यूपी की सीमाएं हुईं सील, आइजी डीआइजी करेंगे निगरानी
नेपाल के रास्ते देश में कोरोना फियादीन के आने की खुफिया जानकारी के बाद गोरखपुर में खास सतर्कता बरतनी शुरू हो गई है. यूपी से लगने वाली नेपाल सरहद पर खास निगहबानी की जा रही है, आला अधिकारी खुद ले रहे हैं तैयारियों का जायजा

सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) कार्यालय की तरफ से पिछले तीन अप्रैल को बिहार के पश्चिमी चंपारण के जिला प्रशासन को एक पत्र लिखकर नेपाल में बैठे एक जेहादी पर देश में कोरोना फैलाने की योजना बनाने के बारे में आगाह किया गया था. इस पत्र में आशंका जताई गई थी कि इस जेहादी ने कुछ कोरोना संक्रमित लोगों को एक साजिश के तहत भारत में भेजा है.
इसके बाद पश्चिम चंपारण के जिलाधिकारी ने सात अप्रैल को स्थानीय पुलिस प्रशासन को एक पत्र लिखकर नेपाल सीमा पर सतर्कता बरतने के निर्देश दिए थे. हालांकि नेपाल के रास्ते देश में कोरोना फियादीन के आने की खुफिया जानकारी के बाद गोरखपुर में खास सतर्कता बरतनी शुरू हो गई थी. इसके तहत गोरखपुर-नेपाल बार्डर के चार प्रमुख रास्तो के साथ ही जोन की करीब ४२५ पगडंडियों को भी सील कर दिया गया है. अपर पुलिस महानिदेशक गोरखपुर जोन दावा शेरपा स्वयं ही सीमावर्ती जिलों का निरीक्षण कर रहे हैं.
उधर पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) ने भी लाकडाउन में यूपी से सटे नेपाल बार्डर समेत प्रदेश की अन्य सीमाओं पर सख्त निगरानी की व्यवस्था की है. डीजीपी ने इसके लिए सभी जोन के आइजी और डीआइजी की पूरी टीम को अगले तीन दिनों तक सीमा का निगरानी का जिम्मा सौंपा है.
डीआईजी रेंज चित्रकूट दीपक कुमार चित्रकूट, बांदा व महोबा के मध्य प्रदेश राज्य बार्डर की जिम्मेदारी संभालेंगे.
डीआईजी रेंज बरेली राजेश कुमार पांडेय पीलीभीत व बरेली के नेपाल बार्डर में लॉकडाउन प्रभावी तरीके से लागू कराएंगे. प्रीतिन्दर सिंह अलीगढ़ में ही कैंप करेंगे. उन्हें अलीगढ़ के हरियाणा राज्य बार्डर की जिम्मेदारी मिली है. आईजी रेंज झांसी सुभाष सिंह बघेल झांसी में कैंप करते हुए जालौन, झांसी व ललितपुर के मध्य प्रदेश राज्य बार्डर की निगरानी संभालेंगे.
आईजी रेंज कानपुर मोहित अग्रवाल इटावा में कैंप करेंगे. वह मध्य प्रदेश बार्डर की जिम्मेदारी संभालेंगे. डीआईजी रेंज बस्ती आशुतोष कुमार सिद्धार्थनगर में कैंप करते हुए नेपाल बार्डर की निगरानी कराएंगे. डीआईजी रेंज गोरखपुर डी राजेश राव मोदक महाराजगंज में कैंप करते हुए कुशीनगर व देवरिया के बिहार राज्य बार्डर व महाराजगंज के नेपाल बार्डर की जिम्मेदारी देखेंगे. डीआईजी रेंज देवीपाटन राकेश सिंह बहराइच में कैंप करते हुए श्रावस्ती बहराइच व बलरामपुर के नेपाल बॉर्डर को संभालेंगे.
आईजी रेंज प्रयागराज कवीन्द्र प्रताप सिंह यहीं कैंप करते हुए एमपी बार्डर की निगरानी करेंगे. आईजी रेंज मेरठ प्रवीण कुमार को इन तीन दिनों के दौरान बागपत, बुलंदशहर, मेरठ व गाजियाबाद के दिल्ली व हरियाणा राज्य के बॉर्डर पर लॉकडाउन को प्रभावी तरीके से लागू कराने की जिम्मेदारी होगी वह गाजियाबाद में कैंप करेंगे. आईजी रेंज मुरादाबाद रमित शर्मा को बिजनौर, मुरादाबाद व उत्तराखंड से लगने बॉर्डर की जिम्मेदारी सौंपी गई है.
***