क्रिप्टोकरेंसी पर पड़ी कोरोना की मार

क्रिप्टोकरेंसी पर पड़ी कोरोना की मार, एक महीने में आधी हुई बिटकॉइन की कीमत, सुप्रीम कोर्ट से राहत के बाद भी भारत में क्रिप्टोकरेंसी का बाजार ठंडा

फोटोः बिजनेस टुडे
फोटोः बिजनेस टुडे

क्रिप्टोकरेंसी पर पड़ी कोरोना की मार

•एक महीने में आधी हुई बिटकॉइन की कीमत

•सुप्रीम कोर्ट से राहत के बाद भी भारत में क्रिप्टोकरेंसी का बाजार ठंडा

कोरोना वायरस फैलने के कारण सुस्ती की शिकार देश की अर्थव्यवस्था मुश्किल दौर से गुजर रही है, औद्योगिक गतिविधियां ठप हैं, शेयर बाजार के साथ रुपए की कीमत भी गिरती जा रही है. पूरी दुनिया भर के देश कोरोना का आक्रमण झेल रहे हैं और क्रिप्टोकरेंसी भी इसके असर से अछूती नहीं रही है.

सबसे महंगी बिकने वाली क्रिप्टोकरेंसी बिटकॉइन की कीमत पिछले करीब एक महीने में 50 फीसदी घट गई है. 15 फरवरी को 10 हजार डॉलर से ऊपर चल रहे बिटकॉइनक की कीमत 17 मार्च को 5300 डॉलर रही. इस महीने के शुरुआत में बिटकॉइन की खरीद-फरोख्त पर रोक लगाने वाले रिजर्व बैंक के आदेश को सुप्रीम कोर्ट ने खारिज कर दिया था जिससे इस आभासी मुद्रा (वर्चुअल करेंसी) की भारत में खरीद-बिक्री फिर शुरू हो गई है.

मार्च के पहले सप्ताह में सुप्रीम कोर्ट ने भारतीय रिजर्व बैंक के उस नोटिफिकेशन को खारिज कर दिया था जिसमें क्रिप्टोकरेंसी के लेनदेन के लिए खातों की सुविधा देने पर बैंकों को रोका गया था. साथ ही दाम के लिहाज से बेहद संवेदनशील बिटक्वाइन में निवेश के प्रति लोगों को चेतावनी भी दी गई थी.

फिलहाल बिटकॉइन भी कोरोना की चपेट में है. 12 मार्च को बिटकॉइन में 26 फीसदी की गिरावट आई जो सात सालों में एक दिन की सबसे बड़ी गिरावट मानी गई. वैसे बिटकॉइन दिसंबर, 2017 के करीब 20 हजार डॉलर के स्तर से एक चौथाई कीमत पर रह गई है. इसकी वजह पूरी दुनिया में छाई आर्थिक मंदी को माना जा रहा है. इससे पहले 2018 के दिसंबर में भी बिटकॉइन की कीमत करीब 3200 डॉलर तक पहुंच गई थी.

अगस्त 2015 में बाजार में आई क्रिप्टोकरेंसी इथेरियम भी 116 डॉलर के आसपास ट्रेड कर रही है. 2017 में इसकी कीमतें 1300 डॉलर से ऊपर चली गई थीं. बिटकॉइन का मार्केट कैप 94.8 अरब डॉलर है जबकि इथेरियम का मार्केट कैप 12.6 अरब डॉलर है. अन्य क्रिप्टोकरेंसी जैसे टेथर, एक्सआरपी आदि सभी की कीमतों में गिरावट देखी गई है. इसकी मुख्य वजह कोरोना वायरस का तेजी से फैलना है. जैसे-जैसे अमेरिका में कोरोना वायरस के मरीज बढ़े बिटकॉइन के दाम भी बढ़ते गए.

इससे सुप्रीम कोर्ट फैसले का बड़ा असर भारतीय क्रिप्टोकरेंसी मार्केट में नहीं दिखा. लोगों का रुझान भी सुस्त है. भारत का एक क्रिप्टो एक्सचेंज यूनीकॉइन 17 मार्च को एक बिटकॉइन 4.57 लाख रुपए में बेच रहा था जबकि उसका 1 बिटकॉइन खरीदने का भाव 4.14 लाख रुपए था. इसमें सर्विस टैक्स और ट्रांजैक्शन फीस भी शामिल है. वैसे भी भारत में सरकार और बैंकिंग सिस्टम का रुख क्रिप्टोकरेंसी के प्रति नकारात्मक रहा है.

सुप्रीम कोर्ट ने भले ही रिजर्व बैंक के नोटिफिकेशन को खारिज कर दिया हो लेकिन सरकार क्रिप्टोकरेंसी पर पाबंदी लगाने की कोशिश में लगी हुई है. अगस्त 2013 में पहली बार अहमदाबाद में दो बिटकॉइन फर्मों पर प्रवर्तन निदेशालय ने छापा मारा था और इसके बाद देश के अन्य हिस्सों में भी इस तरह की कार्रवाई हुई. क्रिप्टोकरेंसी पर लिए 2019 में बाकायदा विधेयक का मसौदा भी तैयार हो गया है जिसमें दोषी व्यक्ति को जेल भेजने तक का प्रावधान रखा गया है. अभी विधेयक के मसौदे को अंतिम रूप नहीं दिया गया है. अंतिम रूप देने के बाद इसे संसद में पेश करने की तैयारी शुरू की जाएगी.

***

Read more!