तीन दशक की पुलिस सेवा के बाद अब UPPSC की कमान, कौन हैं आलोक सिंह?
करीब 30 साल तक पुलिस सेवा में अलग-अलग जिम्मेदारियां निभाने वाले आईपीएस अधिकारी आलोक सिंह को अब उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग का अध्यक्ष नियुक्त किया गया है

आलोक सिंह को 26 नवंबर को UPPSC का अध्यक्ष नियुक्त किया गया है
उत्तर प्रदेश में प्रतियोगी परीक्षाओं और सरकारी भर्तियों की जिम्मेदारी संभालने वाली संस्थाओं की कमान अब पूरी तरह पुलिस अधिकारियों के हाथों में आ गई है. प्रदेश सरकार ने 1995 बैच के आईपीएस अधिकारी और पीएसी के महानिदेशक आलोक सिंह को उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग (UPPSC) का नया अध्यक्ष नियुक्त किया है.
कार्मिक विभाग के विशेष सचिव असीम कुमार सिंह की ओर से 26 नवंबर को जारी आधिकारिक विज्ञप्ति के मुताबिक राज्यपाल ने संविधान के अनुच्छेद 316 के खंड (1) के तहत आलोक सिंह की नियुक्ति को मंजूरी दी है. उनका कार्यकाल पदभार ग्रहण करने की तारीख से 23 जनवरी 2029 तक रहेगा.
आयोग के निवर्तमान अध्यक्ष संजय श्रीनेत 21 नवंबर को सेवानिवृत्त हो गए थे. उनके स्थान पर आलोक सिंह की नियुक्ति ऐसे समय हुई है जब प्रदेश में प्रतियोगी परीक्षाओं की पारदर्शिता, समयबद्ध भर्ती और चयन प्रक्रिया को लेकर युवाओं की अपेक्षाएं लगातार बढ़ी हैं.
आलोक सिंह जनवरी 2027 में पुलिस सेवा से सेवानिवृत्त होने वाले हैं लेकिन आयोग के अध्यक्ष के रूप में वे इसके बाद भी करीब दो वर्ष तक जिम्मेदारी संभालेंगे. इस नियुक्ति के साथ ही प्रदेश की चारों प्रमुख भर्ती संस्थाओं की कमान पुलिस सेवा से जुड़े अधिकारियों के हाथ में आ गई है.
अधीनस्थ सेवा चयन आयोग के अध्यक्ष पूर्व डीजीपी सत्यनारायण साबत हैं. उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग की जिम्मेदारी पूर्व डीजीपी प्रशांत कुमार संभाल रहे हैं जबकि पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड के अध्यक्ष डीजीपी एसबी शिरडकर हैं. अब UPPSC की कमान भी एक वरिष्ठ आईपीएस अधिकारी को सौंप दी गई है.
इस बदलाव को प्रदेश की भर्ती व्यवस्था में प्रशासनिक अनुशासन और कार्यप्रणाली को मजबूत करने की कोशिश के रूप में देखा जा रहा है. हालांकि आलोक सिंह के सामने सबसे बड़ी चुनौती पुलिसिंग के अपने लंबे अनुभव को प्रतियोगी परीक्षाओं की जटिल प्रशासनिक और शैक्षणिक प्रक्रियाओं के अनुरूप ढालने की होगी.
अलीगढ़ जिले की अतरौली तहसील के मूल निवासी आलोक सिंह का शुरुआती जीवन आगरा में बीता. उनके पिता अभियोजन विभाग में संयुक्त निदेशक थे और उस समय आगरा में तैनात थे. इसी वजह से आलोक की शुरुआती पढ़ाई आगरा में हुई. उन्होंने सेंट पीटर्स कॉलेज और सेंट जॉन्स कॉलेज से शिक्षा प्राप्त की. इसके बाद जयपुर के पोद्दार इंस्टीट्यूट ऑफ मैनेजमेंट से मार्केटिंग और फाइनेंस में एमबीए किया.
प्रबंधन की पढ़ाई के दौरान ही आलोक सिंह के भीतर पुलिस सेवा में जाने की इच्छा मजबूत हुई. दरअसल उस दौर में पंजाब आतंकवाद से जूझ रहा था और वहां आतंकवाद के खिलाफ पुलिस अभियान का नेतृत्व कर रहे केपीएस गिल की कार्यशैली ने उन्हें काफी प्रभावित किया. अखबारों में गिल के अभियानों से जुड़ी खबरें पढ़कर आलोक सिंह ने पुलिस सेवा को अपना लक्ष्य बनाया.
