सिनेमाः गोवा ने रखा है गुलजार

कोरोना महामारी से मनोरंजन जगत संकट में है पर गोवा ने उसे बड़ी राहत दी है.

शूटिंग का आनंद गोवा में ही जहां चार यार के सेट पर अभिनेत्री स्वरा भास्कर का जन्मदिन मनाते कलाकार
शूटिंग का आनंद गोवा में ही जहां चार यार के सेट पर अभिनेत्री स्वरा भास्कर का जन्मदिन मनाते कलाकार

पारंपरिक और पश्चिमी सभ्यता के संगम वाला राज्य गोवा सिर्फ पर्यटकों को ही नहीं लुभाता है बल्कि यह फिल्मवालों के दिलों में भी बसा है. यहां की प्राकृतिक खूबसूरती और धरोहर को अक्सर फिल्मों में देखा जा सकता है. कैसिनो और नाइटलाइफ पर्यटकों को यहां खींच लाती है. फिल्मवालों की दिलचस्पी गोवा सरकार को मालूम है. कोरोना महामारी से मनोरंजन जगत संकट में है पर गोवा ने उसे बड़ी राहत दी है.

उनके लिए शूटिंग के दरवाजे खोले हैं. बीते एक साल से मायानगरी मुंबई और महाराष्ट्र में शू‌टिंग की रफ्तार बहुत धीमी है. फिल्म व्यवसाय भी ठंडा है. मगर गोवा में फिल्मों, वेब सीरीज, ऐड फिल्मों, टीवी सीरियलों और म्युजिक वीडियो की शूटिंग धड़ल्ले से चल रही थी. 38 सालों से गोवा में लाइन प्रोड्यूसर और अब तक 400 से ज्यादा फिल्मों के लिए काम कर चुके शिवा नाइक रोहित शेट्टी और प्रियदर्शन सरीखे नामी फिल्मकारों के साथ भी जुड़े रहे हैं.

वे बताते हैं ''जून 2020 से अब तक यहां पर 250 से ज्यादा प्रोडक्शन हाउसेस ने शूङ्क्षटग की है.’’ अभी गोवा में चार दिनों के लिए लॉकडाउन की घोषणा हुई तब भी शूटिंग चालू रही. उड़ता पंजाब, आशिकी-2 और रा.वन जैसी फिल्मों के लाइन प्रोड्यूसर दिलीप बोरकर के शब्दों में, ‘‘लॉकडाउन की वजह से गोवा में आउटडोर शूटिंग नहीं हुई. लेकिन हिंदी और मराठी के 10 सीरियलों की इनडोर शूटिंग चालू रही. इनको पहले से ही शूटिंग की इजाजत मिली हुई थी.’’

गोवा में शूटिंग करके फिल्मवाले थोड़ी राहत की सांस ले रहे हैं. मगर यह पता है कि महामारी ने फिल्म उद्योग का आर्थिक ढांचा बिगाड़ दिया है. फिल्म व्यवसाय के विशेषज्ञ अतुल मोहन आंकड़े पेश करते हुए बताते हैं, ‘‘बीते साल बॉलीवुड में 600 करोड़ रुपए का बिजनेस हुआ और 4,000 करोड़ रुपए से ज्यादा का नुक्सान हुआ. इस साल पहली तिमाही में 50 करोड़ रुपए का ही बिजनेस हुआ है और फिलहाल महामारी की जो रफ्तार है उससे इस साल भी 4,000 करोड़ रुपए से ज्यादा के नुक्सान का अंदेशा है.’’

उधर गोवा में फिल्मों की शूटिंग की इजाजत देने को अलग नजरिए से भी देखा जा रहा है. उसका अपना स्वार्थ भी सामने आ रहा है. यह राज्य टुरिज्म पर ज्यादा निर्भर है. इसलिए टुरिज्म को बढ़ावा देने के लिए फिल्मों का सहारा लिया जाता है. मुंबई सहित पूरे महाराष्ट्र में जब इस साल 15 दिनों के लिए एक मई तक संचार बंदी लागू हुई तो बॉलीवुड के कई निर्माता प्रोजेक्ट पूरा करने के लिए गोवा में डेरा डाले हुए हैं. इस समय 15 से ज्यादा फिल्म और सीरियल निर्माता वहां पर दो महीने के लिए होटल और विला बुक करके रह रहे हैं.

