अवैध शराब के जहर को शहद से काटेंगी बाराबंकी की महिलाएं

बाराबंकी के पुलिस अधीक्षक अरविंद चतुर्वेदी ने स्थानीय महिलाओं को रोजगार से जोड़कर उनकी सामाजिक और आर्थिक स्थिति सुधारने के लिए 'ऑपरेशन कायाकल्प' शुरू किया.

मोम से दीया बनाने के व्यवसाय में जुटीं चैनपुरवा गांव की महिलाएं
मोम से दीया बनाने के व्यवसाय में जुटीं चैनपुरवा गांव की महिलाएं

उत्तर प्रदेश का बाराबंकी जिला कभी अफीम की खेती के लिए पूरी दुनिया में कुख्यात हुआ करता था. अफीम की खेती पर शि‍कंजा कसा तो एक दशक पहले इस व्यापार में लगे लोग अवैध शराब के धंधे में उतर गए. लखनऊ से करीब 40 किलोमीटर दूर तहसील रामनगर के ब्लॉक सूरतगंज में प्रसिद्ध भगहर झील के आसपास के इलाके पिछले कई वर्षों से अवैध शराब के धंधे के चलते सरकार के लिए सिरदर्द बने हुए हैं. अवैध शराब बनाने और बेचने के लिये कुख्यात यहां की दो ग्राम सभाओं के करीब 10 गांव शामिल हैं. इसमें कजियापुर, मल्लाहनपुरवा, ग्राम चैनपुरवा, ग्राम गड़रियनपुरवा, ग्राम रैदरमऊ, जैदपुर, मधवा जलालपुर, भैरमपुर, गनेशपुर और इब्राहिमपुर शामिल हैं. ये सभी गांव पिछले करीब 15 वर्षों से अवैध शराब के धंधे के दलदल में फंसे हुए हैं. रात के अंधेरे में पुलिस की दबिश, कच्चे माल (लहन) की तोड़-फोड़, अवैध शराब की बरामदगी, सोते हुए बच्चों में दहशत, परिवारों में भगदड़ और पुरूषों की गिरफ्तारी इन गांवों की नियति बन चुकी है. दर्जनों नई उम्र के लड़के इसी अवैध शराब का सेवन करते हुए, मौत के मुंह में समा गए. इसके अलावा बहुत से लोग नर्वस सिस्टम कुप्रभावित होने के कारण अपाहिज भी हो गये. यहां अवैध शराब के धंधे में बड़ी संख्या में महिलाओं के जुड़े होने से मौत के इस कारोबार को मिटाने की सरकारी कवायद बेअसर साबित हो रही थी.

इन्हीं बदनाम गांवों में एक गांव चैनपुरवा है जो जहरीली शराब का दंश भी झेल रहा है. गांव में अक्सर ही पुलिस की दबिश पड़ती थी, बच्चे डर के छिप जाते थे, महिलाएं लड़ने पर उतारू हो जातीं थीं, पुरुष अवैध शराब के साथ पकड़े जाने पर जेल जाते थे, जमानत पर आ कर फिर उसी दलदल में फंस जाते थे. इस गांव के 84 घरों में 32 विधवाएं हैं जिन्होंने अवैध शराब के कारण अपने पति खो दिए. बाराबंकी के पुलिस अधीक्षक अरविंद चतुर्वेदी जब इन कुख्यात गांवों की पड़ताल की तो पता चला कि गांव की ज्यादातर महिलाएं अपनी रसोई चलाने के लिए अवैध शराब का उत्पादन करने के लिए बाध्य हैं, क्योंकि उनके पास आजीविका का कोई साधन नहीं है. चतुर्वेदी ने दो महीने पहले एक पहल करते हुए चैनपुरवा गांव की महिलाओं को रोजगार से जोड़कर उनकी सामाजिक और आर्थिक स्थिति सुधारने के लिए 'ऑपरेशन कायाकल्प' शुरू किया.

