भर्ती आयोगों में IPS अधिकारियों पर भरोसा क्यों जता रहे योगी?
पेपर लीक और भर्ती विवादों के बीच योगी सरकार ने UPPSC समेत प्रमुख भर्ती आयोगों की कमान IPS अधिकारियों को सौंपी है

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ (फाइल फोटो)
उत्तर प्रदेश में सरकारी नौकरियों की भर्ती प्रक्रिया को पारदर्शी, निष्पक्ष और विवादों से मुक्त रखना योगी आदित्यनाथ सरकार के सामने बड़ी प्रशासनिक चुनौती रही है. पेपर लीक, परीक्षा निरस्त होने, परिणामों में देरी और चयन प्रक्रिया पर उठने वाले सवालों ने भर्ती आयोगों की विश्वसनीयता को लगातार चर्चा में रखा है. ऐसे में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इन संस्थाओं की कमान अनुभवी पुलिस अधिकारियों को सौंपने की रणनीति अपनाई है.
उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग (UPPSC) के अध्यक्ष पद पर वरिष्ठ IPS अधिकारी आलोक सिंह की नियुक्ति इसी सिलसिले की ताजा कड़ी है. आलोक सिंह से पहले पूर्व डीजीपी प्रशांत कुमार को उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग (UPESSC) का अध्यक्ष बनाया गया था. वहीं सेवानिवृत्त IPS अधिकारी एसएन साबत उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (UPSSSC) के अध्यक्ष हैं. पूर्व IPS अधिकारी सुभाष बघेल को भी इसी आयोग का सदस्य बनाया गया है.
इस तरह राज्य की तीन महत्वपूर्ण भर्ती संस्थाओं के शीर्ष नेतृत्व और सदस्यता में पुलिस सेवा के अधिकारियों की मजबूत मौजूदगी दिखाई दे रही है. यह महज प्रशासनिक नियुक्तियों का संयोग नहीं बल्कि भर्ती व्यवस्था को लेकर सरकार की प्राथमिकताओं का संकेत भी है.
भर्ती विवादों ने बढ़ाई सरकार की चिंता
दरअसल भर्ती आयोगों में पुलिस अधिकारियों की नियुक्तियों के पीछे सबसे बड़ी वजह परीक्षाओं की शुचिता और पेपर लीक की चुनौती मानी जा सकती है. पिछले कुछ वर्षों में उत्तर प्रदेश में प्रतियोगी परीक्षाओं को लेकर कई बड़े विवाद सामने आए हैं. फरवरी 2024 में UPPSC की समीक्षा अधिकारी (RO) और सहायक समीक्षा अधिकारी (ARO) की प्रारंभिक परीक्षा के पेपर लीक होने के आरोपों के बाद परीक्षा निरस्त करनी पड़ी थी. इसी महीने आयोजित यूपी पुलिस कांस्टेबल भर्ती परीक्षा का पेपर भी लीक होने के आरोपों के चलते रद्द किया गया था.
इन घटनाओं ने लाखों अभ्यर्थियों की तैयारी और भविष्य को प्रभावित किया था. इन घटनाओं के बाद सरकार ने भर्ती परीक्षाओं में नकल और पेपर लीक रोकने के लिए कानूनी प्रावधानों को सख्त किया. उत्तर प्रदेश सार्वजनिक परीक्षा (अनुचित साधनों का निवारण) अध्यादेश-2024 के जरिए पेपर लीक, फर्जी प्रश्नपत्र और परीक्षा में अनुचित साधनों के इस्तेमाल पर कठोर कार्रवाई का प्रावधान किया गया.
इसमें दोषियों के लिए जेल और जुर्माने के साथ संपत्ति जब्त करने तक का प्रावधान शामिल है. इस कानून के दायरे में UPPSC और UPSSSC समेत विभिन्न भर्ती संस्थाओं की परीक्षाओं को भी रखा गया. हालांकि कानूनी सख्ती के बावजूद भर्ती परीक्षाओं से जुड़े विवाद पूरी तरह समाप्त नहीं हुए.
