जद (यू) में उपेंद्र कुशवाहा के आने से नीतीश की ‘लव-कुश’ रणनीति कैसे मजबूत होगी

कुर्मी नीतीश कुमार को अपना सुप्रीम लीडर मानते हैं और कुशवाह का नेतृत्व उपेंद्र कुशवाहा करते हैं. बिहार में दोनों जातियों को मिलाकर करीब 12 फीसद मतदाता हैं.

मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के साथ उपेंद्र कुशवाहा
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के साथ उपेंद्र कुशवाहा

अमिताभ श्रीवास्तव

मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और उपेंद्र कुशवाहा ने बेहतर भविष्य पर दांव लगाते हुए बिहार में लव-कुश एकता के नए युग का सूत्रपात किया है. रविवार को कुशवाहा की राष्ट्रीय लोक समता पार्टी (आरएलएसपी) का नीतीश कुमार के जद (यू) में विलय हो गया. इससे बिहार के राजनैतिक परिदृश्य में ओबीसी की दो महत्वपूर्ण सामाजिक शक्तियों—कुर्मी और कोयरी (कुशवाहा), जिन्हें राजनैतिक शब्दावली में ‘लव-कुश’ के तौर पर जाना जाता है—के मतदाताओं के विलय की संभावना है.

बिहार की अन्य पिछड़ी जातियों (ओबीसी) में यादव के बाद कुशवाहा की सबसे ज्यादा संख्या है और माना जाता है कि वे राज्य की आबादी के 7 फीसद हैं. हालांकि वे अभी कुशवाहा जाति के उस तरह निर्विवाद नेता नहीं हैं जैसे लालू प्रसाद यादव सबसे बड़ी ओबीसी जाति के नेता हैं, फिर भी वे अपने समुदाय के सबसे कद्दावर नेता हैं.

2019 के लोकसभा चुनाव और 2020 के विधानसभा चुनाव में एक भी सीट हासिल करने में नाकाम कुशवाहा अपने वजूद के संकट से जूझ रहे थे. ऐसे में यह विलय इससे बेहतर समय पर नहीं हो सकता था. इसी तरह बिहार के मुख्यमंत्री के लिए उन्हें अपने पाले में लाना भी बड़ी उपलब्धि है.

वैसे, यह हकीकत है कि नीतीश कुमार कुर्मी और कुशवाहा जातियों के आधार पर राजनीति में आगे नहीं बढ़े और अब भी महत्वपूर्ण बने हुए हैं. उनका मुख्य जनाधार संख्या के लिहाज से अहम अति पिछड़ी जातियां (ईबीसी) और महदलित हैं. फिर भी अगर कुशवाहा अपनी जाति के वोटों का बड़ा हिस्सा जद (यू) को ट्रांसफर कराने में कामयाब रहे तो नीतीश कुमार की पार्टी बिहार में ताकतवर हो जाएगी.

पिछले साल के विधानसभा चुनाव में जद (यू) के सीटों की संख्या घटकर महज 43 हो गई और आरएलएसपी को एक भी सीट नहीं मिली. ऐसे में दोनों पार्टियों के विलय से जद (यू) की ताकत बढ़ने की संभावना है.

संयोगवश, नीतीश कुमार आरएलएसपी के नेता कुशवाहा के पहले राजनैतिक संरक्षक थे. हालांकि कुशवाहा 2000 के विधानसभा चुनाव में पहली बार निर्वाचित हुए थे, लेकिन नीतीश कुमार ने उन्हें सुशील कुमार मोदी के लोकसभा चुनाव में जीतने के बाद मार्च 2004 में विपक्ष का नेता बना दिया था. लेकिन फरवरी और अक्तूबर 2005 में हुए विधानसभा चुनाव में कुशवाहा हार गए. वे 2006 में नेशनलिस्ट कांग्रेस पार्टी (एनसीपी) में शामिल हो गए और 2010 में वापस जद (यू) में लौट आए, जिसके बाद उन्हें राज्यसभा की सीट से नवाजा गया. लेकिन वे एक बार फिर नीतीश कुमार से उलझ गए और 2013 में जद (यू) के साथ ही राज्यसभा की सीट को भी छोड़ दिया. एक साल बाद वे भाजपा के नेतृत्व वाले एनडीए में शामिल हो गए और केंद्रीय मंत्री बन गए. दिसंबर 2018 में कुशवाहा एनडीए से निकल गए और राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के नेतृत्व वाले महागठबंधन में शामिल हो गए. लेकिन चुनाव में बुरी तरह हारने के बाद उससे भी बाहर हो गए. जुलाई 2017 में नीतीश कुमार के एनडीए में शामिल होने के बाद कुशवाहा के गठबंधन से निकलने को उनके घटते कद के रूप में देखा गया.

