इस बार बदली सी होगी यूपी बोर्ड परीक्षा की मार्कशीट

जून के अंत में जब बोर्ड परीक्षाओं के नतीजे आएंगे को छात्रों के मार्कशीट और सर्टिफिकेट इस बार कुछ अलग होंगे. मार्कशीट से होने वाले फर्जीवाड़े पर रोक लगाने के लिए बोर्ड यह कदम उठा रहा है.

यूपी माध्यमिक शिक्षा परिषद
यूपी माध्यमिक शिक्षा परिषद

इस वर्ष रिकार्ड समय में बोर्ड परीक्षाएं कराने वाला उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा बोर्ड इस बार कुछ और भी बदलाव करने जा रहा है. जून के अंत में जब बोर्ड परीक्षाओं के नतीजे आएंगे को छात्रों को मिलने वाली मार्कशीट और सर्टिफिकेट पिछली बार से कुछ अलग होंगे. हाईस्कूल और इंटर की मार्कशीट से होने वाले फर्जीवाड़े पर रोक लगाने के लिए बोर्ड यह कदम उठा रहा है. मार्कशीट और सर्टिफिकेट पर छात्र के माता-पिता का नाम अंग्रेजी और हिन्दी में अंकित होगा. इसके अलावा बार कोड भी दिया जाएगा. इससे मार्कशीट का आसानी से ऑनलाइन सत्यापन हो सकेगा. कोई गड़बड़ी होने पर वह तत्काल पकड़ में आ सकेगी.

फर्जी मार्कशीट और सर्टिफिकेट से नौकरी हासिल करने के कई मामले सामने आ चुके हैं. शिक्षक भर्ती में अनामिका प्रकरण में भी फर्जी दस्तावेजों के जरिए नौकरी हासिल करने का प्रकरण भी आजकल चर्चा में है. ऐसी गड़बड़ियों को रोकने को लेकर यूपी बोर्ड भी सक्रिय हो गया है. हाईस्कूल और इंटर की मार्कशीट तथा सर्टिफिकेट का गलत प्रयोग लगातार बढ़ रहा है. यह बात जांच में सामने आ चुकी है. कई लोग नौकरी हासिल करने के लिए संबंधित नाम की मार्कशीट का प्रयोग कर लेते हैं. उसके बाद सेटिंग से सारा काम हो जाता है. लेकिन अब सरकार को गुमराह करना आसान नहीं होगा. मार्कशीट और सर्टिफिकेट का ऑनलाइन सत्यापन करने पर छात्र की सारी कुंडली सामने आ जाएगी. यहां तक कि किस विद्यालय से फार्म भरा और कहां से पेपर दिए, यह भी पता चल जाएगा.

बोर्ड की तरफ से 27 जून को परीक्षाफल घोषित करने की तैयारी चल रही है. इसके अलावा बोर्ड कुछ और भी प्रावधान कर रहा है. अब मार्कशीट में कोई गड़बड़ी होने पर छात्रों को निराश होने की जरूरत नहीं है. अब सीधे बोर्ड को ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे. इसके लिए बोर्ड की तरफ से छात्रों को एक समय दिया जाएगा. मार्कशीट में छात्र के नाम की स्पैलिंग में अक्सर गलती होने के मामले सामने आते हैं. यूपी बोर्ड के छात्रों को भी एक विषय में फेल होने पर दोबारा परीक्षा देने का मौका मिलेगा. कोई छात्र एक विषय में फेल हो जाता है, तो वह दोबारा परीक्षा देने के लिए ऑनलाइन आवेदन कर सकता है. इससे उनका एक वर्ष बर्बाद नहीं होगा. इस बार सरकार की तरफ से यह राहत प्रदान की गई है.

***

Read more!