शख्सियत: कोरोना के सामने रवींद्र का बुलंद घेरा
बुलंदशहर के जिलाधिकारी रवींद्र कुमार ने रोबोट, 'गूगल स्प्रेड शीट' जैसी कई तकनीकों का उपयोग और गहन स्क्रीनिंग का ऑपरेशन कोरोना हंट शुरू करके कोरोना संक्रमण को नियंत्रित रखा है.

बुलंदशहर जिले के कलेक्ट्रेट भवन में जिलाधिकारी रवींद्र कुमार के कमरे के बगल में बने कोविड कंट्रोल रूम के दरवाजे पर लगा 'डोर फेम मेटल डिटेक्टर' सुरक्षा जांच के लिए आमतौर पर दिखने वाली मशीन नहीं है. इसमें 'ऑटोमैटिक बॉडी थर्मल स्कैनिंग डिवाइस' और सीसीटीवी कैमरा भी लगा है. इस डिवाइस से गुजरने वाले हर शख्स की न केवल दूर से थर्मल स्कैनिंग हो जाती है बल्कि सीसीटीवी कैमरे की मदद ने कंट्रोल रूम की स्क्रीन पर वीडियो भी आ जाता है. इससे यह पता चलता है कि कंट्रोलरूम में आने वाले किस आदमी का ‘टेंपरेचर’ कितना है. अगर तापमान अधिक है तो अलार्म भी बजता है और व्यक्ति को तुरंत कंट्रोल रूम के भीतर आने से मना कर दिया जाता है.
इस खास मेटल डिटेक्टर से गुजरने के बाद सामने एक रोबोट खड़ा मिलता है. रोबोट के सामने हाथ फैलाए बिना कोई भी भीतर नहीं जा सकता. रोबोट के सामने हाथ लाने पर इससे सेनिटाइजर की धार निकलती है. हाथों को विसंक्रमित करने के बाद ही हर किसी को कंट्रोलरूम के भीतर आने की अनुमित मिलती है. बुलंदशहर के जिलाधिकारी रवींद्र कुमार ने कोरोना संक्रमण के खिलाफ लड़ाई में किस तरह से तकनीकी का सहारा लिया है, कंट्रोलरूम इसकी एक हल्की सी झलक दिखाता है.
लॉकडाउन का दूसरा चरण शुरू होने के बाद रवींद्र एक दिन कंट्रोल रूम में अधिकारियों के साथ बैठे थे तभी उन्हें पता चला कि बुलंदशहर में रहने वाला एक स्टूडेंट रोबोट बनाना जानता है. रवींद्र ने उसे बुलाया और उससे 'टच फ्री हैंड सेनेटाइजर' देने वाला रोबोट बनाने को कहा. एक हफ्ते की मेहनत के बाद उस छात्र ने रोबोट तैयार कर दिया. इसे कंट्रोलरूम के गेट पर रखवाया गया. इस रोबोट के हाथ के नीचे हाथ ले जाने के पर यह सेनिटाइजर रिलीज करता है. इस तरह एक ही बोतल को बार-बार छूकर उससे सेनेटाइजर निकालने से होने वाले संक्रमण की आशंका समाप्त हो जाती है.
एक अन्य रोबोट बनवाकर रवींद्र ने उसे कोविड अस्पताल में मरीजों तक भोजन और दवाएं पहुंचाने के लिए दिया. यह रोबोट एक गाड़ी की शक्ल में है जिसमें सामान रखकर उसे रिमोट के जरिए मरीज के बिस्तर तक पहुंचाया जाता है. मरीज रोबोट से भोजन और दवाएं निकाल लेता है. इस तरह डॉक्टर और पैरामेडिकल स्टाफ के मरीज के नजदीक न जाने से उनके संक्रमित होने की आशंका भी शून्य हो गई.
