यूपी चुनाव में कितना असर दिखाएगी हैदराबादी बिरयानी की दावत?
आजम खान के हैदराबादी बिरयानी वाले तंज को ओवैसी की AIMIM ने सियासी हथियार बनाया. इटावा में बिरयानी की दावत के जरिए पार्टी ने 2027 से पहले सपा के परंपरागत मुस्लिम वोट बैंक में अपनी हिस्सेदारी बढ़ाने का दांव चला है

इटावा में AIMIM ने बांटी हैदराबादी बिरयानी. (Photo- Screengrab)
23 नवंबर को इटावा की नई बस्ती में दोपहर से ही चहल-पहल बढ़ने लगी थी. शहर के मुस्लिम बहुल इस इलाके में एक जगह बड़े बर्तनों में हैदराबादी बिरयानी तैयार कराई जा रही थी. आसपास लोगों की भीड़ जुटने लगी और फिर उन्हें बिरयानी परोसी गई. कार्यक्रम स्थल पर ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन (AIMIM) प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी का पोस्टर भी लगा था.
समाजवादी पार्टी (सपा) प्रमुख अखिलेश यादव के गृह जिले में यह महज बिरयानी की दावत नहीं थी बल्कि उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले मुस्लिम वोटों को लेकर चल रही सियासी खींचतान का नया प्रयोग था. सपा के वरिष्ठ नेता आजम खान के हैदराबादी बिरयानी वाले बयान को आधार बनाकर ओवैसी की पार्टी ने उसी खाने को अपनी राजनीतिक मुहिम का हिस्सा बना लिया, जिस पर तंज कसकर आजम खान ने ओवैसी को घेरने की कोशिश की थी.
नई बस्ती में बिरयानी खाने पहुंचे मोहम्मद बहाउद्दीन कुरैशी ने कहा कि उनका परिवार पहले सपा का समर्थन करता था लेकिन अब उन्हें अपनी बात उठाने वाला नेता मिल गया है. यह बयान AIMIM के लिए राजनीतिक रूप से अहम है क्योंकि पार्टी की कोशिश मुस्लिम मतदाताओं के बीच अपनी जगह बनाने की है.
AIMIM के इटावा जिलाध्यक्ष शमशाद हुसैन वारसी का दावा है कि मुस्लिम समाज का रुझान ओवैसी की ओर बढ़ रहा है. उनके मुताबिक पार्टी को भले ही चुनाव में जीत न मिले, लेकिन मुस्लिम समाज अपनी राजनीतिक ताकत का अहसास जरूर कराएगा.
दूसरी ओर सपा जिलाध्यक्ष प्रदीप शाक्य ने इस आयोजन को ज्यादा तवज्जो देने से इनकार किया. उनका कहना है कि हैदराबादी बिरयानी बांटने से समाजवादी पार्टी पर कोई असर नहीं पड़ेगा. बिरयानी मुफ्त में मिल रही है तो कोई भी खा सकता है, इसमें बुराई क्या है.
दरअसल उत्तर प्रदेश की सियासत में बिरयानी का यह नया अध्याय आजम खान की उस टिप्पणी से शुरू हुआ, जो जेल से बाहर आने के बाद उन्होंने रामपुर में की थी. आजम खान ने कहा था कि दाढ़ी रखने से कोई मौलाना नहीं हो जाता. इसी क्रम में उन्होंने रामपुर के लोगों की पसंद का जिक्र करते हुए कहा था कि उन्हें हैदराबादी बिरयानी पसंद नहीं है. वे पुलाव और मटन बिरयानी पसंद करते हैं.
उनकी यह टिप्पणी सीधे तौर पर ओवैसी और उनकी राजनीति पर तंज के रूप में देखी गई.
2027 के विधानसभा चुनाव से पहले इस बयान का राजनीतिक महत्व इसलिए भी बढ़ गया है, क्योंकि AIMIM ने नगीना के सांसद चंद्रशेखर आजाद की आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) के साथ मिलकर सामाजिक परिवर्तन मोर्चा बनाया है. इस गठबंधन ने प्रदेश की चुनावी राजनीति में एक नया समीकरण खड़ा करने की कोशिश की है. दोनों दलों की नजर उन सामाजिक समूहों पर है जिन्हें वे मौजूदा राजनीतिक दलों से अलग राजनीतिक विकल्प देने का दावा करते हैं.
