आवरण कथाः स्तर बढ़ाएं

सामाजिक मेलजोल से दूर रहने के इन दिनों में मायूस न हों, अपने हुनर में कुछ नया जोड़ें और नए शौक में मन लगाएं

खुद तैयार करें क्लासरूम कुकिंग क्लब की संजना पटेल
खुद तैयार करें क्लासरूम कुकिंग क्लब की संजना पटेल

शेली आनंद, साथ में मृणि देवनानी और अदिति पै

1 खुद को नए ढांचे में ढालें

जब 80 फीसद से ज्यादा भारतीय कारोबार 'वर्क फ्रॉम होम' की व्यवस्था की तरफ जा रहे हैं, हो सकता है ढेरों युवा पेशेवरों को पता चले कि उनके पास बहुत सारा खाली समय है. लिहाजा यह नए हुनर—यहां तक कि छोटे-मोटे भी—सीखने का अच्छा मौका है. रोजगार की काबिलियत बढ़ाने वाले कई फाउंडेशन कोर्स का संचालन कर रहे ऑनलाइन प्लेटफॉर्म हड़प्पा एजुकेशन की संस्थापक और सीईओ श्रेयसी सिंह कहती हैं, ''ऑनलाइन सीखना हुनर बढ़ाने का अच्छा तरीका है. प्रभावशाली ढंग से बोलने की कला या टीम प्रबंधन के फाउंडेशन कोर्स (पर विचार करें).'' अगर यह नहीं, तो अपनी दिलचस्पी के वेबिनार देखें—इन फोरम पर सीखने के अलावा आपको अलगाव के इन दिनों में सामाजिक होने का नया तरीका मिलेगा—और अपना पेशेवर नेटवर्क भी बढ़ाएं.

2 लजीज खाना बनाएं

दूसरों के हाथों के लजीज खाने से ईर्ष्या करने की जरूरत नहीं, खुद खाना बनाएं. मदद सामने मौजूद है. मुंबई में रहने वाली ला फोली की एग्जक्यूटिव शेफ संजना पटेल ने द क्लासरूम कूकिंग क्लब की शुरुआत की है, जो बनाने में आसान व्यंजनों की ग्राहकी पर आधारित ऑनलाइन लाइब्रेरी है. पटेल ने 17 मार्च को अमेरिका से लौटने के बाद यह क्लब अपने क्वारंटीन होने के दूसरे दिन शुरू किया था. यह पहले महीने में निशुल्क है और इसमें भागीदारों को रोज एक रेसिपी भेजी जाती है. एक बार रजिस्टर करने के बाद रेसिपी की ऑनलाइन लाइब्रेरी खुल जाती है. ये सभी रेसिपी आसान हैं क्योंकि ''हम चाहते हैं कि लोग उन्हें अपनी रसोई में बना पाएं. ''

2 फासला दूर करें

अगर आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, डेटा एनालिटिक्स और रोबोटिक्स सरीखे प्रचलित शब्द अभी तक कुछ ज्यादा ही तकनीकी और नए जमाने के मालूम देते हों, तो उनकी धमक का मुकाबला करने का मौका आपके सामने मौजूद है. यह है भारी-भरकम (21 दिनों का) लॉकडाउन, जिसमें आप ऐसे छोटे कोर्स आजमा सकते हैं जो नई दुनिया के इन कुछेक विचारों से आपकी पहचान करवाएंगे. वित्त, एनालिटिक्स और टेक्नोलॉजी सरीखे क्षेत्रों में कई ऑनलाइन कोर्स का संचालन करने वाली इमार्टिकस लर्निंग की सीओओ तथा सह-संस्थापक सोनिया हूजा कहती हैं, ''अपने हुनर को बढ़ाने का इच्छुक कोई भी व्यक्ति इनमें से चुन सकता है.'' एक हफ्ते के सर्टिफिकेट कोर्स के लिए कक्षाएं 30 मार्च से जारी हैं. हरेक मॉड्यूल में चार-चार घंटे के पांच ऑनलाइन सत्र हैं. शिक्षक की अगुआई में संचालित इन प्रशिक्षण मॉड्यूल की विशेषता उद्योग के विशेषज्ञों से बातचीत भी है—और ये वाकई नि:शुल्क हैं! ग्लोबल ज्ञान की नि:शुल्क मास्टर कक्षाएं अगले चार हफ्तों के दौरान चलेंगी और इनका लक्ष्य मुख्य रूप से अपने करियर के मध्य से गुजर रहे मैनेजर हैं. इनकी खास बातों में व्यवधानकारी घटनाओं या दूसरी चुनौतियों के वक्त टीम का मनोबल बनाए रखने के सूत्र और तरकीबें भी हैं. ग्लोबल ज्ञान के संस्थापक तथा सीईओ श्रीनिवास अदीपल्ली कहते हैं, ''महज 90 मिनट के सत्र या सभी सत्रों के लिए नाम दर्ज करवाया जा सकता है.''