हर दम कुछ नया करते रहने की आदत वाले रवींद्र के सामने लॉकडाउन एक बड़ी चुनौती के रूप में सामने आया था. हालांकि होली के बाद से ही देश में कोरोना संक्रमण के फैलने की खबरें अखबारों और न्यूज चैनल की सुर्खियां बटोरने लगी थीं. रवींद्र को भी इसका अंदेशा था कि देर-सबेर दिल्ली के नजदीक मौजूद बुलंदशहर जिला भी इस बीमारी की चपेट में आ सकता है. रवींद्र फौरन इस बीमारी से निबटने के लिए एक कोर टीम बनाने में जुट गए. अपने अधीनस्थ अधिकारियों की क्षमता को पहचानते हुए उन्हें उसी के अनुरूप जिम्मेदारी भी दी.
बुलंदशहर के अपर जिलाधिकारी (एडीएम) प्रशासन को रिपोर्टिंग और इनफोर्समेंट का जिम्मा सौंपा गया. जरूरी सामानों का इंतजाम करने की जिम्मेदारी एडीएम न्यायिक को मिली. बुलंदशहर में स्वास्थ्य विभाग का तंत्र काफी कमजोर था और कोरोना का संक्रमण रोकने में सेहत महकमे की बड़ी भूमिका थी. रवींद्र ने मुख्य चिकित्साधिकारी सीएमओ की मदद के लिए परियोजना निदेशक (पीडी) और जिला पंचायत के अपर मुख्य अधिकारी (एएमए) की ड्यूटी लगाई. कलेक्ट्रेट में बने कंट्रोल रूम की निगरानी एडीएम वित्त के हिस्से में आई. मुख्य विकास अधिकारी (सीडीओ) को गरीबों के कल्याण के लिए चलाई जाने वाली सभी योजनाओं और मजदूरों की मदद के लिए जारी होने वाले सरकारी आदेशों को फौरन तामील कराने की जिम्मेदारी दी गई.
इस पूरी कवायद का नतीजा यह हुआ कि जब लॉकडाउन लागू हुआ तब बुलंदशहर में अधिकारियों की पूरी टीम मुस्तैदी से जुटी थी. अचानक बंदी होने के बाद जरूरी सेवाएं लोगों के दरवाजे तक पहुंचती रहीं. लॉकडाउन लागू होने के बाद बुलंदशहर में अचानक स्वास्थ्य विभाग के अस्पतालों में जरूरी सामानों की कमी होने लगी थी. सीएमओ कार्यालय इन सामानों की ख्ररीद करने में सफल नहीं हो पा रहा था. रवींद्र पर दबाव बढ़ रहा था. उन्होंने एक ऐसे अधिकारी को मेडिकल सामानों की खरीद का जिम्मा सौंपा जिनका पश्चिमी उत्तर प्रदेश के बिजनेसमैन से अच्छे रिश्ते थे. ये बुलंदशहर के खादी ग्रामोद्योग अधिकारी थे. अस्पतालों को सप्लाई होने वाले पीपीइ किट, थर्मल स्कैनर जैसे जरूरी सामानों को समय से और कम दर पर खरीदने में इन्होंने बड़ी भूमिका निभाई.
सही अधिकारियों की सही जगह पर तैनाती से लॉकडाउन में बंदी के बावजूद बुलंदशहर के हालात सामान्य बने रहे. अब बीमारी की रोकथाम के लिए रवींद्र ने बुलंदशहर में 'आपरेशन कोरोना हंट' शुरू किया. बिना किसी सरकारी धन का उपयोग किए लोगों के सहयोग से 500 से ज्यादा थर्मल स्कैनर खरीदे गए. स्वास्थ्य विभाग में तैनात दो सौ एएनएम को थर्मल स्कैनर, पीपीइ किट, मास्क, हेड कवर, ग्लव्स से लैस करके अपने-अपने क्षेत्रों में लोगों की जांच करने की जिम्मेदारी दी गई. इसके अलावा 40 सर्विलांस की टीमें भी बनाई गईं. हर टीम में पांच स्वास्थ्यकर्मी, एक पुलिसकर्मी और एक लेखपाल को रखा गया. इस सात सदस्यीय टीम में तीन को थर्मल स्कैनिंग करने, तीन को डेटा एंट्री करने का दायित्व दिया गया. पुलिसकर्मी के जिम्मे इस टीम की सुरक्षा थी. बुलंदशहर में राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम (आरबीएसके) की कुल 28 गाड़ियां थीं. इन गाड़ियों को जिले के 26 थानों से अटैच किया गया.
