शख्सियतः बड़े मंसूबे, बुलंद इरादे

जामिया मिल्लिया इस्लामिया की पहली महिला वाइस चांसलर नजमा अख्तर ने अपनी काबिलियत के बूते बनाई खास पहचान और अब नई चुनौती से रू-ब-रू.

 जामिया मिल्लिया इस्लामिया की वाइस चांसलर नजमा अख्तर
जामिया मिल्लिया इस्लामिया की वाइस चांसलर नजमा अख्तर

रविवार की एक शाम, नई दिल्ली की जामिया मिल्लिया इस्लामिया की वाइस चांसलर नजमा अख्तर अपने ड्रॉइंग रूम में एक मशहूर आर्टिस्ट से बात कर रही हैं. परिचय के बाद वे कहती हैं, ''आप हमारे विश्वविद्यालय के लिए क्या कर सकते हैं?'' विभिन्न योजनाओं के जरिए जामिया को शिक्षा के क्षेत्र में खास मुकाम दिलाने की ख्वाहिशमंद नजमा यह सवाल अमूमन हर विशेषज्ञ से करती हैं. आर्टिस्ट से बातचीत के दौरान पीछे के कमरों से बच्चों के चहकने की आवाज आती है और उनके शांत और गंभीर चेहरे पर थोड़ी-सी मुस्कान छा जाती है. वे बताती हैं, ''वे मेरे बेटे साद के जुड़वां बेटे हैं—अदान और जहान, जो इसी साल पैदा हुए हैं.'' वाइस चांसलर लॉज में चहल-पहल है, ठीक उसी तरह जैसे उनके दफ्तर में रहती है.

इस साल अप्रैल में वाइस चांसलर (वीसी) नियुक्त किए जाने के बाद वे कई वजहों से चर्चा में हैं. वे जामिया की पहली महिला वीसी हैं, और संयोगवश दिल्ली विश्वविद्यालय तथा जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय में अभी तक कोई महिला इस पद पर नहीं पहुंची है. कुछ लोग दबे स्वर में उन्हें राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की कृपापात्र बताते हैं, जो उसके 'शिक्षा के भगवाकरण' के लिए नियुक्त की गई हैं. लेकिन ज्यादातर के लिए वे महिला सशक्तीकरण की प्रतीक हैं, जो अपनी काबिलियत के बूते इस मकाम तक पहुंची हैं. जामिया में वीसी की नियुक्ति से पहले या उसके बाद ऐसी अफवाहें आम बात हैं. लेकिन उन्होंने विभिन्न संस्थाओं में उच्च पदों पर रहते हुए अपनी काबिलियत साबित की है.  

जयपुर में 1953 में पैदा हुईं नजमा के वालिद एच.एच. उस्मानी मूलत: मुरादाबाद के रहने वाले थे. जब उस्मानी ने राजस्थान एजुकेशन सर्विस छोड़ उत्तर प्रदेश के शिक्षा विभाग में जॉइन किया तो पूरा परिवार इलाहाबाद पहुंच गया, जिसमें नजमा की मां के अलावा उनके एक भाई जावेद उस्मानी (जिन्होंने आइएएस परीक्षा में टॉप किया और उत्तर प्रदेश के चीफ सेक्रेटरी रहे) दो बहनें—सलमा और सीमा (दोनों डॉक्टर) थीं.

उस जमाने में मुस्लिम छात्र-छात्राएं अमूमन उर्दू-फारसी-अंग्रेजी के अलावा अन्य भाषाओं को तरजीह नहीं देते थे लेकिन वालिद उस्मानी ने मानो आने वाले वक्त को भांप लिया था और बेटी को हिंदी पर विशेष ध्यान देने की हिदायत दी. स्कूली शिक्षा इलाहाबाद में लेने के बाद 11वीं और 12वीं बरेली से की. और फिर अलीगढ़ मुस्लिम यूनिवर्सिटी (एएमयू) से वनस्पतिशास्त्र में ग्रेजुएशन-पोस्ट ग्रेजुएशन, एम. फिल. किया. ग्रेजुएशन और पोस्ट ग्रेजुएशन में गोल्ड मेडल हासिल किया. और फिर एजुकेशन में पीएचडी की.

पढ़ाई के दौरान ही 1973 में प्रोफेसर अख्तर मजीद से शादी हो गई. प्रोफेसर अख्तर ने 1969 में सिविल सर्विस परीक्षा पास की थी लेकिन पठन-पाठन में ज्यादा दिलचस्पी थी, लिहाजा भारतीय प्रशासनिक सेवा की जगह अध्यापन को चुना. शादी के बाद नजमा ने पढ़ाई जारी रखी और फिर एएमयू में बॉटनी की लेक्चरर बन गर्ईं. ऐडमिनिस्ट्रेशन में दिलचस्पी होने की वजह से उन्होंने इस दिशा में कदम बढ़ाया और जॉइंट एग्जामिनेशन कंट्रोलर नियुक्त की गईं. फिर एग्जामिनेशन कंट्रोलर के लिए अखिल भारतीय स्तर की प्रतिस्पर्धा में चुनी गईं और वे सिर्फ एएमयू ही नहीं बल्कि पूरे देश की पहली महिला एग्जामिनेशन कंट्रोलर बन गईं.

