डेटिंग में AI की एंट्री कैसे बदल रही प्यार और भरोसे का रिश्ता?
एक स्टडी के मुताबिक कई सिंगल लोग डेटिंग में AI की मदद लेते हैं लेकिन जब उनका संभावित पार्टनर ऐसा करता है तो उन्हें उस पर शक होने लगता है. इससे ऑनलाइन रिश्तों में भरोसे और असल पहचान को लेकर सवाल उठ रहे हैं

डेटिंग में बातचीत के लिए अब कई लोग AI की मदद ले रहे (सांकेतिक तस्वीर)
डेटिंग ऐप पर किसी बातचीत की शानदार शुरुआत, मजेदार जवाब या सोच-समझकर लिखा गया इनकार अब जरूरी नहीं कि सामने वाला व्यक्ति ही लिखे. भारत के शहरी इलाकों में सिंगल लोग तेजी से आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) की मदद ले रहे हैं. वे इसकी मदद से बातचीत के लिए मैसेज तैयार कर रहे हैं, अपनी प्रोफाइल को बेहतर बना रहे हैं और प्यार से जुड़ी उलझनों को भी समझने की कोशिश कर रहे हैं.
लेकिन टेक्नोलॉजी पर बढ़ती इस निर्भरता ने एक अजीब विरोधाभास पैदा कर दिया है. लोग प्यार पाने की अपनी संभावनाएं बढ़ाने के लिए AI का इस्तेमाल करने में तो सहज हैं, लेकिन जब कोई संभावित पार्टनर ऐसा ही करता है तो उन्हें इस पर शक होने लगता है.
नई दिल्ली में रहने वाली 27 साल की मार्केटिंग एग्जीक्यूटिव इरा चटर्जी के लिए ChatGPT ऑनलाइन डेटिंग का एक जरूरी हिस्सा बन गया है. वे अक्सर अपने मैसेज को ज्यादा दिलचस्प बनाने के लिए इसका इस्तेमाल करती हैं. खासकर तब, जब उन्हें समझ नहीं आता कि अपनी पसंद के किसी व्यक्ति को क्या जवाब दें.
हालांकि इरा को ऐसे पुरुषों के मैसेज बिल्कुल पसंद नहीं आते जिनकी शुरुआती बातें जरूरत से ज्यादा सधी हुई लगती हैं. वे कहती हैं, "मैं चाहती हूं कि कोई व्यक्ति बिना किसी मशीन की मदद लिए बातचीत कर सके लेकिन शायद मैं खुद भी तो ठीक यही कर रही हूं. यह थोड़ा पाखंड जैसा है."
इरा की यह उलझन डेटिंग ऐप आइल (Aisle) के अक्टूबर 2026 की एक स्टडी में भी नजर आती है. इस स्टडी नाम ‘हाउ इंडिया इज़ यूजिंग टेक्नोलॉजी टू नेविगेट लव’ है. सर्वे में सामने आया कि भारत के 51.2 फीसदी सिंगल लोग अपने डेटिंग मैसेज भेजने से पहले उन्हें AI टूल्स की मदद से जांचते या बेहतर बनाते हैं. वहीं 46 फीसदी लोग अपनी डेटिंग प्रोफाइल लिखने या उसे बेहतर बनाने के लिए AI का इस्तेमाल कर चुके हैं.
इससे भी ज्यादा दिलचस्प बात यह है कि 24.3 फीसदी लोगों ने माना कि वे खुद AI का इस्तेमाल करते हैं लेकिन अगर उनका मैच ऐसा करे तो उन्हें यह बात पसंद नहीं आएगी. महिलाओं में 51.9 फीसदी ने कहा कि वे ऐसे शुरुआती मैसेज को नजरअंदाज कर देती हैं जो AI से लिखे हुए लगते हैं. इससे पता चलता है कि पहली अच्छी छाप छोड़ने के लिए जिस तकनीक का इस्तेमाल किया जा रहा है, वही भरोसा कम करने की वजह भी बन सकती है.