आलोक सिंह ने संघ लोक सेवा आयोग की परीक्षा में सफलता हासिल कर भारतीय प्रशासनिक सेवा और भारतीय विदेश सेवा के लिए भी योग्यता प्राप्त की थी लेकिन उनकी पहली पसंद आईपीएस थी. इसी प्राथमिकता के चलते उन्हें भारतीय पुलिस सेवा में उत्तर प्रदेश कैडर मिला. वर्ष 1995 बैच के अधिकारी के रूप में उनकी पहली तैनाती लखनऊ में सहायक पुलिस अधीक्षक (एएसपी) के पद पर हुई.
इसके बाद उन्होंने प्रदेश के कई संवेदनशील और महत्वपूर्ण जिलों में पुलिस अधीक्षक के रूप में काम किया. कौशांबी, बागपत, सोनभद्र, बस्ती, रायबरेली, सीतापुर, उन्नाव, बिजनौर, कानपुर, मेरठ और बाराबंकी जैसे जिलों में उनकी तैनाती रही. इन जिलों में काम करने के दौरान उन्हें कानून-व्यवस्था, अपराध नियंत्रण और प्रशासनिक चुनौतियों से निपटने का व्यापक अनुभव मिला.
सोनभद्र में तैनाती के दौरान नक्सल गतिविधियों के खिलाफ चलाए गए अभियानों में उनकी भूमिका उल्लेखनीय रही. नक्सल प्रभावित इलाके में पुलिस की रणनीति और अभियान के लिए उन्हें पुलिस वीरता पदक (PMG) से सम्मानित किया गया. बाद में उन्हें सराहनीय सेवा के लिए पुलिस पदक (2012), विशिष्ट सेवा के लिए राष्ट्रपति का पुलिस पदक (2021), उत्कृष्ट सेवा पदक (2020) और अति उत्कृष्ट सेवा पदक (2026) से भी सम्मानित किया गया.
अलग-अलग परिस्थितियों में काम करने के अनुभव ने उनके प्रशासनिक और नेतृत्व कौशल को मजबूत किया. उन्होंने पुलिस सेवा को केवल कानून-व्यवस्था बनाए रखने तक सीमित नहीं रखा बल्कि नई चुनौतियों के अनुरूप प्रशिक्षण और तकनीक को भी महत्व दिया.
आलोक सिंह के करियर का एक महत्वपूर्ण पड़ाव केंद्र सरकार में प्रतिनियुक्ति का रहा. करीब सात वर्ष तक केंद्र में काम करते हुए उन्होंने विदेश मंत्री और गृह मंत्री के निजी सचिव के रूप में जिम्मेदारी निभाई. इस दौरान उन्हें राष्ट्रीय स्तर पर प्रशासनिक और नीतिगत कामकाज को करीब से समझने का अवसर मिला. लोकपाल विधेयक तैयार करने की प्रक्रिया में भी उनकी महत्वपूर्ण भूमिका बताई जाती है.
विदेश मंत्रालय में रहते हुए भारत और बांग्लादेश के बीच सीमा से जुड़े विवादित मुद्दों को सुलझाने के प्रयासों में भी उन्होंने काम किया. इन जिम्मेदारियों ने उनके अनुभव का दायरा कानून-व्यवस्था से आगे बढ़ाकर केंद्र सरकार के प्रशासनिक और कूटनीतिक कामकाज तक पहुंचाया.
केंद्र में प्रतिनियुक्ति के दौरान ही उन्होंने एयर इंडिया में सुरक्षा निदेशक के रूप में भी काम किया. विमानन क्षेत्र में सुरक्षा की चुनौतियां पुलिस प्रशासन से अलग थीं. यहां उन्हें सुरक्षा व्यवस्था के साथ-साथ तकनीकी जोखिमों से निपटने की जिम्मेदारी मिली. एयर इंडिया में उनके कार्यकाल के दौरान साइबर हमलों से सुरक्षा के लिए योजना शुरू करने की पहल का भी उल्लेख किया जाता है.
यह उनके करियर का ऐसा पक्ष था जिसमें पारंपरिक पुलिसिंग के बजाय तकनीक आधारित सुरक्षा व्यवस्था पर जोर दिखाई देता है. इसके अलावा उन्हें लाल बहादुर शास्त्री राष्ट्रीय प्रशासन अकादमी में आपदा प्रबंधन का प्रशिक्षण मिला. इटली में कार्बिनियरी अर्धसैनिक बल के साथ अशांत समाज में अंतरराष्ट्रीय हस्तक्षेप से संबंधित प्रशिक्षण और कैंब्रिज विश्वविद्यालय में मिड टर्म कोर्स ने उनके पेशेवर अनुभव को और विस्तार दिया.
