दूसरे दलों के लोगों को भाजपा में लेने पर ब्रेक
पश्चिम बंगाल में बड़े पैमाने पर दूसरे दलों के नेताओं को भाजपा में शामिल करने पर फिलहाल ब्रेक लग गया है. पार्टी ने यह रणनीति राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ को साधने के लिए अपनाया है.

पश्चिम बंगाल में बड़े पैमाने पर दूसरे दलों के नेताओं को भाजपा में शामिल करने पर फिलहाल ब्रेक लग गया है. पार्टी ने यह रणनीति राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ को साधने के लिए अपनाया है. राज्य में बड़े पैमाने पर टीएमसी और दूसरे दलों के विधायकों को भाजपा में शामिल करने को लेकर राज्य भाजपा के कॉडर में असंतोष चरम पर पहुंच रहा था.
भाजपा सूत्रों का कहना है कि पश्चिम बंगाल में पार्टी के मूल कॉडर को यह लग रहा था कि संगठन में उनकी जगह अन्य दलों ने आए विधायकों और नेताओं को तरजीह दी जा रही है. पार्टी में ऐसे लोगों का वजन बढ़ गया है जो वैचारिक रूप से संघ और संगठन के माकूल नहीं है. पार्टी के फोरम पर जब कॉडर की तरफ से यह मुद्दा उठाया गया तो उन्हें कहा गया कि चुनाव जीतना प्राथमिकता है और वैचारिक मुद्दों को चुनाव जीतने के बाद देखा जाएगा.
भाजपा महासचिव और पश्चिम बंगाल के पार्टी प्रभारी कैलाश विजयवर्गीय ने इंडिया टुडे से इस मुद्दे पर कहा, “पार्टी में किसी को शामिल करने पर रोक नहीं है, अलबत्ता अब हम दूसरे दलों से आने वालों को ठोक-बजाकर, उनके बारे में पूरी जानकारी लेकर ही पार्टी में शामिल करेंगे.” विजयवर्गीय का यह बयान अपने आप में इस बात की परोक्ष पुष्टि की है कि अन्य दलों से आए नेताओं पर भ्रष्टाचार समेत कई आरोप हैं, ऐसे लोगों का भाजपा में शामिल होना पार्टी समर्थकों को पसंद नहीं आ रहा है. पश्चिम बंगाल भाजपा के एक नेता कहते हैं कि लोगों के बीच जाने पर हमसे यह सवाल पूछा जाता है कि दूसरे पार्टियों के दागियों को शामिल क्यों किया जा रहा है.
भाजपा के राष्ट्रीय सचिव और बंगाल के सह-प्रभारी अरविंद मेनन कहते हैं, ”जो भी अच्छे और साफ-सुथरी छवि के लोग भाजपा में शामिल होना चाहते हैं उनका पार्टी में स्वागत है. भाजपा का मकसद ही सोनार बांग्ला अर्थात सुंदर बंगला बनाना है. ऐसा नहीं है कि किसी भी आपराधिक प्रवृति वाले लोगों को भाजपा में शामिल किया जाएगा.” मेनन कहते हैं, "पश्चिम बंगाल में लोकतंत्र नाम की चीज है नहीं, भ्रष्टाचार की पराकाष्ठा है और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में ही हम राज्य में लोकतंत्र और सुशासन की बहाली के लिए प्रतिबद्ध हैं और राज्य में हर घर जाकर पार्टी के मिशन 200 पार के लिए काम कर रहे हैं."
***