कंट्रोल रूम में जैसे ही किसी इलाके में कोरोना का संदिग्ध मरीज होने की सूचना मिलती तुरंत उसके संबंधित थाने को जानकारी भेजी जाती. थाने से अटैच आरबीएसके की गाड़ी फौरन उस संदिग्ध मरीज के पास पहुंच जाती है. इसमें मौजूद मेडिकल टीम मरीज की स्कैनिंग कर, लक्षण संदिग्ध होने पर उसे आइसोलशन वार्ड में भर्ती करने का इंतजाम भी करती है. इसके अलावा जिले में पुलिस चेकपोस्ट पर भी थर्मल स्कैनर दिए गए और यहां से गुजरने वाले हर आदमी की जांच की गई. बुलंदशहर में सभी उपजिलाधिकारी के दस्ते को भी तीन-तीन थर्मल स्कैनर देकर बड़े पैमाने पर लोगों की स्क्रीनिंग करने का ऑपरेशन कोरोना हंट चलाया गया. आज स्थिति यह है कि 43 लाख से कुछ अधिक जनसंख्या वाले जिले बुलंदशहर में अब तक 29.65 लाख लोगों की थर्मल स्कैनिंग की जा चुकी है. इनमें से 2201 केस 'इंफ्लुएंजा लाइक इलनेस' (आइएलआइ), 518 लोग बुखार से पीड़ित, 17 केस 'सीवियर एक्यूट रेस्पिरेटरी इंफेक्शन' (एसएआरआइ) के निकले हैं. इन संदिग्ध मरीजों के 456 सैंपल लिए गए है जिनमें 19 कोरोना पॉजिटिव निकले हैं.
ऑपरेशन कोरोना हंट की निगरानी के लिए भी एक सिस्टम बनाया गया. एएनएम अपने क्षेत्र में की गई स्क्रीनिंग की पूरी रिपोर्ट रोज अपने स्वास्थ्य केंद्र के मेडिकल अफसर इनचार्ज (एमओआइसी) को देती है. एमओआइसी इसको 'गूगल स्प्रेड शीट' पर दर्ज करता है. इसी प्रकार सभी सर्विलांस टीमें भी अपने आंकड़ों को 'गूगल स्प्रेड शीट' पर दर्ज करती हैं. रवींद्र ने जरूरी आंकड़ों को एक जगह संग्रहीत करने और उनके विश्लेषण के लिए 'गूगल स्प्रेड शीट' नाम से एक ऑनलाइन साफ्टवेयर तैयार कराया है. स्क्रीनिंग में लगी हर टीम को इसका आइडी और पासवर्ड दिया गया है. रोज ये सभी टीमें इसपर अपने आंकड़े दर्ज करती हैं और ‘एकुमुलेटेड’ रूप से यह ऑनलाइन रवींद्र के पास पहुंच जाता है.
ऑपरेशन कोरोना हंट के अलावा अस्पतालों में क्या सुविधाएं मौजूद हैं? कितने बेड हैं? कितने वेंटिलेटर हैं? ‘मेडिकल कंजेम्युबल’ के स्टॉक की स्थिति क्या है? क्वारंटीन सेंटर की क्या स्थिति है? पुलिस ने क्या कार्रवाई की? ऐसी सभी जानकारियां गूगल स्प्रेड शीट पर दर्ज की जा रही हैं. इसके अलावा रवींद्र ने बुलंदशहर में कोरोना रोकथाम में लगी तहसील की गाड़ियों के आगे 'ऑटोमैटिक बाडी थर्मल स्कैनिंग डिवाइस' लगवाया. इसमें गाड़ी के सामने व्यक्ति को खड़ा करके गाड़ी के अंदर बैठे कर्मचारी के बटन दबाते ही स्क्रीन पर रीडिंग आ जाती है.
