यूपी के बाहुबलियों को क्यों भा रहे बागेश्वर धाम के धीरेंद्र शास्त्री?

बागेश्वर धाम के दरबार में उत्तर प्रदेश के बाहुबली नेताओं और पूर्वांचल के प्रभावशाली चेहरों की मौजूदगी ने धीरेंद्र शास्त्री को धार्मिक आयोजनों से आगे राजनीतिक और सामाजिक चर्चा के केंद्र में ला दिया है

Raja Bhaiya and Dheerendra Shastri (https://www.facebook.com/RRPSRaja/photos)
धीरेंद्र शास्त्री के साथ राजा भैया (फोटो : facebook.com/RRPSRaja/photos)

उत्तर प्रदेश की राजनीति में बाहुबल और धर्म का रिश्ता नया नहीं है. पूर्वांचल से लेकर पश्चिमी उत्तर प्रदेश तक ऐसे कई नेता रहे हैं, जिनकी पहचान राजनीति के साथ दबंग छवि, जातीय प्रभाव और क्षेत्रीय वर्चस्व से भी जुड़ी रही है. इनमें से कई नेताओं की धार्मिक गतिविधियों, संतों से मुलाकातों और मंदिरों में उपस्थिति को भी सार्वजनिक जीवन का हिस्सा माना जाता है. 

वहीं पिछले कुछ समय में मध्य प्रदेश के छतरपुर स्थित बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ऐसे ही प्रभावशाली लोगों के बीच चर्चा का केंद्र बने हैं. सवाल यह है कि आखिर धीरेंद्र शास्त्री के दरबार में यूपी के बाहुबली नेताओं की दिलचस्पी क्यों बढ़ रही है? क्या यह महज धार्मिक आस्था है या इसके पीछे सामाजिक प्रतिष्ठा और सार्वजनिक छवि को नया आधार देने की कोशिश भी है?

इन सवालों  का जवाब उनके दरबार की प्रकृति, वहां पहुंचने वाले लोगों की राजनीतिक-सामाजिक पृष्ठभूमि और धीरेंद्र शास्त्री की बढ़ती लोकप्रियता में तलाशा जा सकता है.

इस चर्चा को सबसे ज्यादा हवा नवंबर 2026 में प्रतापगढ़ के कुंडा में आयोजित धीरेंद्र शास्त्री की चार दिवसीय रामकथा से मिली. इस आयोजन के मेजबान खुद कुंडा के विधायक और जनसत्ता दल लोकतांत्रिक के अध्यक्ष रघुराज प्रताप सिंह उर्फ राजा भैया थे. 17 से 20 नवंबर तक बेंती राजभवन के परिसर में आयोजित इस कथा के लिए राजा भैया ने धीरेंद्र शास्त्री को प्रयागराज एयरपोर्ट से खुद गाड़ी चलाकर बेंती पहुंचाया. कथा से पहले दोनों ने बेंती महल स्थित हनुमान मंदिर में पूजा-अर्चना भी की.  

कथा के दौरान धीरेंद्र शास्त्री

इस आयोजन की खास बात केवल श्रद्धालुओं की भीड़ नहीं बल्कि इसमें शामिल होने वाले राजनीतिक और प्रभावशाली चेहरों की सूची रही. जौनपुर के पूर्व सांसद धनंजय सिंह, पूर्व एमएलसी बृजेश सिंह, चंदौली के विधायक सुशील सिंह, गोंडा के पूर्व सांसद बृजभूषण शरण सिंह, पूर्व केंद्रीय मंत्री संजीव बालियान, BJP सांसद निशिकांत दुबे और योग गुरु रामदेव समेत कई प्रमुख लोग यहां पहुंचे. 

उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य, वित्त मंत्री सुरेश खन्ना, मंत्री मयंकेश्वर शरण सिंह, मनोज पांडेय और दिनेश प्रताप सिंह भी कथा में शामिल हुए. विधायक अभय सिंह, राकेश प्रताप सिंह, अदिति सिंह और विधान परिषद के कई सदस्य भी वहां पहुंचे. तेलंगाना के विधायक टी राजा सिंह और राजस्थान के विधायक रविंद्र सिंह भाटी की मौजूदगी ने इस आयोजन को अंतरराज्यीय राजनीतिक और धार्मिक जमावड़े का रूप दिया.  

