आवरण कथाः शिखर समूह
हमारी फेहरिस्त उनकी प्रतिभा और भूमिका की भी कायल है जो घोर अंधेरे दिनों में हमारा दिल बहलाते रहे और हमें एकजुट किए रखा.

शिखर समूह
इसे चाहे लचीलेपन की ताकत कह लें, लेकिन आगे के पन्नों पर नमूदार 50 दिग्गजों में से ज्यादातर ऊंचे और असरदार लोगों की हमारी सालाना फेहरिस्त में पिछले कई बार से बने हुए हैं. इसमें कोई शक नहीं कि वैश्विक स्वास्थ्य संकट और उसकी वजह से घोर आर्थिक बदहाली के दौरान सत्ता, संपदा और शोहरत का कवच साथ होना अच्छा है और महामारी की शुरुआत के बाद यह 'रसूखदार लोगों’ की हमारी दूसरी फेहरिस्त है.
फिर भी ऐसे साल में जब बहुत-से नीचे की ओर लुढ़क रहे हों, कामयाबी की बागडोर थामे रखना सिर्फ विशेषाधिकार के बूते संभव नहीं. ऐसे अनिश्चित दौर में देश के कारोबार, संस्कृति और मनोरंजन जगत की प्रमुख शक्चिसयतें खुद को प्रासंगिक बनाए रखकर ही शिखर पर बनी रह सकती हैं. उद्योग दिग्गज दूसरी लहर के संकट के दौर में अनिवार्य सामान और सेवाएं मुहैया कर मैन्युफैक्चरिंग के पहियों को गति देते रहे.
डिजिटल रुझान वालों को महामारी से भारी उछाल मिली. बड़ी फार्मा कंपनियों ने जरूरी दवाइयां मुहैया कराके रसूख और साख का नया आभामंडल हासिल किया. अब महामारी के आतंक की जगह उम्मीद का नाजुक एहसास अंगडाई ले रहा है, हमारी फेहरिस्त उनकी प्रतिभा और भूमिका की भी कायल है जो घोर अंधेरे दिनों में हमारा दिल बहलाते रहे और हमें एकजुट किए रखा.
1. मुकेश अंबानी, 64 वर्ष, चेयरमैन और एमडी, रिलायंस इंडस्ट्रीज
दुस्साहसी महत्वाकांक्षाएं
क्योंकि वे जीवाश्म ईंधनों से हटकर अक्षय ऊर्जा की तरफ बढ़ते हुए 75,000 करोड़ रु. के निवेश से आरआइएल का भविष्य में भी कारगर हाइड्रोकार्बन पोर्टफोलियो तैयार कर रहे हैं और जामनगर में 5,000 एकड़ जमीन पर धीरूभाई अंबानी ग्रीन एनर्जी गीगा कॉम्प्लेक्स लगा रहे हैं, जो दुनिया के सबसे बड़े एकीकृत अक्षय ऊर्जा संयंत्रों में होगा.
योजना में उन्नत ऊर्जा भंडारण बैटरियों, इलेक्ट्रोलाइजर और म्यूल सेल के अलावा एकीकृत फोटोवॉल्टिक मॉड्यूल फैक्ट्री में निवेश भी शामिल है, जबकि बीते चार महीनों में ऐंब्री, आइईसी सोलर,स्टर्लिंग ऐंड विल्सन सोलर, नेक्सवैफ और स्टीसडेल ए/एस सरीखी कंपनियों के साथ 9,300 करोड़ रुपए के समझौते हो चुके हैं
क्योंकि भारत की सबसे बड़ी निजी कंपनी रिलायंस इंडस्ट्रीज (आरआइएल) ने वित्त वर्ष 21 में मुश्किल कारोबारी माहौल के बावजूद 5.39 लाख करोड़ रुपए का संचित टर्नओवर और 54,739 करोड़ रुपए का मुनाफा दिखाया.
जामनगर स्थित दुनिया के सबसे बड़े और एक दिन में 14 लाख बैरल पेट्रोलियम के शोधन की क्षमता वाले तेल रिफाइनिंग परिसर की मालिक आरआइएल ने 2020-21 में अपने रिफाइनरी और पेट्रोकेमिकल कारोबार को तेल से रसायन तक (ओ2सी) के कारोबार में रीब्रांड किया, ताकि तेजी से फैसले ले सके और समूची मूल्य शृंखला में एकाग्र ढंग से अवसरों का दोहन कर सके
क्योंकि उन्होंने अपनी बड़ी योजनाओं के लिए वित्त वर्ष 21 में 2.6 लाख करोड़ की रकम जुटाई, जिसमें 1.52 लाख करोड़ रुपए जियो प्लेटफॉर्मों के लिए फेसबुक और गूगल से, 47,365 करोड़ रुपए रिलायंस रिटेल के लिए वैश्विक प्राइवेट इक्विटी फंड से, 53,124 करोड़ रु. आइआइएल के राइट्स इश्यू से और 7,629 करोड़ रुपए ब्रिटेन की दिग्गज ऊर्जा कंपनी बीपी से खुदरा ईंधन भागीदारी के लिए शामिल हैं. जियो ने अगस्त 2019 में देश भर में डेटा सेंटर के नेटवर्क की स्थापना के लिए माइक्रोसॉफ्ट के साथ 10 साल के सौदे का ऐलान भी किया था
क्योंकि उन्होंने आरआइएल के टेलीकॉम और रिटेल कारोबारों को मुनाफे में बदला, जिसमें वित्त वर्ष 21 में 86,493 करोड़ रुपए के राजस्व पर जियो का संचित शुद्ध मुनाफा 12,534 करोड़ रु. और भारत के सबसे बड़े फैशन रिटेलर रिलायंस रिटेल का 1.58 लाख करोड़ रु. के राजस्व पर शुद्ध मुनाफा 5,481 करोड़ रु. हो गया
क्योंकि आरआइएल के शेयर आज भी निवेशकों के पसंदीदा बने हुए हैं और 14 अक्तूबर को इनका बाजार पूंजीकरण 17.11 लाख करोड़ रुपए पर पहुंच गया, जो सूचीबद्ध भारतीय कंपनियों में सबसे ज्यादा है
क्योंकि वे भारत के सबसे अमीर शख्स हैं, जिनकी कुल संपदा फोर्ब्स की ताजा सूची के मुताबिक 92 अरब डॉलर (6.9 लाख करोड़ रु) है
अत्यधिक ऊर्जावान वे बेहद पढ़ाकू हैं और नई ऊर्जा पर किताबें देर रात तक चाव से पढ़ते हैं, इस पर वीडियो और पोडकास्ट भी देखते हैं
दादा के फर्ज उन्होंने आकाश अंबानी और श्लोका मेहता के बेटे और अपने पोते पृथ्वी के लिए रोज कुछ घंटे का वक्त तय कर रखा है
कोविड योद्धा रिलायंस फाउंडेशन ने मुंबई में कोविड को समर्पित भारत का पहला अस्पताल बनाया. यहां 2,300 तक कोविड बिस्तर है.