जनवरी 2026 में उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग की ओर से आयोजित असिस्टेंट प्रोफेसर भर्ती परीक्षा को भी पेपर लीक और अवैध वसूली के कथित गिरोह का मामला सामने आने के बाद निरस्त करना पड़ा था. इस परीक्षा के जरिए प्रदेश के कॉलेजों में 1,017 असिस्टेंट प्रोफेसरों की भर्ती होनी थी. मामले की जांच में एसटीएफ ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया था. परीक्षा की शुचिता प्रभावित होने की बात सामने आने के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने पूरी परीक्षा रद्द करने का निर्देश दिया था.
इन घटनाओं से सरकार के सामने यह चुनौती और स्पष्ट हुई कि भर्ती परीक्षाओं की निगरानी केवल परीक्षा आयोजित करने और परिणाम घोषित करने तक सीमित नहीं रह सकती. प्रश्नपत्र तैयार करने, प्रिंटिंग, परिवहन, परीक्षा केंद्रों तक पहुंचाने, केंद्रों की निगरानी, मूल्यांकन और परिणाम जारी करने तक पूरी प्रक्रिया को सुरक्षित बनाना जरूरी है.
पुलिस अधिकारियों को इस काम के लिए उपयुक्त मानने के पीछे उनकी जांच, खुफिया सूचनाएं जुटाने, संगठित गिरोहों पर कार्रवाई करने और बड़े स्तर पर सुरक्षा व्यवस्था संचालित करने की क्षमता एक वजह हो सकती है.
बाबा साहेब डा. भीमराव आंबेडकर केंद्रीय विश्वविद्यालय में प्रोफेसर सुशील पांडेय बताते हैं, “पुलिस अधिकारियों को संवेदनशील मामलों में गोपनीयता बनाए रखने और विभिन्न विभागों के बीच समन्वय स्थापित करने का भी अनुभव होता है. किसी परीक्षा में पेपर लीक की शिकायत आने पर जांच एजेंसियों के साथ समन्वय, दोषियों की पहचान और आपराधिक नेटवर्क तक पहुंचने में यह अनुभव उपयोगी साबित हो सकता है. सरकार की प्राथमिकता भर्ती प्रक्रिया को केवल प्रशासनिक नहीं, बल्कि सुरक्षा और जवाबदेही के नजरिये से भी देखने की हो सकती है.”
भरोसा बहाल करने की चुनौती
योगी सरकार की इस रणनीति का दूसरा पहलू प्रशासनिक अनुशासन और संस्थागत नियंत्रण से जुड़ा है. पुलिस विभाग में वरिष्ठ अधिकारी हजारों कर्मचारियों वाले संगठन का संचालन करते हैं. कानून-व्यवस्था की चुनौती के बीच उन्हें त्वरित फैसले लेने, संसाधनों का प्रबंधन करने, अधीनस्थ अधिकारियों की जवाबदेही तय करने और विभिन्न स्तरों पर निगरानी रखने का अनुभव होता है.
यही अनुभव भर्ती आयोगों की प्रशासनिक कार्यप्रणाली को व्यवस्थित करने में काम आ सकता है. आलोक सिंह की नियुक्ति इस संदर्भ में महत्वपूर्ण है. 1995 बैच के IPS अधिकारी आलोक सिंह ने करीब तीन दशक की पुलिस सेवा में प्रदेश के कई महत्वपूर्ण जिलों में काम किया है. वे नोएडा के पहले पुलिस कमिश्नर भी रहे हैं.
इसके अलावा कानपुर जोन में एडीजी और कई जिलों में पुलिस अधीक्षक के रूप में उनकी तैनाती रही है. सोनभद्र में नक्सल गतिविधियों के खिलाफ अभियान में भी आलोक सिंह ने अहम भूमिका निभाई. केंद्र सरकार में प्रतिनियुक्ति के दौरान विदेश मंत्री और गृह मंत्री के निजी सचिव के रूप में भी काम किया.
इसी तरह पूर्व डीजीपी प्रशांत कुमार का पुलिस विभाग में लंबा अनुभव रहा है. उन्होंने प्रदेश में कानून-व्यवस्था और पुलिस प्रशासन से जुड़ी कई महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां संभाली हैं. उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग जैसे संस्थान की जिम्मेदारी उनके हाथों में देना सरकार की इसी सोच का हिस्सा माना जा सकता है. दूसरी ओर एसएन साबत भी पुलिस विभाग में वरिष्ठ पदों पर काम कर चुके हैं.
