लश्कर आतंकी लतीफ भट का मारा जाना सुरक्षा बलों की बड़ी कामयाबी क्यों माना जा रहा?

कुलगाम में सुरक्षा बलों के एक ऑपरेशन के दौरान मारा गया लतीफ भट. कुछ दिन पहले ही कश्मीर जोन के पुलिस प्रमुख ने उसे घाटी का एकमात्र सक्रिय स्थानीय आतंकी बताया था

लतीफ भट से वीडियो कॉल पर बात की गई और हथियार डालने के लिए कहा गया है. 
लतीफ भट (बाएं) जांगलपोरा में हुई मुठभेड़ में मारा गया

जम्मू-कश्मीर में सुरक्षा बलों ने लश्कर-ए-तैयबा (LeT) के कमांडर लतीफ अहमद भट को मारकर आतंकवाद विरोधी अभियान में बड़ी कामयाबी हासिल की है. कुछ दिन पहले ही उसे कश्मीर घाटी का एकमात्र सक्रिय स्थानीय आतंकी बताया गया था.

22 वर्षीय भट 18 नवंबर की सुबह कुलगाम के जांगलपोरा इलाके में हुई मुठभेड़ में मारा गया. आठ दिन पहले उसने और उसके कथित साथी उमर निसार डार ने अखरान गांव में एक सुरक्षा चौकी को निशाना बनाया था. इस हमले में केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (CRPF) के तीन जवान घायल हो गए थे. इनमें से एक की हालत गंभीर थी. हमले के बाद दोनों की तलाश शुरू कर दी गई थी.

भट को ‘बेरहम’ बताया जाता था. वह पिछले एक साल से सुरक्षा बलों के रडार पर था. इस दौरान वह कई हमलों में शामिल रहा और सुरक्षा बलों के कई घेरों से बच निकलने में कामयाब रहा. उसकी मौत को सुरक्षा महकमे में 2026 में कश्मीर की सबसे बड़ी आतंकवाद विरोधी कामयाबियों में से एक माना जा रहा है.

जम्मू-कश्मीर पुलिस ने X पर पोस्ट किया, "मुठभेड़ स्थल से एक मारे गए आतंकी का शव और एक हथियार बरामद किया गया है. संयुक्त अभियान में मारे गए आतंकी की पहचान कुलगाम के ख्रेवान निवासी मोहम्मद लतीफ भट के रूप में हुई है."

खुफिया जानकारी के आधार पर भारतीय सेना, जम्मू-कश्मीर पुलिस और केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (CRPF) ने जांगलपोरा में संयुक्त अभियान शुरू किया था.

सुरक्षा बलों का घेरा सख्त होने के बाद भट गांव की मस्जिद में घुस गया था. वह मस्जिद के बाहर मारा गया. उसका कथित साथी उमर डार 16 नवंबर को लारनू के एक बगीचे में मारा गया था. माना जा रहा है कि भट सुरक्षा बलों के उस घेरे से बचकर निकल गया था.

लतीफ एक मस्जिद निकलकर भागते समय सुरक्षा बलों का निशाना बना

भट की मौत की पुष्टि के बाद केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (CRPF) के महानिदेशक जी.पी. सिंह ने X पर एक गूढ़ संदेश में टिप्पणी की, "बधाई हो दोस्तों. कुछ डिशेज ठंडी ही परोसी जाती हैं, भले ही मौसम ठंड का हो."

कश्मीर जोन के पुलिस महानिरीक्षक सुजीत कुमार ने 5 नवंबर को अपने आकलन में भट को कश्मीर घाटी का एकमात्र सक्रिय स्थानीय आतंकी बताया था. उन्होंने कहा था कि उसे विदेशी आतंकी मदद दे रहे हैं जो लगातार अपनी जगह बदलते रहते हैं.

सुरक्षा बलों के मुताबिक भट ठीक एक साल पहले 18 नवंबर 2025 को आतंकवादी संगठन में शामिल हुआ था. सुरक्षा बलों का ध्यान पहली बार उस पर तब गया जब दक्षिण कश्मीर में निगरानी कैमरों में उसकी और जाकिर अहमद गनई की गतिविधियां कैद हुईं. लश्कर का शीर्ष आतंकी गनई इस साल 8 जुलाई को दक्षिण कश्मीर के सैदपोरा इलाके में सुरक्षा बलों के हाथों मारा गया था. दोनों को चनापोरा में सेब के घने बागानों से गुजरते हुए सीसीटीवी कैमरों में देखा गया था.