चंद्रशेखर आजाद की राजनीति का आधार दलित और वंचित वर्गों के बीच है जबकि ओवैसी मुस्लिम मतदाताओं को अपने साथ जोड़ने की कोशिश करते रहे हैं. ऐसे में दोनों का साथ आना समाजवादी पार्टी के उस परंपरागत सामाजिक आधार के लिए चुनौती के रूप में देखा जा रहा है जिसमें मुस्लिम और यादव मतदाताओं की अहम भूमिका रही है.
सपा के मुस्लिम वोट बैंक को चुनौती
उत्तर प्रदेश में मुस्लिम मतदाता लंबे समय से समाजवादी पार्टी के चुनावी समीकरण का महत्वपूर्ण हिस्सा रहे हैं. 2022 के विधानसभा चुनाव में सपा को मुस्लिम मतदाताओं का व्यापक समर्थन मिला था. लोकसभा चुनाव 2024 में भी पार्टी ने कांग्रेस के साथ गठबंधन कर मुस्लिम बहुल इलाकों में अच्छा प्रदर्शन किया. लेकिन 2027 के चुनाव से पहले ओवैसी की सक्रियता और चंद्रशेखर आजाद के साथ उनका गठबंधन इस समर्थन को लेकर नई राजनीतिक बहस पैदा कर रहा है.
AIMIM की कोशिश है कि मुस्लिम मतदाताओं के सामने केवल किसी बड़ी पार्टी को जिताने या हराने का सवाल न रहे बल्कि वे अपनी अलग राजनीतिक हिस्सेदारी और नेतृत्व की मांग भी करें. ओवैसी अपनी सभाओं में लगातार यह सवाल उठाते रहे हैं कि मुस्लिम समाज केवल चुनाव में वोट देने तक सीमित क्यों रहे और उसकी राजनीतिक भागीदारी कितनी है. उनकी राजनीति का एक महत्वपूर्ण हिस्सा यह संदेश देना है कि मुस्लिम समुदाय को अपनी राजनीतिक आवाज और नेतृत्व विकसित करना चाहिए.
इसके उलट समाजवादी पार्टी का तर्क रहा है कि BJP को चुनौती देने के लिए विपक्षी मतों का बंटवारा रोकना जरूरी है. यही वजह है कि AIMIM की राजनीतिक सक्रियता को सपा के लिए चुनौती के तौर पर देखा जाता है. आजम खान का बयान भी इसी राजनीतिक पृष्ठभूमि में आया जिसमें हैदराबादी बिरयानी का जिक्र करके ओवैसी की क्षेत्रीय पहचान और उनकी राजनीति पर सवाल उठाने की कोशिश की गई.
हालांकि ओवैसी ने इस तंज का जवाब भी राजनीतिक अंदाज में दिया. उन्होंने कहा कि वे खाने-पीने के बहुत शौकीन नहीं हैं. उनकी पार्टी लोगों की सेवा करने और उन्हें न्याय दिलाने के लिए काम करती है. उन्होंने यह भी याद दिलाया कि वे उत्तर प्रदेश के लिए नए नहीं हैं और लंबे समय से यहां के लोगों के बीच सक्रिय रहे हैं.
ओवैसी ने 2013 के मुजफ्फरनगर दंगों के पीड़ितों और 2015 के दादरी लिंचिंग मामले के पीड़ित परिवारों से अपनी मुलाकातों का उल्लेख करते हुए प्रदेश के मुस्लिम समाज से अपने पुराने जुड़ाव को सामने रखा. इस तरह बिरयानी को लेकर शुरू हुई बहस धीरे-धीरे मुस्लिम समाज के राजनीतिक प्रतिनिधित्व, हिस्सेदारी और नेतृत्व की लड़ाई में बदलती दिखाई देने लगी.
