सुर्खियों के सरताजः संकटमोचन नाम तिहारो

आजाद भारत के पहले सबसे बड़े कर सुधारकृमाल और सेवा कर (जीएसटी)कृके मुक्चय सूत्रधार और नोटबंदी के भारी असर को चतुराई से संभालने वाले नेता नरेंद्र मोदी की अगुआई वाली एनडीए सरकार के लिए मोलभाव में माहिर.

अरुण जेटली
अरुण जेटली

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वित्त मंत्री अरुण जेटली को गुजरात चुनावों के शोर-शराबे के बीच 29 नवंबर को फोन किया. वेे उस ब्लॉग पर चकित थे जिसे जेटली ने एक दिन पहले ही दिवालिया कानून के बारे में लिखा था. पूंजीपतियों की कर्जमाफी का झूठ (फिक्शन अॉफ लोन वेवर टू कैपिटलिस्ट) शीर्षक वाले इस ब्लॉग पोस्ट में इस आलोचना का जवाब देने की कोशिश की गई थी कि सरकार पूंजीपतियों के कर्ज माफ करने जा रही है.

प्रधानमंत्री चाहते थे कि वित्त मंत्री अपनी दलीलों को कुछ और साफ करें. जेटली कहने को तो वित्त और कॉर्पाेरेट मामलों के मंत्री ही हैं, मगर बतौर भाजपा नेता और वरिष्ठ मंत्री उनके सिर कई टोपियां सजी हुई हैं. वे हर खास चुनाव का जिम्मा संभालते आए हैं, मंत्रिमंडल फेरबदल में सलाह देने वाले कुछेक खास लोगों में हैं, दो भारी-भरकम मंत्रालयों की जिम्मेदारी संभालने वाले इकलौते मंत्री रहे हैं (हाल तक वित्त और रक्षा, दोनों मंत्रालय संभाल रहे थे) और सबसे बढ़कर, उन सुधारों की कमान उन्हीं के हाथ है जो नरेंद्र मोदी सरकार की बुनियाद के पत्थर हैं.

यकीनन 2017 हिंदुस्तान के आर्थिक इतिहास में सबसे अहम वर्षों में एक के तौर पर दर्ज होगा. इसी साल सरकार ने अर्थव्यवस्था में बुनियादी ढांचागत बदलाव की नींव रखी और इन बदलावों को जेटली ने ही अंजाम तक पहुंचाया. चाहे आधार को दूसरी सेवाओं में लागू करना हो, सब्सिडियों को उनका इस्तेमाल करने वाले तय लोगों तक पहुंचाना हो, माल और सेवा कर (जीएसटी) पर सर्वानुमति बनाना हो, नोटबंदी की गर्म हवाओं को संभालना हो या बैंकों में 32.43 अरब डॉलर की पूंजी लगाने की योजना हो. 2017 में जेटली के लिए एक भी दिन आसान नहीं रहा. इस पर राय अलग-अलग हो सकती है कि जेटली इस साल किस काम को और ज्यादा अच्छे तरीके से कर सकते थे, पर कई अर्थशास्त्रियों की आम राय यह है कि उन्होंने कुछ भी 'गलत' नहीं किया.

वित्त मंत्रालय में उनके सहकर्मी अफसरशाहों से निपटने और हमेशा बड़ी तस्वीर पर नजरें टिकाए रखने की काबिलियत का जिक्र करते हैं. उनके पहले इस मंत्रालय में विराजमान पी. चिदंबरम को जहां 'कुशाग्र बुद्धि' का माना जाता है, वहीं जेटली बारीकियों में कुछ ज्यादा ही उलझते हैं, सो, अफसरों को कुछ ज्यादा सतर्क करते रहते हैं. वकील होने के नाते जेटली का मोलभाव करने का हुनर खासा जाना-माना है.

दिसंबर 2017 में जीएसटी पर राज्यों के वित्त मंत्रियों की ताकतवर समिति के साथ मोलभाव करते वक्त उन्होंने इस हाथ दे और उस हाथ ले की रणनीति अपनाई. बैठक में मौजूद एक अहम अधिकारी ने इंडिया टुडे को बताया कि जेटली किसी भी मौके पर समझौता न करने वाली शर्तों से कहीं नहीं भटके मगर कोई न कोई रास्ता निकालने के लिए अपना दिमाग हमेशा खुला रखा.

पेट्रोलियम और पेट्रोलियम उत्पादों को जीएसटी से बाहर रखने के लिए राज्यों का जबरदस्त दबाव था, पर जेटली ने जीएसटी में शामिल करने पर राज्यों को आखिरकार मना ही लिया, हालांकि उन्होंने जीएसटी लागू होने की तारीख तय करने का जिम्मा जीएसटी परिषद पर छोड़ दिया. कुल मिलाकर उन्होंने आजादी के बाद हिंदुस्तान के सबसे अहम कर सुधार को अंजाम तक पहुंचा दिया और देश को आपस में जुड़ी एक कर व्यवस्था के तहत ले आए, फिर भले ही इसके अमल में कई कमियां रह गई हों.

राजनीति से इतर, जेटली को तेल की गिरती कीमतों का फायदा मिला जिससे उनका तेल सब्सिडी बिल कम हो गया. इससे मुद्रास्फीति, चालू खाते का घाटा और व्यापार संतुलन सरीखे हिंदुस्तान के वृहद आर्थिक संकेतकों को संभालने में मदद मिली. लेकिन जेटली के हाथों में सुस्त पड़ती अर्थव्यवस्था की पतवार भी थी—पांच तिमाहियों से सुस्त होती आर्थिक वृद्धि, वह भी तब जब खुदरा महंगाई नवंबर में 15 महीनों के सबसे ऊंचे मुकाम 4.88 फीसदी पर पहुंच गई.

बीते साल पर जेटली ने इंडिया टुडे (देखें बातचीत) से कहा, ''मुझे लगता है कि कई ढांचागत बदलावों को शुरू या लागू किया गया. जीएसटी में दो और चुनौतियां बाकी हैं—प्रक्रिया को सरल बनाना और कर चोरी रोकने के लिए दोहरी जांच पक्की करना.'' बेशक, उनकी चुनौतियां और बढ़ गई हैं. उनका अगला कदम दिवालिया संहिता सुचारुढंग से लागू करना, जीएसटी की बची-खुची सलवटों को दूर करना, बैंकों में नए सिरे से पूंजी लगाने के काम को तार्किंक अंजाम तक पहुंचाना और हिंदुस्तान को तेज वृद्धि के रास्ते पर ले जाना होगा.

***

Read more!