वय वंदना योजना: बचत पर गिरते रिटर्न के बीच निवेश का अच्छा विकल्प
मौजूदा समय में कोरोना संकट और आर्थिक मंदी की वजह से जब तमाम बचत योजनाओं पर रिटर्न की दरें घट रहीं हो तब सरकार की ओर से चलाई जा रही वय वंदना योजना एक आकर्षक विकल्प नजर आता है. हालांकि ब्याज दरों में कटौती का असर इस योजना पर भी पड़ा है.

वरिष्ठ नागरिकों के लिए नियमित आय का जरिया उनकी पेंशन होती है. अगर आप सरकारी नौकरी से रिटायर नहीं हुए हैं तो आपको अपनी पेंशन की व्यवस्था खुद ही करनी होती है. ऐसे तमाम वरिष्ठ नागरिक बैंक में फिक्स्ड डिपॉजिट या एनुयटी स्कीम के जरिए नियमित आय की व्यवस्था करते हैं. मौजूदा समय में जब तमाम बचत योजनाओं पर रिटर्न की दरें घट रहीं हो तब सरकार की ओर से चलाई जा रही वय वंदना योजना एक आकर्षक विकल्प नजर आता है. हालांकि ब्याज दरों में कटौती का असर इस योजना पर भी पड़ा है.
योजना से जुड़ी बड़ी बातें
वय वंदना योजना का संचालन एलआइसी करती है.
योजना की अवधि 10 साल की है.
ब्याज दर आठ फीसद ब्याज से घटकर अब 7.4 फीसद रह गई हैं.
मासिक पेंशन का विकल्प चुनने पर मिलेगा सालाना 7.66 फीसद का रिटर्न
पेंशन के लिए ग्राहक को इस योजना में एकमुश्त निवेश करना होगा.
हर साल 1 अप्रैल को सरकार समीक्षा कर इस योजना के रिटर्न में फेरबदल करेगी.
पेंशन मासिक, तिमाही, छमाही अथवा सालाना आधार पर ली जा सकती है.
नए संशोधनों के बाद मासिक पेंशन के लिए ग्राहक को न्यूनतम 1.62 लाख रुपए निवेश करने होंगे. तिमाही पेंशन के लिए 1.61 लाख, छमाही के लिए 1.59 लाख और सालाना पेंशन के लिए न्यूनतम 1.56 लाख रुपए निवेश करने होंगे.
कितनी मिलेगी पेंशन?
वय वंदना योजना में अधिकतम मासिक पेंशन 9250 रुपए मिलेगी. जब तिमाही पेंशन 27,750 रुपए,छमाही पेंशन 55,500 रुपए और अधिकतम सालाना पेंशन, 1,11,000 रुपए मिलने का प्रावधान हैं. इस योजना में कोई भी निवेशक अधिकतम 15 लाख रुपए तक का निवेश कर सकता है. यदि आप एक जून, 2020 को 15 लाख रुपए निवेश करते हैं तो वर्ष 2030 तक सालाना 7.4 फीसद तक का निश्चित रिटर्न मिलता रहेगा। यदि निवेशक 10 साल की पालिसी अवधि के बाद भी जीवित रहता है तो उसे पेंशन की अंतिम किस्त के साथ निवेश की गई राशि वापस मिल जाएगी। यदि किसी निवेशक की पालिसी की अवधि के दौरान मौत हो जाती है तो उसके नामिनी को पूरी निवेश राशि मिल जाएगी।
कैसी है योजना?
इंवेस्टमेंट ऐंड टैक्स एक्सपर्ट बलवंत जैन कहते हैं, ‘’सीनियर सिटीजन किसी तरह का जोखिम नहीं ले सकते हैं. उनके लिए यह जरूरी है कि निवेश पर इतना रिटर्न मिलता रहे जो महंगाई को मात दे सके और इसके लिए वय वंदना योजना एक अच्छा विकल्प है.’’ वे यह भी कहते हैं, ‘’अभी हाल में बढ़ी महंगाई अस्थायी है. लंबी अवधि में अगर आप महंगाई को 6 फीसदी भी मान लें तो भी वय वंदना योजना में आपको 1 से 1.5 फीसदी का रियल रिटर्न मिलेगा.’’रियल रिटर्न यानी रिटर्न में से महंगाई को घटा दें.