अब इन अधिकारियों के सामने अपने पुलिस प्रशासन के अनुभव को भर्ती संस्थाओं की जरूरतों के मुताबिक इस्तेमाल करने की चुनौती है. इस रणनीति का एक महत्वपूर्ण पहलू जनता और अभ्यर्थियों का भरोसा भी है. उत्तर प्रदेश में सरकारी नौकरी की तैयारी करने वाले युवाओं की संख्या बड़ी है.
प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए अभ्यर्थी कई वर्षों तक तैयारी करते हैं. ऐसे में किसी परीक्षा के निरस्त होने या चयन प्रक्रिया में गड़बड़ी की खबर आने से उनका आर्थिक और मानसिक नुकसान होता है. सरकार के लिए यह केवल प्रशासनिक विफलता का सवाल नहीं, बल्कि युवाओं के बीच उसकी छवि और भरोसे से भी जुड़ा मुद्दा है.
2027 के विधानसभा चुनाव से पहले सरकारी भर्तियों का मुद्दा राजनीतिक रूप से भी महत्वपूर्ण है. विपक्षी दल समय-समय पर बेरोजगारी, भर्ती में देरी और पेपर लीक के मुद्दे पर सरकार को घेरते रहे हैं. ऐसे में भर्ती आयोगों की कार्यप्रणाली में सुधार और चयन प्रक्रिया को समयबद्ध बनाने की जिम्मेदारी सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल होना स्वाभाविक है.
हालांकि भर्ती आयोगों का काम पुलिस प्रशासन से अलग प्रकृति का है. UPPSC जैसी संस्था में पीसीएस और अन्य प्रतियोगी परीक्षाओं के माध्यम से प्रशासनिक, शैक्षणिक और तकनीकी पदों पर चयन होता है. इसके लिए परीक्षा प्रणाली, पाठ्यक्रम, मूल्यांकन, आरक्षण के नियमों और सेवा संबंधी प्रावधानों की गहरी समझ जरूरी है.
इसी तरह शिक्षा सेवा चयन आयोग के सामने विषय विशेषज्ञों, विश्वविद्यालयों और कॉलेजों से जुड़े भर्ती मानकों को समझने की चुनौती है. पुलिस अधिकारियों का प्रशासनिक अनुभव इन संस्थाओं के संचालन में मददगार हो सकता है लेकिन परीक्षा और चयन प्रक्रिया की अकादमिक विशेषज्ञता का विकल्प नहीं बन सकता.
एक और अहम सवाल इन आयोगों की संस्थागत स्वायत्तता का है. संविधान के अनुच्छेद 315 से 323 तक लोक सेवा आयोगों की व्यवस्था और कार्यों से संबंधित प्रावधान हैं. UPPSC के अध्यक्ष की नियुक्ति अनुच्छेद 316 के तहत राज्यपाल करते हैं. आयोग की विश्वसनीयता इस बात पर भी निर्भर करती है कि वह चयन प्रक्रिया में राजनीतिक और बाहरी दबाव से मुक्त रहकर काम करे.
अध्यक्ष के रूप में पुलिस अधिकारी हों या प्रशासनिक सेवा के अधिकारी, उनकी सबसे बड़ी जिम्मेदारी आयोग की निष्पक्षता बनाए रखना है. आलोक सिंह की नियुक्ति के साथ प्रदेश की चार प्रमुख भर्ती संस्थाओं की कमान अब पुलिस सेवा से जुड़े अधिकारियों के हाथों में है. इनमें UPPSC, UPSSSC, UPESSC और उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड शामिल हैं. पुलिस भर्ती बोर्ड की कमान भी डीजीपी एसबी शिरडकर के पास है.
इस तरह योगी सरकार ने भर्ती व्यवस्था के शीर्ष नेतृत्व में पुलिस सेवा के अनुभव को प्रमुखता दी है. अब इस रणनीति की असली परीक्षा परिणामों से होगी. क्या भर्ती परीक्षाएं समय पर आयोजित होंगी? क्या पेपर लीक और नकल माफिया पर प्रभावी अंकुश लगेगा? क्या चयन प्रक्रिया में पारदर्शिता बढ़ेगी और लंबित भर्तियों को गति मिलेगी? इन सवालों के जवाब ही तय करेंगे कि पुलिस अधिकारियों पर योगी सरकार का यह दांव कितना सफल रहा.