इंडियन फिल्म-टीवी प्रोड्यूसर्स काउंसिल (आइएफटीपीसी) के चेयरमैन जे.डी. मजीठिया के शब्दों में, ''शूटिंगबंद होने का असर यह हुआ कि कुछ शूट मुंबई से बाहर गुजरात, बीकानेर, उमरगांव, सिलवासा, बेंगलूरू, हैदराबाद, कोलकाता, लखनऊ, गोवा चले गए. गोवा में सबसे ज्यादा यूनिट्स हैं.’’ मजीठिया स्वयं भी सिलवासा में वागले की दुनिया की शूटिंग कर रहे थे. यूनिट्स में आर्टिस्ट, तकनीशियन और कुछ वर्कर शामिल हैं. बॉलीवुड के लगभग 5 लाख लोगों के परिवार की चिंता फेडरेशन ऑफ वेस्टर्न इंडिया सिने एम्प्लाइज (एफडब्ल्यूआइसीइ) करता है.

महामारी को देखते हुए फेडरेशन ने दूसरे राज्यों में जाकर शूटिंग करने पर ऐतराज नहीं किया है. फेडरेशन के चेयरमैन बी.एम. तिवारी कहते हैं, ‘‘हम प्रोड्यूसर और चैनल के साथ हैं. बात सीधी-सी है: काम होगा, पैसे आएंगे तो लोगों की जरूरतें पूरी होंगी.’’ पिछले साल से ही फिल्म उद्योग का चक्का थमा हुआ है. छिटपुट शूटिंग होने से घरों में चूल्हे जल रहे हैं. तिवारी सवाल करते हैं, ‘‘दूसरे राज्यों में शूटिंग की सहूलियतें कैसे दी जा रही हैं? महाराष्ट्र भी सोचे ताकि मुंबई से बाहर जाने की नौबत न आए.’’ 

फिलहाल तो सिनेमाघर बंद हैं और फिल्में रिलीज नहीं हो पा रही हैं. बावजूद इसके बड़े प्रोडक्शन हाउस फिल्में तैयार करके रख रहे हैं. ये थिएटर में नहीं तो डिजिटल रिलीज हो सकती हैं. टाइगर श्राफ ने हीरोपंती-2 की शूटिंग का पहला शेड्यूल मुंबई में पूरा किया. बंदी से करोड़ों के महंगे सेट धूल चाट रहे हैं. इसमें चांदिवली में अमिताभ बच्चन की गुड बाय, फिल्मसिटी में अक्षय कुमार की रक्षा बंधन, रामसेतु, संजयलीला भंसाली की गंगूबाई काठियावाड़ी (कमाठीपुरा का सेट), शाहरुख खान की पठान, सलमान खान की टाइगर-3 (तुर्की के गांव का सेट), साउथ की रीमेक फिल्म और मड आइलैंड में वेब सीरीज डोंगरी टु दुबई के सेट हैं. 

बायो बबल के तहत शूटिंग करने पर अभी तक किसी राज्य ने सकारात्मक संकेत नहीं दिया है. गोवा, गुजरात, उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, राजस्थान, हैदराबाद में शू‌टिंग के दौरान सावधानी बरती जा रही है. भोपाल के जील जेड इंटरटेनमेंट कंपनी के लाइन प्रोड्यूसर जोहैब अली के शब्दों में, ''मध्य प्रदेश में जून 2020 से इस साल मार्च तक शूटिंग चालू थी. सरकार की ओर से शूटिंग बंद करने की मनाही नहीं है. प्रोड्यूसर्स ने कोरोना की बढ़ती रफ्तार देखते हुए खुद ही फैसला लिया कि अभी शूटिंग करना सही नहीं है.’’

मार्च में शूटिंग बंद होने से पहले मणि रत्नम के निर्देशन में ऐश्वर्य राय की एक फिल्म, कंगना रणौत की धाकड़, दृष्यम फिल्म्स, केएफसी-2, नेटफिल्क्स की नैना (ताहिर भसीन) की शूटिंग पूरी हो चुकी थी. आर माधवन ने कोरोना पॉजिटिव होने के बाद अपनी फिल्म अमेरिकी पंडित की शूटिंग रोक दी. चार-पांच प्रोजेक्ट की शूटिंग अभी रुकी हुई है. राजस्थान में शूटिंग की रफ्तार धीमी है. लाइन प्रोड्यूसर संजय सोनी बताते हैं, ‘‘राजस्थान में 15-16 मार्च के बाद से शूटिंग बंद है. उससे पहले नेटफिल्क्स के लिए अनिल कपूर ने अपने बेटे हर्षवर्धन कपूर के साथ थार फिल्म और एक्सेल एंटरटेनमेंट की फिल्म फोन भूत की शूटिंग की थी.’’

