बिहार की राजनीति में चिराग पासवान अलग-थलग क्यों हुए
लोक जनशक्ति पार्टी की इकलौती एमएलसी नूतन सिंह के भाजपा में शामिल होने के साथ ही भगवा दल प्रधानमंत्री मोदी के स्वयंभू ‘हनुमान’ को भूल गया.

अमिताभ श्रीवास्तव
बिहार में लोक जनशक्ति पार्टी (लोजपा) की इकलौती एमएलसी नूतन सिंह जब 22 फरवरी को भाजपा में शामिल हुईं तो राज्य के राजनैतिक हलकों में मजाक शुरू हो गया. जनता दल (यूनाइटेड) या जद (यू) के कुछ नेता आपस में बात करने लगे कि क्या भगवा दल ने लोजपा प्रमुख चिराग पासवान को दरकिनार कर दिया.
पिछले साल अक्तूबर में जब चिराग ने राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) से बाहर होकर बिहार विधानसभा चुनाव में उतरने और खासकर नीतीश कुमार के जद (यू) से भिड़ने का फैसला लिया तब उन्होंने खुद को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का ‘‘हनुमान’’ करार दिया था. नतीजतन, भाजपा नेतृत्व ने चिराग की उन शब्दों में आलोचना नहीं की जिन शब्दों में नीतीश की पार्टी चाहती थी. इसकी वजह से ऐसी धारणा बन गई कि चिराग को भाजपा का मौन समर्थन हासिल है.
लेकिन ऐसा लगता है कि चुनाव नतीजों के बाद हालात बदल गए हैं. पहले, लोजपा के संस्थापक रामविलास पासवान की मृत्यु के बाद भाजपा ने—जाहिरा तौर पर जद (यू) के दबाव में—लोजपा से राज्यसभा की खाली सीट को भरने के लिए नहीं कहा. लेकिन लोजपा ने लाज बचाने के लिए कहा कि वह नामांकन करना नहीं चाहती और आखिरकार भाजपा ने दिसंबर के उपचुनाव में अपने नेता सुशील मोदी को राज्यसभा में भेज दिया.
अब ऐसा लगता है कि भाजपा ने, जिसने दिसंबर 2020 में अरुणाचल प्रदेश में जद (यू) के छह विधायकों को पार्टी में शामिल कर लिया, लोजपा की इकलौती एमएलसी के पाला बदलने से पहले चिराग से मशविरा नहीं किया. नूतन सिंह के पार्टी बदलने के एक दिन बाद चिराग ने पार्टी संगठन में फेरबदल करते हुए दो वरिष्ठ नेताओं—राजू तिवारी और संजय पासवान—को क्रमशः प्रदेश का कार्यकारी अध्यक्ष और प्रमुख महासचिव बना दिया. इसे पार्टी को पुनर्जीवित करने के प्रयास के रूप में देखा गया. गौर तलब है कि समस्तीपुर से लोजपा के सांसद और चिराग के रिश्तेदार प्रिंस राज पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष हैं. इसके बावजूद, चिराग ने कार्यकारी अध्यक्ष नियुक्त किया है.
चिराग 28 फरवरी को पटना में आयोजित पार्टी की बैठक में शामिल हुए. वहां उन्होंने बताया कि पार्टी बिहार विधानसभा चुनाव में लोजपा को 24 लाख वोट देने के लिए लोगों का आभार व्यक्त करने की खातिर धन्यवाद यात्रा निकालेगी. उन्होंने लोजपा के अगले लक्ष्य के बारे में भी बताया—बिहार में एक करोड़ वोट जुटाना.
सनद रहे कि चिराग ने नूतन सिंह के भाजपा में शामिल होने को झटका मानने से इनकार कर दिया था. इसके बजाए उन्होंने नूतन सिंह को छोटी बहन करार दिया, जिन्होंने शायद इसलिए पाला बदल लिया क्योंकि उनके पति नीरज सिंह भाजपा में हैं और उन्हें हाल में नीतीश के मंत्रिमंडल में शामिल किया गया है. जनवरी में लोजपा के इकलौते विधायक राजकुमार सिंह की नीतीश कुमार से मुलाकात के बाद अटकलें लगाई जा रही थीं कि वे भी पाला बदल सकते हैं. लेकिन ऐसा नहीं हुआ.
जद (यू) के अंदरूनी लोगों का कहना है कि विधानसभा चुनाव में खराब प्रदर्शन के लिए उनकी पार्टी चिराग और उनकी लोजपा को जिम्मेदार मानती है. जद (यू) ने 243 सदस्यीय विधानसभा में 115 सीटों पर अपने उम्मीदवार खड़े किए थे, जिनमें से केवल 43 जीत सके. दूसरी ओर, सहयोगी भाजपा ने 110 सीटों में से 74 सीटें जीतकर एनडीए में जद (यू) को दूसरे स्थान पर पहुंचा दिया. नीतीश की पार्टी के एक नेता कहते हैं, ‘‘लेकिन जद (यू)-भाजपा गठबंधन —अपने छोटे सहयोगियों, मुकेश सहनी की वीआइपी और जीतनराम मांझी की हम—के साथ मामूली बहुमत के साथ सत्ता में आ गई और लोजपा कोई छाप नहीं छोड़ पाई क्योंकि उसे विधानसभा में एक भी सीट नहीं मिली. जद (यू) ने अब लोजपा के लिए भाजपा का दरवाजा बंद करा दिया है.’’
माना जाता है कि जद (यू) ने भाजपा को बता दिया है कि चिराग को दिवंगत रामविलास पासवान की जगह केंद्र सरकार में जगह न मिले. लोकसभा में जद (यू) के 16 सांसद हैं, जो एनडीए में भाजपा के बाद सांसदों की सबसे ज्यादा संख्या है. लोजपा के छह सांसद हैं.
चिराग ने विधानसभा चुनाव से कुछ महीने पहले ही नीतीश कुमार पर हमला बोलना शुरू कर दिया था. फिर चुनाव से ऐन पहले लोजपा एनडीए से बाहर हो गई और जद (यू) के हिस्से की सीटों पर अपने उम्मीदवार खड़े कर दिए, जिससे नीतीश कुमार की पार्टी के वोट बंट गए. जद (यू) के कई नेताओं को तब संदेह हुआ था कि चिराग के इस कदम को भाजपा का मौन समर्थन हासिल है. लेकिन अब चुनाव के बाद लगता है कि जद (यू) बदला भंजाने के मूड में है. जद (यू) ने 18 फरवरी को लोजपा के 200 से ज्यादा वरिष्ठ नेताओं को अपने में शामिल कर लिया.
पूर्व विधायक और बिहार में भाजपा के प्रमुख चेहरे रामेश्वर चौरसिया, जो विधानसभा चुनाव से पहले लोजपा में शामिल हो गए थे, भी पिछले हफ्ते पार्टी से अलग हो गए. राजनैतिक विश्लेषकों का मानना है कि यह तो नीतीश के ‘ऑपरेशन पेबैक’ की महज शुरुआत है. उनकी पार्टी लोजपा के कुछ और नेताओं को भी शामिल करने की कोशिश करेगी. लोगों की याददाश्त छोटी होती है, लेकिन नेताओं की नहीं. और बिहार में बदले की राजनीति जारी है.
***