इस आयोजन का सबसे चर्चित दृश्य पूर्वांचल के दो ऐसे नेताओं का एक मंच पर नजर आना था, जिन्हें लंबे समय से एक-दूसरे का राजनीतिक विरोधी माना जाता रहा है. जौनपुर के पूर्व सांसद धनंजय सिंह और वाराणसी के पूर्व एमएलसी बृजेश सिंह की मौजूदगी ने खास ध्यान खींचा. 

बृजेश सिंह के भतीजे और चंदौली के विधायक सुशील सिंह भी आयोजन में मौजूद रहे. अलग-अलग राजनीतिक और क्षेत्रीय समीकरणों वाले इन चेहरों का एक धार्मिक मंच पर आना इस बात का संकेत था कि कथा ने राजनीतिक दूरी और आपसी प्रतिद्वंद्विता से ऊपर एक साझा सार्वजनिक मंच उपलब्ध कराया. 

आस्था और सियासत का संगम

धीरेंद्र शास्त्री की लोकप्रियता के साथ उनके विवाद भी लगातार चर्चा में रहे हैं. अक्टूबर 2026 में मध्य प्रदेश के शिवपुरी में रामकथा के दौरान भगवान राम और कृष्ण की तुलना को लेकर उनकी टिप्पणी पर विवाद हुआ. समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव ने उनकी प्रस्तावित कथाओं पर रोक लगाने की मांग की थी. प्रतापगढ़ के सपा सांसद एसपी सिंह पटेल ने भी आयोजन का लोकतांत्रिक तरीके से विरोध करने की बात कही थी. 

कथा में शामिल होने पहुंचे उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य

इसके बावजूद राजा भैया ने कुंडा में कथा का आयोजन जारी रखा. उन्होंने संविधान के अनुच्छेद 25 और 26 का हवाला देते हुए धार्मिक आयोजन की स्वतंत्रता का बचाव किया. धीरेंद्र शास्त्री ने भी कुंडा में कहा कि उनकी पिछली टिप्पणी पर सफाई और खेद जताने का उद्देश्य हिंदुओं के बीच विभाजन रोकना था. 

राजा भैया और धीरेंद्र शास्त्री का जुड़ाव केवल कुंडा की रामकथा तक सीमित नहीं है. दोनों ‘सनातन हिंदू एकता पदयात्रा’ के दौरान भी साथ दिखाई दिए थे. राजा भैया ने धीरेंद्र शास्त्री के धार्मिक और सामाजिक विचारों का समर्थन किया है.  

राजा भैया के लिए इस आयोजन का एक दूसरा पहलू भी है. कुंडा उनकी परंपरागत राजनीतिक ताकत का केंद्र रहा है. वह यहां से सात बार विधायक चुने जा चुके हैं. ऐसे में अपने क्षेत्र में देश के चर्चित कथावाचक की रामकथा आयोजित कराना उन्हें धार्मिक-सामाजिक मंच पर भी व्यापक पहचान दिलाता है. 

कथा में विभिन्न दलों के नेताओं की मौजूदगी ने उनके राजनीतिक संपर्कों और क्षेत्रीय प्रभाव को भी सार्वजनिक रूप से प्रदर्शित किया. कथा में पाकिस्तान से भारत आए करीब 500 हिंदू शरणार्थियों को भी आमंत्रित किया गया. उन्हें विशेष रूप से जोधपुर से बुलाया गया था. धीरेंद्र शास्त्री ने इन परिवारों की मौजूदगी को धार्मिक और सामाजिक संदर्भ से जोड़ते हुए उन्हें मंच पर स्थान दिया. इस घटनाक्रम ने आयोजन को धार्मिक कथा से आगे हिंदू एकता और शरणार्थियों के मुद्दे से भी जोड़ दिया. 

बाहुबलियों के लिए धीरेंद्र शास्त्री ही क्यों?