विभिन्न राजनैतिक कलाबाजियों के बावजूद अगले दो चुनावों—2019 में लोकसभा और 2020 विधानसभा चुनाव—कुशवाहा को कोई सीट नहीं मिली. कुशवाहा ने राजद के नेतृत्व वाले गठबंधन के साझीदार के तौर चुनाव लड़ा था और उन्हें करारी शिकस्त मिली. पिछले साल के विधानसभा चुनाव में भी उन्हें कुछ नहीं मिला, जिसमें वे बहुजन समाज पार्टी (बसपा) और ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन (एआइएमआइएम) के साथ लड़े थे. आरएलएसपी ने 99 सीटों पर अपने उम्मीदवार उतारे और उसे एक सीट भी न मिली.

हालांकि जद (यू) में शामिल होने के कुशवाहा के फैसले से आरएलएसपी के कुछ नेता खुश नहीं हैं और 30 से ज्यादा राज्य और जिला स्तरीय पदाधिकारी राजद में शामिल हो गए, लेकिन इसके बावजूद राजद में शामिल होने वाले नेताओं के मुकाबले अपनी जाति पर उनकी पकड़ ज्यादा है.

कुशवाहा का जद (यू) में शामिल होना भी उनके राजनैतिक पुनर्वास के लिए जरूरी था. बिहार में ‘लव-कुश’ एकता के लिए नीतीश कुमार भी आरएलएसपी के नेता को अपने पक्ष में करके खुश होंगे. राज्य के मतदाताओं में करीब 14 फीसद यादवों के बीच राजद की मजबूत पकड़ को देखते हुए नीतीश कुमार के चुनावी कामयाबी में ‘लव-कुश’ का जनाधार महत्वपूर्ण योगदान करता रहा है. कुर्मी नीतीश कुमार को अपना सुप्रीम लीडर मानते हैं और उपेंद्र कुशवाहा अपनी जाति के लोगों का नेतृत्व करना चाहते हैं. इन दोनों जातियों के मतदाताओं की संख्या करीब 12 फीसद है. नब्बे के दशक से ही, जब नीतीश कुमार ने लालू प्रसाद और उनके एम-वाइ (मुस्लिम-यादव) जनाधार को चुनौती दी, लव-कुश ने एकजुट होकर उन्हें समर्थन दिया है. बाद में यह महत्वपूर्ण वोट बैंक बन गया, जिसने बिहार में 2005 में पहली बार एनडीए को सत्ता तक पहुंचाया. नीतीश कुमार की टीम में कुशवाहा के शामिल होने से यह धुरी और मजबूत हो सकती है.

हालांकि नीतीश कुमार कभी भी जाति आधारित ध्रुवीकरण के बारे में बात नहीं करते, लेकिन उन्हें अच्छी तरह मालूम है कि लव-कुश की जोड़ी एम-वाइ के उभार को आसानी से खत्म कर सकती है.

पारंपरिक रूप से यादव पशुपालन से जुड़े रहे हैं और कुशवाहा तथा कुर्मी खेती-बाड़ी करते रहे हैं. बिहार की जाति व्यवस्था में कुशवाहा यादवों के मुकाबले सामाजिक रूप से कुर्मियों के करीब रहे हैं. इसी वजह से माना जाता है कि उपेंद्र कुशवाहा राजद के लालू प्रसाद के मुकाबले नीतीश कुमार के साथ ज्यादा बेहतर प्रदर्शन कर सकते हैं.

पिछले लोकसभा चुनाव में कुशवाहा ने यादवों के दूध और कुशवाहाओं के चावल से स्वादिष्ट खीर बनाने का आह्वान किया था. तब राजद और आरएलएसपी को एक भी सीट नहीं मिली थी. अन्य वजहों के अलावा एक वजह यह भी थी कि उनके जनाधार बिहार की जाति व्यवस्था में सहज सहयोगी नहीं हैं.

नीतीश कुमार नब्बे के दशक में लालू से अलग हो गए थे, तब कई नेताओं ने लव-कुश एकता का आह्वान किया था. शकुनी चौधरी, नागमणि, तुलसीदास मेहता और उपेंद्र कुशवाहा समेत कई लोगों ने कुशवाहा जाति का एकछत्र नेता बनने की कोशिश की लेकिन यह समुदाय काफी हद तक नीतीश के साथ बना रहा क्योंकि कुशवाहा जाति के नेता पाली बदलने के लिए जाने जाते हैं.

हालांकि उपेंद्र कुशवाहा भी कई बार पाली बदल चुके हैं, लेकिन उनका जनाधार नीतीश के साथ है, जिससे उनकी घर वापसी हो गई है. नीतीश कुमार ने पहले ही ‘भाई उपेंद्र जी’ को जद (यू) संसदीय दल का प्रमुख बना दिया है, जिसके 16 लोकसभा सांसद हैं. उन्होंने कहा, ‘‘हमारे पुराने संबंध हैं, हम साथ मिलकर काम करेंगे.’’

***

Read more!