इन निरोधात्मक उपायों का असर भी दिखा है. 30 मई की शाम छह बजे तक बुलंदशहर में कुल 119 कोरोना पॉजिटिव केस आ चुके थे जिनमें 83 ठीक हो चुके हैं. यहां अब एक्टिव केस की संख्या 34 है. लॉकडाउन में जब बीमारी का प्रकोप बढ़ा तो प्रदेश सरकार ने संदिग्ध लक्षण वाले लोगों की पहचान करने और उन्हें क्वारंटीन में रखने का आदेश दिया. चूंकि बुलंदशहर में स्कूल-कॉलेज काफी हैं, रवींद्र ने इन सभी भवनों की पहचान करके समय से पहले बड़ी संख्या में क्वारंटीन सेंटर बना दिए. आज बुलंदशहर में 184 क्वारंटीन सेंटर हैं जिसमें करीब 30 हजार लोगों को रखा जा सकता है.
बुलंदशहर में कोरोना संक्रमण से निबटने की जंग में कंट्रोलरूम धुरी बना हुआ है. लॉकडाउन के शुरू होते ही रवींद्र ने बुलंदशहर के कलेक्ट्रेट में जिलाधिकारी कक्ष के बगल नए बने हाल में एक कंट्रोलरूम स्थापित किया. यह कंट्रोल रूम कुल 16 फोन नंबरों वाला है. इनमें दस लैंडलाइन नंबर और छह मोबाइल नंबर हैं. इन सभी मोबाइल नंबरों पर व्हाट्सऐप के जरिए ऑडियो वीडियो माध्यम से शिकायत या सूचना भेजने की व्यवस्था बनाई गई. इसमें तीन शिफ्ट में 24 घंटे ड्यूटी करने के लिए कुल 48 लोग तैनात किए गए. इस कंट्रोल रूम से तेरह विभाग के अधिकारियों को जोड़ा गया. एक वरिष्ठ अधिकारी को हर शिफ्ट का इंजार्च बनाया गया. कंट्रोल रूम में एक सोशल मीडिया सेल भी बनाकर फेसबुक, ट्विटर पर जिलाधिकारी को टैग की जाने वाली शिकायतों के निराकरण के लिए फौरन कार्रवाई की गई.
कंट्रोल रूम के ठीक बगल वाले कमरे में एक वायरलेस कंट्रोलरूम भी बनाया गया जहां पुलिस के अधिकारी वायरलेस लेकर चौबीस घंटे बैठते हैं. कंट्रोल रूम और वायरलेस कंट्रोल रूम के एक साथ होने का फायदा यह हुआ कि कहीं कोई इमरजेंसी होने पर कंट्रोल रूम से इसकी सूचना तुरंत वायरलेस कंट्रोलरूम को भी दी जाती है. वायरलेस के जरिए तुरंत पुलिस को सूचना भेज दी जाती है. इस पूरी व्यवस्था के कार्यों की समीक्षा के लिए रवींद्र रोज रात साढ़े आठ बजे पुलिस, स्वास्थ्य विभाग समेत सभी नोडल अधिकारियों के साथ बैठक करते हैं.