उत्तर प्रदेश लौटने के बाद आलोक सिंह ने कानपुर और मेरठ में पुलिस महानिरीक्षक के रूप में काम किया. इसके बाद वे कानपुर जोन के अपर पुलिस महानिदेशक (एडीजी) भी रहे. जनवरी 2020 में उन्हें गौतम बुद्ध नगर का पहला पुलिस आयुक्त नियुक्त किया गया. नोएडा में पुलिस कमिश्नरेट व्यवस्था लागू होने के बाद यह जिम्मेदारी बेहद महत्वपूर्ण थी.
नए कमिश्नरेट की कार्यप्रणाली विकसित करने, पुलिस व्यवस्था को संगठित करने और कानून-व्यवस्था की चुनौतियों से निपटने की जिम्मेदारी उनके सामने थी. कोरोना महामारी के दौरान लॉकडाउन में नोएडा पुलिस के मानवीय चेहरे को सामने लाने के लिए भी उनका कार्यकाल याद किया जाता है. उस समय पुलिस ने कानून-व्यवस्था बनाए रखने के साथ जरूरतमंदों तक सहायता पहुंचाने और लोगों की परेशानियों को कम करने के लिए कई पहल की थीं.
गौतम बुद्ध नगर के पहले पुलिस आयुक्त के रूप में उनकी नियुक्ति ने उन्हें प्रदेश के प्रशासनिक हलकों में एक अलग पहचान दी. बाद में वे प्रादेशिक आर्म्ड कॉन्स्टेबुलरी (पीएसी) के महानिदेशक और यूपी स्पेशल पुलिस के डीजी की जिम्मेदारी तक पहुंचे.
एक मई 2026 को डीजी पद पर पदोन्नति के बाद 21 मई से उन्हें पीएसी मुख्यालय और स्पेशल सिक्योरिटी फोर्स (एसएसएफ) के महानिदेशक की जिम्मेदारी सौंपी गई. पीएसी जैसे बड़े बल का नेतृत्व करने के दौरान उन्हें बल के प्रबंधन, अनुशासन और सुरक्षा संबंधी व्यवस्थाओं को संभालने का अनुभव मिला.
अब पुलिस सेवा के करीब तीन दशक के अनुभव के बाद आलोक सिंह के सामने एक बिल्कुल अलग तरह की जिम्मेदारी है. UPPSC प्रदेश की सबसे महत्वपूर्ण संवैधानिक संस्थाओं में से एक है. पीसीएस, समीक्षा अधिकारी, सहायक अभियोजन अधिकारी और अन्य पदों पर भर्ती के लिए आयोग की परीक्षाएं लाखों युवाओं के भविष्य से जुड़ी होती हैं.
परीक्षा कैलेंडर का पालन, प्रश्नपत्रों की सुरक्षा, नकल और अनियमितताओं पर नियंत्रण, उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन, परिणामों की समयबद्ध घोषणा और चयन प्रक्रिया में पारदर्शिता आयोग की प्राथमिक जिम्मेदारियां हैं. पिछले कुछ वर्षों में भर्ती परीक्षाओं को लेकर उठे सवालों और अभ्यर्थियों की शिकायतों ने आयोग की कार्यप्रणाली को और अधिक जवाबदेह बनाने की जरूरत पैदा की है.
आलोक सिंह की नियुक्ति के साथ यह सवाल भी महत्वपूर्ण हो गया है कि पुलिस प्रशासन में अनुशासन और निगरानी का उनका अनुभव आयोग की कार्यशैली में किस तरह दिखाई देगा. पुलिस सेवा में अपराध नियंत्रण, संवेदनशील परिस्थितियों में निर्णय लेने और बड़े संस्थानों के प्रबंधन का अनुभव उनके लिए उपयोगी हो सकता है.
लेकिन लोक सेवा आयोग का काम केवल प्रशासनिक नियंत्रण तक सीमित नहीं है. इसमें विषय विशेषज्ञों, शिक्षाविदों, परीक्षा प्रणाली और संवैधानिक प्रावधानों के बीच संतुलन बनाना भी जरूरी है. आयोग की स्वायत्तता और निष्पक्षता बनाए रखते हुए भर्ती प्रक्रिया को भरोसेमंद बनाना उनके लिए बड़ी कसौटी होगी.
आलोक सिंह को 23 जनवरी 2029 तक आयोग की जिम्मेदारी सौंपी गई है. ऐसे में उनके कार्यकाल में होने वाले फैसलों का असर प्रदेश के लाखों प्रतियोगी अभ्यर्थियों पर पड़ेगा. उनकी नई पारी की सफलता इस बात से तय होगी कि UPPSC की परीक्षाएं कितनी पारदर्शी, निष्पक्ष और समयबद्ध हो पाती हैं.