अरविंद चतुर्वेदी बताते हैं, “हमने स्थानीय पुलिस के साथ चैनपुरवा गांव में चौपाल लगाई. दो महीने लगातार हर रविवार को चैनपुरवा गए, परिवर्तन का माहौल बनाया. इस दौरान हाईकोर्ट के वरिष्ठ अधिवक्ता, अवध कॉलेज की अध्यापिका, मेरी समाजसेवी पत्नी, कई वरिष्ठ पत्रकार गांव गए और स्वयं-सहायता समूह बना कर उनको मधुमक्खी पालन के लिए मानसिक रूप से तैयार किया. यह समझाया कि अवैध शराब से मधुमक्खी पालन में ज्यादा पैसा मिलेगा, रोज-रोज की जलालत से छुटकारा मिलेगा.” शुरुआती हिचकिचाहट के बाद चैनपुरवा गांव की महिलाएं आगे आईं और वे अवैध शराब के धंधे से निकल का मधुमक्खी पालन के लिए प्रेरित हुईं. अरविंद की पहल पर जिले में लोगों को मधुमक्खी पालन का प्रशिक्षण देने वाले निमित्त सिंह से चैनपुरवा गांव की महिलाओं को मधुमक्खी पालन का प्रशि‍क्षण दिलाया गया. अरविंद चतुर्वेदी बताते हैं, "हमने चैनपुरवा में महिलाओं के एक चुनिंदा समूह को शहद के बक्से वितरित किए हैं. वे शहद का उत्पादन करेंगी और कम से कम 5,000-6,000 रुपये महीना कमाएंगी. इससे न केवल उनकी आर्थिक स्थि‍ति सुधरेगी बल्कि‍ समाज में एक सम्मानजनक स्तर भी प्राप्त करेंगी.”

बाराबंकी के जिलाधि‍कारी डॉ. आदर्श सिंह और सीडीओ मेधा रूपम ने भी चैनपुरवा गांव के हर पात्र व्यक्ति‍ को सरकारी योजनाओं से जोड़ने की पहल शुरू की है. पहले चरण में चैनपुरवा गांव की महिलाएं दीपावली के दृष्टिगत बीज़वैक्स (मधुमक्खी द्वारा जमा किया गया प्राकृतिक मोम)  से दीये तैयार कर रही हैं. मोम के एक दीये की कीमत 5.50 रुपए और सौ दीयों का मूल्य 550 रुपए रखा गया है. इसके अलावा महिलाओं ने पानी में तैरने वाले फ्लोटिंग दीपक भी तैयार किए हैं जिनकी कीमत दस रुपए प्रति दीया है. इन दियों के प्रचार प्रसार और लोगों को इन्हें खरीदने के लिए प्रेरित करने के लिए बाराबंकी जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन ने संयुक्त रूप से पर्चे छपवाए हैं जिन्हें लोगों को भेजकर इस अनोखी पहल के बारे में जागरूक किया जा रहा है. 

चैनपुरवा गांव के अच्छे नतीजों से उत्साहित अरविंद चतुर्वेदी ने अपनी इस पहल का दायरा बढ़ाने की तैयारी कर ली है. मधुमक्खी पालन का प्रशि‍क्षण देने वाले निमित सिंह को जिले के 23 थानों का सर्वे कर उपयुक्तता के आधार पर प्रोजेक्ट रिपोर्ट देने को कहा गया है. कम से कम 18 थानों में मधुमक्खी पालन के लिए पर्याप्त स्थान और उपयुक्त वातावरण है. इस कार्ययोजना के प्रभावी क्रियान्वयन हेतु चिन्हित थानों के 3-4 उत्साही एवं युवा चौकीदारों को चिन्हित कर मधुमक्खी पालन का प्रशिक्षण दिलाया जायेगा, जो इसके रख-रखाव का कार्य करेंगे. इससे होने वाले फायदे से पुलिस विभाग का फंड बढ़ेगा और पुलिसिंग के लिए अच्छे कार्यों में ये फंड इस्तेमाल होगा. शराब के जहर को शहद की मिठास से बेअसर करने के बेहतर नतीजे दूसरे जिलों को भी बाराबंकी से सीख लेने को प्रेरित करेंगे.

***

Read more!