सिनेमाः साफ-सुथरी कॉमेडी

कुली नं.1 के रीमेक में काम कर रहे हास्य अभिनेता जॉनी लीवर खुद को हर दौर में प्रासंगिक बनाए रखने पर

 जॉनी लीवर
जॉनी लीवर

आपने 300 से ज्यादा फिल्मों में काम किया है. 40 साल से ज्यादा समय तक टिके रहने का राज क्या है?
दर्शकों की मोहब्बत ने मुझे मौजूं बनाए रखा है. यह भी अहम है कि अपने काम को लेकर आपमें कितना जज्बा है. शुरू में आपके भीतर बहुत भूख होती है लेकिन कामयाबी मिलने पर वह ठंडी पड़ जाती है. पर मैं हर फिल्म को अपनी पहली फिल्म मान के करता हूं.

मैं जबान, डांस, बॉडी लैंग्वेंज और भंगिमाओं पर काम करता हूं. ये जो वेराइटी और मसाला है, उसी ने मुझे मजबूती दी है.


अभिनय के वक्त आप अपनी तरफ से जोडऩे की कितनी छूट लेते हैं?
हमारे इनपुट के बगैर बात नहीं बनने वाली. लेखक-निर्देशक चाहते हैं कि मैं शब्दों को वजन दूं, उन्हें आत्मसात कर लूं. अब यह सब मेरे सिस्टम का हिस्सा बन गया है.

मेरे करियर की सबसे खास फिल्मों में से एक बाजीगर में मेरा रोल पूरी तरह से इंप्रोवाइज किया हुआ था. ऐसा कुछ भी अगर मुझे मिलता है जिससे सीन बेहतर होता हो तो मैं उसे उसमें जोड़ लेता हूं.

आपका ह्यूमर कभी किसी को चोट नहीं पहुंचाता. यह बात आपके लिए कितना मायने रखती है?
हमारे सीनियर्स भी ये करते थे. किशोर कुमार तो जीनियस थे, वे कभी किसी को भला-बुरा कहे बगैर हमें हंसाते थे. महमूद भी वैसे ही थे. साफ-सुथरेपन के साथ लोगों को हंसाने में बड़ी मेहनत करनी पड़ती है.ञ

मैं चाहता हूं कि पूरा परिवार मेरे काम को एन्जॉय करे. मैं बच्चों को बोलता हूं कि हंसाने के लिए छिछला होने की जरूरत नहीं है.

दर्शकों को जॉनी लीवर की स्टैंड-अप कॉमेडी ऑनलाइन कब देखने को मिलेगी?
जल्दी ही. इंडिया में स्टैंड-अप करने वाले शुरुआती लोगों में से था मैं. तीन दशक से मैं करता आ रहा हूं. पहले लोग समझते नहीं थे. तब मिमिक्री ही कॉमेडी हुआ करती थी. आज देखिए, चारों ओर उसी का जलवा है.

Read more!