खुशी देते रंग

सही रंग आपके मूड को बढ़िया बना सकते हैं और आपके घर में सकारात्मकता तथा शांति ला सकते हैं

लग्जरी और लाइफस्टाइल
लग्जरी और लाइफस्टाइल

रिद्धि काले

पैस्टेल से मिलेनियल पिंक और फ्यूशिया से टील तक, आप जो रंग चुनते हैं वह न केवल आपके घर के लुक को निर्धारित करता है बल्कि आपके मिजाज पर भी काफी प्रभाव डालता है. जानिये विशेषज्ञों का क्या कहना है. 

लाल देखकर?
एक लग्जरी और लाइफस्टाइल ब्रान्ड सरिता हांडा की मैनेजिंग डायरेक्टर सुपर्णा हांडा कहती हैं, ''लाल अक्सर साहस और ताकत के एहसास से जुड़ा होता है. माना जाता है कि यह रंग अच्छी किस्मत और रहने वाली जगह में गर्मजोशी लाता है. यह जुनून और संवेदनशीलता को संतुलित रखता है.’’ अपनी जगह पर चमक और रंग का तड़का लगाने के लिए कुशन या चादर पर इस रंग को आजमाएं.

एक से बेहतर, दो रंग
ऑरेंज ट्री में लाइटिंग डिजाइन की प्रमुख निकिता बंसल कहती हैं, ''निराशा और हताशा के भरे इस माहौल में, हर कोई सकारात्मकता चाहता है. ऐसे में, रंग एक अहम भूमिका निभाता है—आपके घर में सकारात्मकता लाने के लिए यह सबसे आसान तरीकों में से एक है.’’ वह बताती है कि सफेद और नीले रंग का संयोजन बेहतर साबित हो सकता है, ''सफेद सभी रंगों का संश्लेषण है.

यह तटस्थता, शुद्धता और स्वच्छता का प्रतीक है. नीला भी शांति और धीरज का प्रतीक है. यह तनाव और चिंता को कम करता है.’’ परिवेश को रोशन करने के लिए, जहां रोशनी और छाया अतिरिक्त नाटकीयता लाते हैं, यह संयोजन बहुत बेहतर साबित होता है.

अपनाएं पीला रंग
रंगों का चयन करते हुए यह विचार करें कि आप कैसी जीवंतता चाहते हैं. फर्निशिंग स्टूडियो बिआन्ड ड्रीम्स की सह-संस्थापक और क्रिएटिव डायरेक्टर अवनी जुनेजा कहती हैं, ''पीला रंग धूप की तरह है. यह खुशी, आशावाद और ऊर्जा से जुड़ा हुआ है. चाहे सोना हो, सरसो हो, नींबू या कनेरी पीला, यह रंग साफतौर पर जीवंत है.’’

विनोदप्रिय और चंचल शेड्स बच्चों के बेडरूम और नर्सरीज के लिए शानदार विकल्प हैं; गहरे रंग रसोई को जीवंत बना देते हैं. जुनेजा बताती हैं, ''अंधेरे कमरे में पीले रंग का प्रकाश जीवन को थोड़ा चमकीला और खुशमिजाज बना देता है. खूबसूरत बनावट के  लिए स्टेटमेंट फर्नीचर और सामान  को आजमाएं.’’

दीवारों को चमकाएं
वॉलपेपर्स में विशेषज्ञता रखने वाली कंपनी यूडीसी होम्स की सह-संस्थापक नेहा जैन कहती हैं, ''जीवंत रंग और फूलों की आकृतियां रहने वाली जगह में सकारात्मक ऊर्जा पैदा करती हैं. सबसे स्फूर्तिदायक रंग नीला और हरा हैं. वॉलपेपर डिजाइन पर उनका प्रभाव शानदार होता है.’’

हरा ताजगी, समृद्धि और प्रकृति का प्रतीक है. वे बताती हैं, ''हरे रंग के विभिन्न शेड्स मं् वॉलपेपर डिजाइन पर प्रकृति से प्रेरित थीम को शामिल करने से मन को शांति मिलती है. दूसरी ओर, नीला विवेक और शांति का प्रतीक है, और इसे दीवारों पर इस्तेमाल करने पर यह रंग बहुत शानदार सामंजस्य पैदा करता है.’’

—रिद्धि काले

Read more!