11 नवंबर को CRPF चौकी पर हुए हमले की जांच आगे बढ़ने के साथ ही एजेंसियों को भट पर शक हुआ. पहले के हमलों में उसकी कथित भूमिका के कारण भी उस पर नजर रखी जा रही थी. जुलाई में कुलगाम के केलम इलाके में एक आतंकी हमले में दो प्रवासी मजदूरों की हत्या कर दी गई थी. यह जगह अखरान से ज्यादा दूर नहीं है. 

भट पर 22 जुलाई को अनंतनाग में एक पुलिसकर्मी की हत्या में शामिल होने का भी आरोप है. वह पुलिसकर्मी अमरनाथ यात्रा की सुरक्षा में तैनात था. अगस्त में जम्मू-कश्मीर पुलिस ने भट की गिरफ्तारी में मदद करने वाली जानकारी देने पर 15 लाख रुपए के इनाम का ऐलान किया था. पूरे कश्मीर में उसकी तस्वीर वाले पोस्टर लगाए गए थे.

11 नवंबर के हमले के बाद आतंकवाद को फिर से जिंदा करने की कोशिशों की आशंका बढ़ गई थी. 2019 के बाद से घाटी में आतंकवाद में काफी कमी आई है. हमले के बाद सामने आए निगरानी कैमरों के फुटेज में भट को डार के साथ घूमते हुए देखा गया था.

2025 में आतंकी संगठन में शामिल होने से पहले भट कई महीनों तक लापता रहा था. उसने कॉलेज छोड़ दिया था. माना जाता है कि वह खुद ही कट्टरपंथ की राह पर चला गया था और इस विचारधारा से प्रेरित था. शायद यही वजह थी कि उसने उस सिक्योरिटी ऑपरेशन के दौरान आत्मसमर्पण करने से इनकार कर दिया, जिसमें वह मारा गया.

सुरक्षा अधिकारियों के मुताबिक भट ने हथियार डालने की सलाह मानने से इनकार कर दिया था. वह दोहरा रहा था कि अल्लाह उसके साथ है. अधिकारियों ने मस्जिद के अंदर उसे मोबाइल फोन भेजा था. इसके बाद वीडियो कॉल पर उसने जवाब दिया, "मुझे अल्लाह से मिलना है. मैं बहुत खुश हूं."

कुलगाम के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) इनायत अली ने भट के मारे जाने से पहले मीडिया को बताया, "हमने उसे आत्मसमर्पण कराने के लिए काफी कोशिश की और उससे अपील की. मैंने खुद 9 RR (राष्ट्रीय राइफल्स) के कमांडिंग ऑफिसर के साथ वीडियो कॉल पर उससे बात की. हमने मस्जिद के अंदर एक फोन भेजा था और उस पर काफी देर तक बातचीत हुई."

अली ने कहा, "हमने उसे आत्मसमर्पण के लिए मनाने की पूरी कोशिश की. हमने उससे कहा कि वह अभी जवान है और उसके सामने पूरी जिंदगी पड़ी है. लेकिन वह नहीं माना और बाद में मस्जिद के अंदर चला गया. इसके बाद हमने फिर से ऐलान कर उससे आत्मसमर्पण करने को कहा. आखिरकार, उसने रात करीब 2:45 बजे सुरक्षा बलों पर गोलीबारी शुरू कर दी. इसके बाद मुठभेड़ शुरू हो गई." उन्होंने कहा, "हमने मानक संचालन प्रक्रियाओं का सख्ती से पालन किया और मस्जिद को कम से कम नुकसान पहुंचे, इसके लिए अधिकतम संयम बरता."

मौके पर अभियान की निगरानी कर रहे कुलगाम के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने भट के मारे जाने को 2026 की सबसे बड़ी आतंकवाद विरोधी कामयाबी बताया. उन्होंने कहा कि ठीक एक साल पहले इसी दिन भट लश्कर में शामिल होकर सक्रिय हुआ था. उन्होंने भट को "बेहद कट्टरपंथी सोच वाला" आतंकी बताया. उनके मुताबिक, उसे "सीमा पार से निर्देश मिलते थे". उसका मकसद कश्मीर में "शांति भंग करना" और "स्थानीय अर्थव्यवस्था व पर्यटन को नुकसान पहुंचाना" था.

भट मस्जिद से दौड़कर बाहर आया और तभी मारा गया. भारतीय सेना की कश्मीर स्थित चिनार कोर ने X पर कहा, "अभियान के दौरान आतंकी ने एक मस्जिद में शरण ली थी. सुरक्षा बलों ने अभियान के दौरान असाधारण संयम दिखाया और धार्मिक स्थल की पवित्रता बनाए रखी. उसे मस्जिद परिसर से बाहर आने के लिए मजबूर किया गया और सटीक कार्रवाई कर मार गिराया गया."

Read more!