नोएडा और लखनऊ में बनेगी कोरोना जांच किट
कोरोना वायरस की रोकथाम में उत्तर प्रदेश एक बार फिर देश में नई शुरुआत करने जा रहा है. कोरोना जांच के लिए जरूरी किट अब उत्तर प्रदेश में बनना शुरू हो जाएगी.

कोरोना वायरस की रोकथाम में उत्तर प्रदेश एक बार फिर देश में नई शुरुआत करने जा रहा है. कोरोना जांच के लिए जरूरी किट अब उत्तर प्रदेश में बनना शुरू हो जाएगी.
इस नई शुरूआत के सूत्रधार मध्यम, लघु एवं सूक्ष्म उद्योग (एमएसएमई) विभाग के प्रमुख सचिव नवनीत सहगल हैं. नवनीत सहगल बताते हैं “चीन से कोरोना जांच किट न मुहैया कराये जाने के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने यूपी में ही कोरोना जांच किट तैयार करने की दिशा में प्रयास करने का निर्देश दिया था. इसके बाद प्रदेश की दो इकाईयां नोएडा की “मेसर्स न्यू लाइफ” और लखनऊ की “मेसर्स बायोजैनिक्स” को कोरोना जांच के लिए रैपिड किट विकसित करने के लिए चुना गया है. इसके लिए इन्हें राज्य सरकार हर तरह की सुविधाएं मुहैया करा रही है.”
इन कंपनियों में से “मेसर्स न्यू लाइव” द्वारा कोविड-19 की रैपिड टेस्ट किट का सैँपल 10 अप्रैल को “नेशनल इंस्टीट्यूट आफ वायरोलाजी”(एनआइवी) पुणे में जमा कराया गया था.
एनआइवी से हरी झंडी मिलने के बाद यूपी में कोविड-19 की रैपिड जांच किट तैयार करने का रास्ता साफ हो गया है. नवनीत सहगल बताते हैं “18 अप्रैल तक यूपी को 200 रैपिड जांच किट मुहैया हो जाएगी. इस प्रकार यूपी देश का पहला प्रदेश बनेगा जहां पर कोविड की रैपिड जांच किट का उत्पादन शुरू होगा.
यहां बता दें कि देश में कोरोना वायरस की पहचान के लिए “इंडियन काउंसिल फॉर मेडिकल रिसर्च” (आइसीएमआर) ने रैपिड टेस्ट किट का अनुमोदन किया था जिससे कम समय में अधिक लोगों का कोविड-19 टेस्ट संभव हो पाए. देश में अभी तक यह किट चीन से आयात की जा रही है. इस किट के जरिए केवल दस मिनट में कोविड-19 की जांच की जा सकती है.
उधर प्रदेश में अबतक 657 कोरोना पाजिटिव केस सामने आए हैं.
उपचार के बाद 657 में से 49 पेशेंट पूरी तरह स्वस्थ हो गए हैं और उन्हें घर भेज दिया गया है. जबकि 8 मरीजों की मौत हुई है. मृतक पहले से ही किसी ना किसी गंभीर बीमारी से पीड़ित थे. प्रदेश के 44 जनपद कोरोना से प्रभावित हुए हैं.
स्वास्थ्य विभाग ने टेस्टिंग की संख्या में इजाफा करते हुए सोमवार को 2634 सैंपलों की टेस्टिंग की है. वर्तमान में संदिग्ध व सर्विलांस के आधार पर 9274 लोगों को फैसिलिटी क्वारंटीन में रखा गया है.
***