राजनीतिक विश्लेषक और मेरठ विश्वविद्यालय में सहायक प्रोफेसर विवेक नौटियाल इस पूरे घटनाक्रम को केवल खान-पान की पसंद से जोड़कर देखने के पक्ष में नहीं हैं. उनका कहना है, "आजम खान केवल हैदराबादी बिरयानी की तुलना स्थानीय व्यंजनों से करके इस समय AIMIM की अहमियत को खारिज नहीं कर सकते. AIMIM प्रमुख ओवैसी उन्हीं वोट बैंकों को साधने की कोशिश कर रहे हैं जो अब तक समाजवादी पार्टी का गढ़ रहे हैं." उनके मुताबिक, 2027 के चुनाव में मुस्लिम मतदाताओं के बीच राजनीतिक विकल्प और प्रतिनिधित्व का सवाल महत्वपूर्ण हो सकता है.
क्षेत्रीय पहचान की राजनीति
उत्तर प्रदेश में बिरयानी का अपना क्षेत्रीय और सांस्कृतिक महत्व भी है. लखनऊ की अवधी बिरयानी, मुरादाबाद की मुरादाबादी बिरयानी और रामपुर की रामपुरी बिरयानी अलग-अलग स्वाद और पकाने की परंपराओं के लिए जानी जाती हैं. ऐसे में हैदराबादी बिरयानी का जिक्र केवल एक व्यंजन का नाम नहीं रह जाता बल्कि क्षेत्रीय पहचान और खान-पान की परंपराओं से भी जुड़ जाता है.
आजम खान ने रामपुर की स्थानीय पसंद का हवाला देकर हैदराबादी बिरयानी पर टिप्पणी की तो AIMIM ने उसी बिरयानी को इटावा में बांटकर जवाब देने की कोशिश की.
इस तरह एक राजनीतिक तंज को पार्टी ने अपने प्रचार और जनसंपर्क के अवसर में बदल दिया. उत्तर प्रदेश सरकार भी स्थानीय खान-पान और व्यंजनों को पहचान दिलाने की दिशा में काम कर रही है. वन डिस्ट्रिक्ट वन प्रोडक्ट (ओडीओपी) की तर्ज पर वन डिस्ट्रिक्ट वन कुजीन योजना शुरू की गई है. इसका उद्देश्य स्थानीय खाद्य उत्पादों को प्रोत्साहन देना, उनकी पैकेजिंग और शेल्फ लाइफ बेहतर बनाना तथा खान-पान से जुड़े पर्यटन को बढ़ावा देना है.
लखनऊ को यूनेस्को की ओर से क्रिएटिव सिटी ऑफ गैस्ट्रोनॉमी का दर्जा भी मिल चुका है. प्रदेश के अलग-अलग इलाकों के व्यंजनों की पहचान को बढ़ावा देने की कोशिशों के बीच बिरयानी का राजनीतिक विमर्श में आना दिलचस्प है. हालांकि आम लोगों के रोजमर्रा के भोजन में दाल, चावल, रोटी और सब्जी की ही प्रमुखता है लेकिन चुनावी बहस में बिरयानी ने अपनी अलग जगह बना ली है.
खानपान विशेषज्ञ और लखनऊ में एक मशहूर नॉनवेज रेस्टोरेंट के संचालक पंकज तिवारी इस तरह की बहस को गैरजरूरी मानते हैं. उनका कहना है कि बिरयानी की उत्पत्ति पुलाव से ही हुई है और बिरयानी दरअसल पुलाव का ही परिष्कृत रूप है. आम आदमी के लिए पुलाव और बिरयानी में बहुत बड़ा अंतर नहीं है. वे कहते हैं, "भले ही हैदराबादी बिरयानी ने वैश्विक स्तर पर अपनी जगह बना ली है लेकिन दुनिया की सबसे बेहतरीन बिरयानी तो लखनऊ की बिरयानी ही है." उनका यह बयान बताता है कि बिरयानी की दुनिया में भी क्षेत्रीय पसंद और पहचान को लेकर अलग-अलग दावे हैं.
फिलहाल, इटावा में हैदराबादी बिरयानी की दावत ने यह साफ कर दिया है कि 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले उत्तर प्रदेश में मुस्लिम मतदाताओं को लेकर राजनीतिक दलों की सक्रियता बढ़ रही है.
समाजवादी पार्टी जहां अपने परंपरागत मुस्लिम समर्थन को बनाए रखने की कोशिश में है वहीं AIMIM और आजाद समाज पार्टी अपने गठबंधन के जरिए एक अलग राजनीतिक विकल्प खड़ा करना चाहते हैं. आजम खान का बयान इस प्रतिस्पर्धा को सार्वजनिक बहस में ले आया है.