बुलंदशहर में तकनीकी का घेरा तैयार कर कोरोना संक्रमण को काफी हद तक नियंत्रित रखने वाले रवींद्र का जन्म बिहार के बेगूसराय जिले के किसान परिवार में हुआ था. रवींद्र ने नवोदय विद्यालय से हाइस्कूल किया. वर्ष 1999 में रांची के डीएवी जवाहर विद्यामंदिर से इंटरमीडियट करने के बाद रवींद्र ने आइआइटी प्रवेश परीक्षा पास की. रैंक अच्छी न होने के कारण इन्हें मनमाफिक ब्रांच नहीं मिली. इसी प्रवेश परीक्षा के आधार पर रवींद्र को केंद्र सरकार के 'टीएस चाणक्या कॉलेज ऑफ नॉटिकल साइंस, मुंबई' में प्रवेश मिल गया. वर्ष 2002 में यहां से बीएसएसी इन नॉटिकल साइंस करने के साथ ही एक यूरोपियन कंपनी में इनका कैंपस सेलेक्शन हो गया.
छह साल तक रवींद्र शिपिंग की नौकरी में रहे. इस वक्त तक यह सीनियर अफसर बन गए थे और नौ हजार डालर प्रतिमाह की सैलरी पा रहे थे. इसी दौरान रवींद्र के मामा, जो बिहार पुलिस सेवा में थे, की प्रेरणा से रवींद्र ने अच्छी खासी नौकरी छोड़कर सिविल सेवा में जाने का मन बनाया. वर्ष 2011 में इनका भारतीय सिविल सेवा में चयन हो गया. इन्हें सिक्किम कॉडर मिला. इसी दौरान सिक्किम में भूकंप आया था जिसमें राहत कार्यों के लिए बड़ी संख्या में पर्वतारोहियों की मदद ली गई थी. इसने रवींद्र को भी पर्वतारोही बनने की प्रेरणा दी. इन्होंने 'हिमालय माउंटेनियरिंग इंस्टीट्यूट दार्जिलिंग' से पर्वतारोहण का प्रशिक्षण लिया. वर्ष 2013 में रवींद्र ने इमरजेंसी में लोगों की मदद का संदेश लेकर माउंट एवरेस्ट की चोटी फतह की. ऐसा करने वाले यह देश के अकेले आइएएस अफसर हैं.
वर्ष 2016 में रवींद्र यूपी आ गए. यह सीडीओ सीतापुर और फर्रुखाबाद के जिलाधिकारी बने. तीन महीने कमिश्नर, इंटरटेनमेंट टैक्स रहने के बाद दिसंबर, 2017 में यह प्रतिनियुक्ति पर केंद्र सरकार में चले गए. तत्कालीन केंद्रीय मंत्री, पेयजल एवं स्वच्छता मंत्रालय उमा भारती के पर्सनल सेक्रेटरी बने. अक्टूबर, 2018 में स्वच्छ भारत मिशन का 'इंटरनेशनल सेनिटेशन कन्वेंशन' का आयोजन हुआ. रवींद्र उस वक्त पेयजल एवं स्वच्छता मंत्रालय में ही तैनात थे. कन्वेंशन के दौरान ही रवींद्र ने पानी की समस्या और स्वच्छ भारत मिशन का संदेश लेकर एक बार फिर माउंट एवरेस्ट की चोटी फतह करने का मन बनाया.
पिछले वर्ष 23 मई को जिस वक्त लोकसभा चुनाव की काउंटिंग चल रही थी उसी समय रवींद्र दूसरी बार माउंट एवरेस्ट की चोटी फतह कर रहे थे. एवरेस्ट पर चढ़ाई के पूरे रोमांच को रवींद्र ने 'मेनी एवरेस्ट्स' नाम की अपनी किताब में लिपिबद्ध किया है. जुलाई, 2019 में यह यूपी वापस आ गए और राज्य पोषण मिशन के निदेशक बने. पांच दिन बाद प्रदेश सरकार ने इन्हें बुलंदशहर का जिलाधिकारी बना दिया. कोरोना संक्रमण से निबटने की पहाड़ सरीखी चुनौती से पार पाना ही रवींद्र की असल परीक्षा है जिसमें फिलहाल वे बढ़त बनाए हुए हैं.
***