लेकिन मर्दों की दुनिया में अपने लिए राह बनाना नजमा के लिए कभी आसान नहीं था. कुछ मर्दों ने ''फतवा जारी करा दिया कि कोई महिला कंट्रोलर नहीं बन सकती.'' इससे चकित नजमा ने थियोलॉजी विभाग के डीन के जरिए इसे खारिज करवा दिया: ''इस्लाम में औरतों ने मर्दों के शाना-ब-शाना काम किया है.'' उस जमाने में परीक्षा परिणाम समय पर लाने की बड़ी चुनौती थी. इसके लिए उन्होंने पहली बार यूनिवर्सिटी में ऑप्टिकल मार्क रीडर लगवाया, जो किसी भी यूनिवर्सिटी में पहली बार इस्तेमाल किया गया था.  

इसके बाद 1995 में एकेडमिक प्रोग्राम की डायरेक्टर नियुक्त की गईं. उन्होंने अपने कार्यकाल में कई विभाग खोले. तभी स्टेट इंस्टीट्यूट ऑफ एजुकेशनल मैनेजमेंट ऐंड ट्रेनिंग (सीमैट) के डायरेक्टर पद के लिए विज्ञापन निकला और उन्होंने अपनी मां की पुरानी नसीहत को ध्यान में रखते हुए आवेदन कर दिया. वे बताती हैं, ''मां हम सब—भाई-बहनों से कहती थीं कि जहां कहीं पोस्ट निकले, अप्लाइ करो, सेलेक्ट हो जाओ फिर डिसाइड करो कि अब क्या करना है.'' वे चुनी गईं और एक बार फिर इलाहाबाद (अब प्रयागराज) पहुंच गईं. देश के पहले सीमैट की संस्थापक और पहली निदेशक की हैसियत से उन्होंने इस संस्था को खड़ा किया.

करीब छह साल काम करने के बाद वे दिल्ली में इग्नू और फिर नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ एजुकेशनल ऐंड प्ला‌निंग ऐंड ऐडमिनिस्ट्रेशन (नीपा) में करीब 16 साल तक शैक्षिक प्रशासन की विभागाध्यक्ष रहीं. इस बीच उन्होंने कॉमनवेल्थ स्कॉलरशिप के जरिए ब्रिटेन से यूनिवर्सिटी ऐडमिनिस्ट्रेशन की डिग्री ली. इसके अलावा, फ्रांस के प्रतिष्ठित संस्थान इंटरनेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ एजुकेशनल प्लानिंग में प्रशिक्षण लिया. नीपा से सेवानिवृत्ति के बाद उन्हें देश के राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने जामिया मिल्लिया इस्लामिया की वीसी नियुक्त किया. वीसी नजमा को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का सहयोग हासिल है. प्रधानमंत्री ने स्वयं उन्हें ''यूनिवर्सिटी में मेडिकल कॉलेज खोलने का सुझाव दिया.''

इससे नई वीसी से अपेक्षाएं बढ़ गई हैं. स्त्री-पुरुष समानता की पैरोकार नजमा चाहती हैं कि जामिया में छात्राओं की संख्या 36 फीसद से बढ़कर कम से कम 50 फीसद हो जाए. इसी तरह, छात्रों की उपस्थिति न्यूनतम 75 फीसद हो, जो खुद शिक्षकों की उपस्थिति और मुस्तैदी से तय होगी.

उन्होंने कई मंसूबे बना रखे हैं और जामिया के सौ साल पूरे होने के अवसर पर उन्हें अमली जामा पहनाया जाना है. वे ऐसे पाठ्यक्रम शुरू करने की योजना बना रही हैं, जो रोजगारपरक हों. इनमें अहमदाबाद के नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ डिजाइन के तर्ज पर डिपार्टमेंट ऑफ डिजाइन ऐंड इनोवेशन, डिपार्टमेंट ऑफ हेल्थ मैनेजमेंट/हॉस्पिटल मैनेजमेंट, डिपार्टमेंट ऑफ एन्वायरनमेंटल साइंस. और सबसे बढ़कर एक मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल शुरू करना है. नजमा बताती हैं, ''मेडिकल कॉलेज के साथ ही सारे विभागों के लिए केंद्र से सैद्धांतिक मंजूरी का इशारा मिल चुका है.''

अमेरिका में रहने वाली नजमा की बेटी फरह कहती हैं, ''हमसे मिलने पांच दिन की छुट्टी पर आई थीं. तीन दिन तो अलग-अलग यूनिवर्सिटी के प्रेसिडेंट से मिलने में ही लगा दिए.'' दरअसल, वीसी पर जामिया को बेहतरीन बनाने का जुनून सवार है. वे अपने मंसूबों को परवान चढ़ाने में कोई कसर बाकी नहीं छोडऩा चाहतीं.

***

Read more!