझे मिला तो मैंने स्टोरी और स्क्रिप्ट देखी और वह मुझे पसंद आई. देखिए, ब्रांड्स और इवेंट्स के लिए तो मैं शूटिंग करता ही रहा हूं, इसलिए कैमरे से डरने या खौफ खाने जैसी कोई बात नहीं थी. हां, मुझे कंफर्टेबल फील कराने के लिए मैं हुमा (कुरैशी) का शुक्रगुजार हूं. उनके साथ काम करके मजा आया.

 अपने सोशल मीडिया कंटेंट को लेकर आप बड़े क्रिएटिव दिखते हैं. रील्स बनाते वक्त आखिर आप क्या सोच रहे होते हैं?

मैं खुशदिल और मजाकिया इनसान हूं; ऐसे में जब भी ख्याल आता है कि इस तरह की रील मेरी पर्सनालिटी और मेरी सोच को सूट करेगी, मैं तुरंत बनाने लगता हूं. लोग अब यह जानते हैं और मैदान तथा उसके बाहर भी मुझे प्यार देते हैं. यह बात मुझे बहुत तसल्ली और सुकून देती है.

—शैल देसाई.

Read more!