4 बर्बादी नहीं, अभाव नहीं

अगर आप अपने कार्बन फुटप्रिंट को लेकर या रोज आप जो कचरा पैदा करते हैं उसकी तादाद को लेकर थोड़े अपराध बोध के साथ चिंतित हैं—और इसके बारे में कुछ करना चाहते हैं—तो आपको शून्य कचरा जीवनशैली की बुनियादी बातों को समझने में अपना कुछ वक्त लगाना चाहिए. बेयर नेसेसिटीज एक पर्सनल केयर ब्रांड है जिसका मुख्यालय बेंगलूरू में है. हाल ही में इसने जागरूकता फैलाने और समाधान का हिस्सा बनने के खातिर लोगों को प्रोत्साहित करने के लिए ऑनलाइन 'जीरो वेस्ट प्रोग्राम' शुरू किया है. बेयर नेसेसिटीज की संस्थापक सीईओ तथा कोर्स संचालन करने वाले विशेषज्ञों में से एक सहर मंसूर कहती हैं, ''मुमकिन है कि आप 30 दिनों में 30 सत्र पूर कर लें, पर यह सीख जिंदगी भर आपके काम आएगी.'' कोर्स में 10 मॉड्यूल हैं जो दिखाते हैं कि शून्य कचरे का दुनियावी नजरिया किस तरह निजी देखभाल और घर की देखभाल, शहरों और पास-पड़ोस, यात्रा और रसोई की साफ-सफाई तथा कई अन्य चीजों के तरीकों को बदल देता है. एक बार की कीमत: 999 रु.

5 फोकस और क्लिक

जूम पर साथियों के साथ कनेक्ट करने और बाजार के उतार-चढ़ावों की पड़ताल करने के बीच 48 बरस के निवेश बैंकर मनोज मेनन अपने दोस्तों और फोटोग्राफर अक्षय चोपड़ा के साथ फोटोग्राफी के सबक के लिए स्काइपी पर आते हैं. इस नई तालीम की शब्दाबली—'एपर्चर', 'एक्सपोजर', 'डेथ ऑफ फील्ड' वगैरह—और बहुत छोटे-छोटे पैंतरे मेनन के लिए बेहद उत्साहित करने वाले हैं. वे कहते हैं, ''मेरे लिए ये नई अवधारणाएं हैं, लेकिन मजेदार हैं. मैं हमेशा फोटोग्राफी सीखना चाहता था. इस जबरिया घरबंदी ने आखिरकार मुझे शौक पूरा करने का मौका दे दिया.'' लंदन की यात्रा के दौरान उन्होंने एक कैनन ईओएस एम6 मार्क IIII कैमरा खरीदा था, पर उसका इस्तेमाल नहीं कर पाए थे. अब वह पूरे दिन उनकी मेज पर रहता है. बीच-बीच में काम से फुरसत के दौरान वे अपना सीखा हुआ आजमाते रहते हैं. वे कहते हैं, ''यह नई जान फूंक देता है. काम कहीं ज्यादा आनंददायक बन जाता है. कोई भी नया हुनर आपको ध्यान एकाग्र करना सिखाता है और आपके भीतर नए अनुभव के प्रति प्रेम जगाता है.'' अभी जब 'वर्क फ्रॉम होम' के जल्दी खत्म होने की कोई संभावना नजर नहीं आती, मेनन का इरादा इसके बाद गिटार सीखने का है.

***

Read more!