गोवा के अलावा उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश और ओडिशा की सरकारें भी पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए राज्य को शूटिंग हब बनाने की कवायद कर रही हैं. इसके लिए निर्माताओं को आकर्षित करने का फंडा सब्सिडी है. इस चक्कर में भी निर्माता फिल्मों और वेब सीरीज की शूटिंग मुंबई से बाहर जाकर कर रहे हैं. महामारी के एक साल में मध्य प्रदेश में 60 से ज्यादा फिल्मों और वेब सीरीज की शू‌टिंग हुई.

फिल्मकार प्रकाश झा ने कई फिल्मों की शूटिंग यहां करके दूसरे निर्माताओं के लिए रास्ता सुगम कर दिया है. इस समय जब उत्तर प्रदेश के लखनऊ में महामारी से हालात अच्छे नहीं हैं, तब भी निर्माता शहर से दूर शूटिंग कर रहे थे. मनाली में अनीस बज्मी ने कार्तिक आर्यन और कियारा आडवाणी के साथ भूल भुलैया-2 की शूटिंग की.

मगर गोवा की बात निराली है. वहां हिंदी, मराठी और साउथ की फिल्मों की शूटिंग ज्यादा होती है. बकौल शिवा, ''जून 2020 से अब तक जो 250 से ज्यादा प्रोडक्शन हाउसेस ने गोवा में शूटिंग की, उनमें अधिकांश फिल्म और वेब सीरीज थीं. बीते दो महीने में साउथ इंडियन फिल्मों की शूटिंग बहुत ज्यादा हुई है. इनमें तेलुगु स्टार नागार्जुन की फिल्म के साथ मलयालम फिल्में भी हैं. मुंबई से सीरियल वाले अभी शूटिंग के लिए गोवा आए हैं.’’ गोवा में धर्मा प्रोडक्शंस के लिए शकुन बत्रा के निर्देशन में अनाम फिल्म के भव्य सेट पर लगभग दो महीने तक शूटिंग की गई.

इसकी हीरोइन दीपिका पादुकोण थीं. अप्रैल महीने में जहां चार यार फिल्म की शूटिंग दो दिनों में ही सिमट गई. वजह, इसकी एक ऐक्टर मेहर विज कोरोना संक्रमित हो गई थीं. फिल्म के सेट पर ही स्वरा भास्कर का जन्मदिन मनाया गया था. इस फिल्म में शिखा तलसानिया और पूजा चोपड़ा भी हैं. विद्युत जामवाल ने अपनी फिल्म सनक का गोवा शिड्यूल पूरा किया.

गोवा में लॉकडाउन की घोषणा से पहले ही निर्देशक मोहित सूरी ने फिल्म ए विलेन रिटन्र्स की शू‌टिंग पूरी की. उन्होंने अर्जुन कपूर और तारा सुतारिया के साथ एक्शन सीक्वेंस भी फिल्माए. गोवा से पहले मोहित ने जॉन अब्राहम और दिशा पटानी के साथ मुंबई का शेड्यूल पूरा किया था. शाहिद कपूर ने राज ऐंड डीके के निर्देशन में एक थ्रिलर वेब सीरीज की शूटिंग विजय सेतुपति के साथ की. सोनाक्षी सिन्हा ने फालेन वेब सीरीज की शूटिंग की.

अतुल की राय में, गोवा सरकार फिल्म वालों को सपोर्ट करने के साथ फिल्मों में अपने राज्य की छवि भी साफ देखना चाहती है. मोहित सूरी की फिल्म मलंग से सरकार परेशान हो गई थी. इसमें गोवा के ड्रग्स के कारोबार का जिक्र था. इस पर सरकार ने एतराज जताया था. इसके बाद फिल्म की शूटिंग को लेकर कायदे कठोर किए गए.

शूटिंग से पहले सरकार की नोडल एजेंसी एंटरटेनमेंट सोसायटी ऑफ गोवा (ईएसजी)के पास स्क्रिप्ट जमा करके एनओसी लेनी होती है. ईएसजी और गोअन प्रोड्यूसर्स ऐंड प्रोडक्शंस हाउसेज में रजिस्टर्ड लाइन प्रोड्यूसर के जरिये ही शूटिंग की इजाजत मिलती है. गोवा में लोकेशंस इतने अच्छे हैं कि प्रोड्यूसर्स मनमाफिक इनडोर और आउटडोर शूटिंग करते हैं. नोर्थ गोवा में ज्यादा शूटिंग होती है. 

Read more!