शख्सियतः दूसरी आत्मा की बात

द लास्ट आवर नाम से अलौकिक शक्ति पर अभिनेत्री राइमा सेन की एक सीरीज 14 मई से अमेजन प्राइम पर रिलीज हो रही. वे बता रही हैं कि हम अपने दर्शन में जितनी चीजों की कल्पना करते हैं, स्वर्ग और धरती पर उससे कहीं ज्यादा चीजें मौजूद हैं.

अभिनेत्री राइमा सेन
अभिनेत्री राइमा सेन

द लास्ट आवर नाम से अलौकिक शक्ति पर अभिनेत्री राइमा सेन की एक सीरीज 14 मई से अमेजन प्राइम पर रिलीज हो रही. वे बता रही हैं कि हम अपने दर्शन में जितनी चीजों की कल्पना करते हैं, स्वर्ग और धरती पर उससे कहीं ज्यादा चीजें मौजूद हैं.

● द लास्ट आवर में अपने रोल के बारे में कुछ बताएं...
इस सीरीज में मैं एक बड़ा रहस्यमय रोल कर रही हूं इसलिए उस बारे में बहुत खुलासा नहीं कर सकती. पर मैं बहुत रोमांचित थी. ऐसा रोल पहले कभी नहीं किया. शो का कॉन्सेप्ट और स्टोरीलाइन दोनों अनूठे हैं. निर्देशक अमित कुमार की मॉनसून शूटआउट देखी थी, लगा कि वे हटकर सोचते हैं.  साथ काम करना चाहती थी.

● आप दूसरी दुनिया में या भूतों आदि में यकीन करती हैं? आप अंधविश्वासी हैं?
मैं कतई अंधविश्वासी नहीं हूं न भूतों में यकीन है पर मुझे लगता है कोई एक ऊर्जा होती है. और ऊर्जा अच्छी और बुरी भी होती है. मुझे नहीं लगता कि धरती पर हम बस भौतिक उपस्थिति वाले लोग ही हैं. हमसे परे भी कुछ है.

आप अपनी शरारतों के लिए भी जानी जाती हैं. सेट पर आपने किसी को डरवाया?
इस बार किसी के साथ शरारत करने का समय ही नहीं मिला. एक तो ठंड बहुत थी और हमने सफर भी काफी किया. आधे समय तो हम बस जमे हुए से थे (हंसते हुए). लतीफों के लिए वक्त ही न था. हम तो बस शॉट देकर आग के पास या किसी गर्म जगह पर जा बैठना चाहते थे.

● अलौकिक शक्ति वाली आपकी पसंदीदा फिल्म या कहानी कौन-सी रही है?
अलौकिक शक्ति वाली, हॉरर और थ्रिलर फिल्में देखना मुझे पसंद है. हालांकि है तो काफी पुरानी, पर अभी हाल ही मैंने द शाइनिंग देखी. यह तो क्लासिक है.

इस साल आप नेटफ्लिक्स पर माई में भी दिखेंगी. राष्ट्रीय दर्शकों को क्या अब आपका ज्यादा काम देखने को मिलेगा?
जी. मैं होइचोइ के लिए हैलो और जी5 (ब्लैक विडोज, फॉरबिडेन लव आदि) तथा दूसरे प्लेटफॉर्मों के लिए शो करती आ रही हूं. बेशक आप मेरा ज्यादा काम देखेंगे. अभी मेरा ध्यान द लास्ट आवर और माई पर है... 
—मालिनी बनर्जी

Read more!