भारंगमः ओलंपिक 'विजय' के बाद

थिएटर के बदलते संसार और चारों ओर बढ़ते ''एक्सपोजर" के दौर में अब एनएसडी से सीखा होना पहले जितनी मनोवैज्ञानिक बढ़त नहीं दे रहा. भारंगम ने पूर्वार्ध यानी दसेक वर्षों में अच्छी जमीन तोड़ी और नए दर्शक तैयार किए

सुशील कांत मिश्र का डिप्लोमा प्रोडक्शन इन्क्रिप्शन
सुशील कांत मिश्र का डिप्लोमा प्रोडक्शन इन्क्रिप्शन

अपने 21वें वर्ष में बीसवें के रूप में भारत रंग महोत्सव (भारंगम) फिर से हाजिर है. एक कम इसलिए क्योंकि पिछले साल मेजमान राष्ट्रीय नाट्य विद्यालय (एनएसडी) ने निदेशक वामन केंद्रे के छाते तले वह थिएटर ओलंपिक में तब्दील हो गया था. 51 दिन और 17 शहरों में फैले उस 52 करोड़ रु. के भव्य जलसे को दर्शक भले पर्याप्त न मिले हों लेकिन चर्चा खूब हुई.

और वामन को तो उसी के पुरस्कार स्वरूप हाल ही पद्मश्री भी मिल गया. वामन गए, विद्यालय को नए निदेशक का इंतजार है. फिलहाल प्रभारी निदेशक सुरेश शर्मा की देखरेख में दिल्ली में 89 नाटकों के साथ 20 दिन का ताजा भारंगम 1 फरवरी से हाजिर है. इसी बीच पांच अन्य शहरों राजकोट, रांची, वाराणसी, मैसूरू और डिब्रूगढ़ में समानांतर भारंगम हफ्ते-हफ्ते भर चलेगा.

भारंगम की यूं कहें कि अब एक पीढ़ी पूरी हुई. इन 21 वर्षों में एनएसडी के स्नातकों की तादाद 500 से बढ़कर 1,000 से ऊपर पहुंच गई है. थिएटर के बदलते संसार और चारों ओर बढ़ते ''एक्सपोजर" के दौर में अब एनएसडी से सीखा होना पहले जितनी मनोवैज्ञानिक बढ़त नहीं दे रहा. भारंगम ने पूर्वार्ध यानी दसेक वर्षों में अच्छी जमीन तोड़ी और नए दर्शक तैयार किए. पर धीरे-धीरे उसका करिश्माई तत्व धुंधला पड़ने लगा.

नई जमीन तोड़ने वाली कई युवा प्रतिभाएं अब भारंगम में रुचि नहीं दिखातीं. महिंद्रा एक्सिलेंस इन थिएटर अवार्ड्स (मेटा) की प्रविष्टियां इस प्रवृत्ति को साफ कर देती हैं. रंगकर्मियों का एक तबका वह है जो भारंगम में अपने नाटकों की अच्छी डीवीडी भेजने आदि की शर्तें ही ठीक से पूरी न कर पाने से दौड़ से बाहर हो जाता है. एक स्तर पर कहानी को डिजाइन, टेक्नोलॉजी और दूसरे चुनौतीपूर्ण प्रयोगों के जरिए आगे ले जाने को लेकर कई धाराओं में संघर्ष चल रहा है.

मंच पर एक और चुनौती एलईडी लाइट्स ने पेश की है. इससे रंगमंच के बदलते सौंदर्य विधान को लेकर रंगकर्मियों और दर्शकों में भी हलचल है. एनएसडी के भीतर हमेशा की तरह यह बहस भी जारी है कि विद्यालय का काम उत्सव करना नहीं है. जो हो, एक ब्रांड बन चुके भारंगम को अगर प्रासंगिक बनाए रखना है तो इसके स्वरूप पर नए सिरे से सोचना लाजिमी होगा.

***

Read more!