बेंगलुरु में रहने वाले 31 साल के सॉफ्टवेयर इंजीनियर कबीर सेठी के लिए AI का इस्तेमाल किसी को प्रभावित करने से ज्यादा अजीब बातचीत से बचने का तरीका है. वह इसके जरिए सामने वाले के उलझे हुए जवाबों का मतलब समझने, दोबारा मैसेज कब करना है यह तय करने और बातचीत धीमी पड़ने पर सही शब्द तलाशने में मदद लेते हैं.
वे कहते हैं, "कई बार समझ नहीं आता कि सामने वाला दिलचस्पी ले रहा है या सिर्फ शिष्टाचार के नाते जवाब दे रहा है. AI मुझे यह सोचने में मदद करता है कि क्या कहूं ताकि मैं जरूरत से ज्यादा उतावला न लगूं लेकिन मैं यह भी सोचता हूं कि जिस व्यक्ति से मैं बात कर रहा हूं, क्या वह भी ऐसा ही कर रहा है. हो सकता है कि हम दोनों ही दो चैटबॉट की लिखी बातचीत कर रहे हों."
यह चिंता फोटो को लेकर भी है. सर्वे में 40.2 फीसदी लोगों ने कहा कि अगर उन्हें पता चले कि उनके संभावित पार्टनर ने अपनी फोटो बेहतर बनाने के लिए AI का इस्तेमाल किया है, तो उन्हें लगेगा कि उनके साथ धोखा हुआ है और वे उस व्यक्ति को ‘अनमैच’ कर देंगे.
लोग अपनी प्रोफाइल को बेहतर बनाने को भले ही गलत न मानें लेकिन जब कोई दूसरा व्यक्ति अपनी फोटो में टेक्नोलॉजी की मदद से बदलाव करता है तो वे इसे आसानी से स्वीकार नहीं कर पाते. सर्वे के नतीजे यह सवाल भी उठाते हैं कि फोटो में मामूली बदलाव कहां तक ठीक है और किस मोड़ पर यह धोखा बन जाता है. खासकर तब जब ऑनलाइन बनी पसंद को आखिरकार आमने-सामने की मुलाकात में भी परखा जाना होता है.
AI अब सिर्फ फ्लर्टिंग तक सीमित नहीं है बल्कि रिश्तों से जुड़ी निजी सलाह लेने में भी इसका इस्तेमाल बढ़ रहा है. सर्वे के मुताबिक, 53.1 फीसदी महिलाएं अपनी भावनाओं और रिश्तों से जुड़ी उलझनों को समझने के लिए AI का इस्तेमाल करती हैं. चाहे किसी उलझे हुए मैसेज का मतलब समझना हो, किसी झगड़े पर बात करने का तरीका तय करना हो या सामने वाले के मिले-जुले संकेतों को समझना हो, AI तुरंत जवाब देता है.
इससे लोगों को उन निजी बातों पर दोस्तों या परिवार से चर्चा करने में होने वाली झिझक से भी बचने का मौका मिलता है. हालांकि AI की सलाह इस बात पर निर्भर करती है कि इस्तेमाल करने वाला उसे कितनी जानकारी देता है. ऐसे में यह किसी रिश्ते को एकतरफा नजरिए से समझने की सोच को और मजबूत कर सकता है.
शहरी इलाकों में रहने वाले सिंगल लोगों के सामने अब सवाल यह है कि क्या AI उन्हें ज्यादा भरोसे के साथ बातचीत करने में मदद कर रहा है या वे अपनी शख्सियत के कुछ हिस्सों की जिम्मेदारी भी उसे सौंप रहे हैं. जैसे-जैसे डेटिंग प्रोफाइल ज्यादा सधी हुई और बातचीत ज्यादा सोच-समझकर लिखी जाने लगी है, असली चुनौती उस व्यक्ति को पहचानने की होगी जो इन शानदार शब्दों के पीछे है.