चुनाव से पहले यूपी में बाहुबली सरीखी छवि रखने वाले नेताओं के बीच धीरेंद्र शास्त्री की लोकप्रियता का पहला कारण उनकी व्यापक लोकप्रियता है. बागेश्वर धाम के दिव्य दरबार और हनुमंत कथा के वीडियो सोशल मीडिया पर बड़ी संख्या में देखे जाते हैं. 

धीरेंद्र शास्त्री कार्यक्रमों में लाखों लोगों की भागीदारी के दावे आयोजक करते रहे हैं. उनके समर्थकों के बीच हनुमान भक्ति और सनातन धर्म के प्रचारक के रूप में उनकी छवि है. ऐसे कथावाचक को अपने क्षेत्र में बुलाने से आयोजक नेता को भी बड़े धार्मिक आयोजन की मेजबानी का अवसर मिलता है.

दूसरा कारण धार्मिक मंच से मिलने वाली सामाजिक स्वीकार्यता है. मेरठ विश्वविद्यालय में समाजशास्त्र विभाग के सहायक प्रोफेसर देवकी नंदन भट्ट कहते हैं, “बाहुबली छवि वाले नेताओं की सार्वजनिक पहचान अक्सर राजनीतिक संघर्ष, क्षेत्रीय वर्चस्व और विवादों से जुड़ी रही है. रामकथा जैसे आयोजन उन्हें परिवारों, महिलाओं, युवाओं, बुजुर्गों और धार्मिक संगठनों के बीच अपनी मौजूदगी दर्ज कराने का अवसर देते हैं. ऐसे आयोजनों में नेता केवल राजनीतिक भाषण देने वाले व्यक्ति के रूप में नहीं, बल्कि धार्मिक कार्यक्रम के आयोजक और श्रद्धालु के रूप में दिखाई देते हैं. इससे उनकी सार्वजनिक छवि का एक दूसरा पक्ष सामने आता है.”

तीसरा कारण धीरेंद्र शास्त्री के प्रवचनों का सामाजिक और वैचारिक संदेश है. वे अपनी कथाओं में हिंदू एकता, जातिगत भेदभाव खत्म करने, धर्मांतरण के विरोध और सनातन परंपरा के संरक्षण जैसे मुद्दे उठाते हैं. ये विषय उन नेताओं को भी आकर्षित करते हैं जो अपने राजनीतिक आधार को धार्मिक और सांस्कृतिक पहचान से जोड़कर देखते हैं. 

चौथा कारण बड़े आयोजनों के जरिए अलग-अलग राजनीतिक और सामाजिक समूहों को एक मंच पर लाने की क्षमता है. कुंडा की कथा इसका उदाहरण है. यहां BJP, जनसत्ता दल और दूसरे राजनीतिक दलों से जुड़े नेता पहुंचे. पूर्वांचल के अलग-अलग क्षेत्रीय प्रभाव वाले चेहरे भी एक साथ दिखाई दिए. सामान्य राजनीतिक कार्यक्रम में एक-दूसरे के विरोधी नेताओं का साथ आना मुश्किल हो सकता है लेकिन धार्मिक आयोजन उन्हें एक साझा मंच उपलब्ध करा देता है.

धीरेंद्र शास्त्री की लोकप्रियता का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि नवंबर-दिसंबर 2026 में उत्तर प्रदेश के कई जिलों में उनकी कथाओं के कार्यक्रम प्रस्तावित हैं. कुंडा के अलावा गोंडा, झांसी, लखनऊ और आगरा में भी उनके कार्यक्रमों की चर्चा है. दिसंबर में लखनऊ के डिफेंस एक्सपो ग्राउंड में भी उनकी हनुमंत कथा प्रस्तावित बताई गई है. 

BJP के विधायक और दूसरे राजनीतिक चेहरे इन आयोजनों से जुड़े हैं. धीरेंद्र शास्त्री के लिए यह उनकी धार्मिक लोकप्रियता के विस्तार का दौर है जबकि यूपी के प्रभावशाली नेताओं के लिए उनका मंच आस्था के साथ सामाजिक प्रतिष्ठा और राजनीतिक दृश्यता हासिल करने का अवसर बनता दिखाई दे रहा है.

Read more!