देश के ऐसे गुरुद्वारे और मंदिर जहां वीजा लगवाने के लिए मांगी जाती है मन्नत, देखें तस्वीरें
फिल्म निर्देशक राजकुमार हिरानी और शाहरूख खान ने अपनी फिल्म 'डंकी' के प्रोमोशन के दौरान बातचीत में पंजाब के एक ऐसे एक गुरुद्वारे का जिक्र किया था जहां लोग वीजा लगवाने की मन्नत लेकर आते हैं

शाहरुख खान इस साल अपनी तीसरी फिल्म 'डंकी' के जरिए बड़े पर्दे पर दर्शकों का मनोरंजन करने के लिए तैयार हैं. यह साल 2023 की 'मोस्ट अवेटेड' फिल्मों में से एक है. इसकी एक बड़ी वजह है इसके निर्देशक राजकुमार हिरानी. इसके अलावा फिल्म में शाहरुख के साथ बोमन ईरानी, तापसी पन्नू, विक्की कौशल समेत और भी कई सारे कलाकरों ने अपनी अदायगी दिखाई है. हालांकि इन सब बातों के अलावा यह अपने 'सब्जेक्ट' की वजह से भी काफी चर्चा में है. फिल्म 'डंकी फ्लाइट' के मुद्दे के इर्द गिर्द बुनी गई है. इसके जरिए लोग एक देश से दूसरे देश गैरकानूनी तरीके से जाते हैं. इस दौरान उनको अपनी मंजिल तक पहुंचने के लिए कई सारी सीमाओं का लांघना पड़ता है, जाहिर है इसमें उनको कई सारी मुश्किलों का सामना करना पड़ता है. कई बार तो अपनी जान तक से हाथ धोना पड़ जाता है.
शाहरुख खान ने इस साल रिलीज हुई अपनी दोनों ही फिल्मों 'पठान' और 'जवान' का प्रमोशन काफी अलग अंदाज में किया था. इसका उनको फायदा भी मिला और दोनों ही फिल्में साल की सबसे बड़ी 'सुपरहिट' की लिस्ट में शामिल रहीं. अब वे डंकी का प्रमोशन को भी अलग अंदाज में कर रहे हैं. इसी सिलसिले में शाहरुख खान और राजकुमार हिरानी ने दर्शकों के सामने 'डंकी' की मेकिंग से जुड़ी कई दिलचस्प कहानियों को साझा किया. उनके साथ तापसी पन्नू भी शामिल थीं. यह बातचीत आप शाहरुख के प्रोडक्शन हाउस 'रेड चिली एंटरटेनमेंट' के ऑफीशियल यूट्यूब पेज पर देख सकते हैं. मेकिंग का जिक्र करते हुए हिरानी ने बताया कि जब वे इस सब्जेक्ट पर रिसर्च कर रहे थे तो पंजाब में एक ऐसे गुरुद्वारे पर गए जिसे 'वीजा वाला गुरुद्वारा' कहा जाता है. यहां पर लोग अपना वीजा लगवाने के लिए मन्नत मांगते हैं. जब वह पूरी हो जाती है तो यहां पर खिलौने वाला जहाज चढ़ाते हैं. (Photo Credit- Red Chilies Twitter )
पंजाब के शहर जालंधर में यह वीजा वाला गुरुद्वारा है. इसका असली नाम 'शहीद बाबा निहाल सिंह का गुरुद्वारा' है. इसके आसपास रहने वाले लोगों के बीच ऐसी मान्यता है कि अगर आप विदेश जाना चाहते हैं और आपका पासपोर्ट या फिर वीजा नहीं लग रहा है तो आप यहां मन्नत मांगें और खिलौने वाला हवाई जहाज चढ़ाएं. जिसके बाद आपका रुका काम सफल हो जाएगा. चढ़ाए गए खिलौने वाले हवाई जहाज को आसपास के बच्चों में ही बांट दिया जाता है. शाहरुख के साथ बातचीत में हिरानी ने इसी गुरुद्वारे का जिक्र किया था. (Photo Credit- Wikimidia Commons)
चेन्नई के एयरपोर्ट से बस कुछ ही किलोमीटर की दूरी पर 'श्री लक्ष्मी वीजा गणपति मंदिर' स्थित है. श्रद्धालुओं के मन में इस मंदिर को लेकर ऐसी मान्यता है कि यहां 'गणपति' के सामने मन्नत मांगने से वीजा एप्लीकेशन स्वीकार हो जाती है. मंदिर के बाहर अक्सर लोगों की लंबी कतारों को देखा भी जाता है. भले ही इस मंदिर की मान्यता काफी दूर तक फैली हुई है पर आकार की बात करें तो यह काफी छोटा है. (Photo Credit- Tamilnadu Tourism)
चेन्नई में इसी मंदिर से कुछ दूरी पर एक दूसरा मंदिर भी स्थित है. यहां पर भी श्रद्धालु अपना वीजा लगवाने की मुराद लेकर आते हैं. इस मंदिर का नाम 'श्री लक्ष्मी नरसिम्हा नवनीत कृष्णन मंदिर' है. यहां पर लोग 'हनुमान' की मूर्ति के आगे अपने वीजा लगवाने की प्रार्थना करते हैं. अमेरिका जाने की चाहत रखने वाले लोग यहां काफी संख्या में आते हैं. इस वजह से इसे 'अमेरिका अंजनेय' या फिर 'वीजा अंजनेय' मंदिर के नाम से भी जाना जाता है. (Photo Credit- Tamilnadu Tourism)
अगर आपको अमेरिका का वीजा लगवाना है तो हैदराबाद के भी एक मंदिर में आपकी मुराद पूरी हो सकती है. जी हां, यहां के 'चिलकुर बालाजी मंदिर' को लेकर ऐसी मान्यता है. यह मंदिर शहर की उस्मान झील के पास स्थित है. साल 1980 में सॉफ्टवेयर इंजीनियरिंग छात्रों के एक समूह ने दावा किया कि उन्हें मंदिर का दौरा करने के बाद अमेरिका का वीजा मिला है. जिसके बाद इसकी प्रसिद्धि बढ़ने लगी. मंदिर में हर शुक्रवार हजारों की तादाद में श्रद्धालु दर्शन करने आते हैं.
देश की राजधानी नई दिल्ली में भी एक ऐसा मंदिर है जहां पर लोग वीजा लगवाने की मन्नत मांगते हैं. यह मंदिर दिल्ली के दक्षिणी इलाके में इग्नू रोड पर नेब सराय में है. यहां पर हर रोज सैकड़ों श्रद्धालु वीजा लगवाने की मन्नत लेकर आते हैं. इसकी सबसे खास बात यह है कि इसे साल 2007 में ही स्थापित किया गया था और इसे हाल ही में ऐसी मान्यता मिली है. मनोकामना पूरी होने के बाद लोग आभार जताने के लिए मंदिर के रजिस्टर में अपनी मान्यताओं को लिखते हैं.