संविधान दिवस पर यूपी में शक्ति प्रदर्शन करने क्यों जुट रही पार्टियां?
2027 के यूपी चुनाव से पहले संविधान और आंबेडकर की विरासत के बहाने BJP, कांग्रेस, सपा और चंद्रशेखर-ओवैसी गठबंधन दलित वोटों को साधने के साथ अपना-अपना सियासी नैरेटिव गढ़ने में जुटे हैं

उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनाव की आहट के बीच 26 नवंबर का संविधान दिवस राजनीतिक दलों के लिए अपनी ताकत दिखाने और सामाजिक समीकरण साधने का बड़ा अवसर बन गया है. संविधान, लोकतंत्र, आरक्षण और सामाजिक न्याय के मुद्दों पर BJP, कांग्रेस और समाजवादी पार्टी (सपा) आमने-सामने हैं.
वहीं चंद्रशेखर आजाद और असदुद्दीन ओवैसी का सामाजिक परिवर्तन मोर्चा भी लखनऊ में महारैली के जरिए अपनी राजनीतिक ताकत दिखाने की तैयारी में है.
इन सभी आयोजनों के केंद्र में बाबा साहेब भीमराव आंबेडकर की विरासत और दलित मतदाता हैं. लखनऊ में एक ही दिन होने वाले इन आयोजनों के राजनीतिक संदेश अलग-अलग हैं.
BJP संविधान गौरव दिवस के जरिए आंबेडकर के योगदान को सामने रखेगी, कांग्रेस संविधान रक्षा मार्च निकालकर सरकार को घेरेगी और सपा पीडीए (पिछड़ा, दलित, अल्पसंख्यक) के एजेंडे के साथ अपना चुनावी घोषणापत्र जारी करेगी. दूसरी ओर सामाजिक परिवर्तन मोर्चा बहुजन स्वराज संकल्प महारैली के जरिए नए राजनीतिक विकल्प का दावा करेगा.
BJP का संविधान गौरव दिवस
BJP ने 26 नवंबर को प्रदेशभर में संविधान गौरव दिवस मनाने का फैसला किया है. इसके तहत सांसदों को 26 से 29 नवंबर के बीच विश्वविद्यालयों, महाविद्यालयों, इंजीनियरिंग और मेडिकल कॉलेजों में संविधान पर संगोष्ठियां आयोजित करने की जिम्मेदारी दी गई है. इनमें बाबा साहेब आंबेडकर के योगदान और संविधान में गरीबों, शोषितों तथा वंचितों के अधिकारों पर चर्चा होगी.
यूपी के जिलों में आंबेडकर प्रतिमाओं पर माल्यार्पण और कार्यक्रमों को सोशल मीडिया पर साझा करने की योजना है. BJP प्रदेश महामंत्री दिलीप पटेल को अभियान का संयोजक बनाया गया है, जबकि वसंत त्यागी और अंकुर शर्मा सह-संयोजक हैं.
BJP की इस कवायद के पीछे दलित समाज, खासकर गैर-जाटव मतदाताओं के बीच अपनी पकड़ मजबूत करने की रणनीति है. पार्टी पिछले कुछ वर्षों से पंचतीर्थ के विकास और आंबेडकर से जुड़े आयोजनों के जरिए उनकी विरासत को अपने राजनीतिक विमर्श का हिस्सा बनाती रही है. अब संविधान गौरव दिवस के जरिए वह यह संदेश देना चाहती है कि आंबेडकर और संविधान की विरासत पर उसका भी अधिकार है.
2024 के लोकसभा चुनाव में विपक्ष के संविधान बदलने के आरोपों का असर भी BJP के चुनावी प्रदर्शन की चर्चा में रहा था. ऐसे में पार्टी इस मुद्दे पर अपनी स्थिति स्पष्ट करने और विपक्ष के नैरेटिव का जवाब देने की कोशिश कर रही है.
BJP से उलट कांग्रेस ने संविधान रक्षा को अपना प्रमुख राजनीतिक मुद्दा बनाया है. पार्टी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे 26 नवंबर को लखनऊ में संविधान रक्षा मार्च में शामिल होंगे. यह मार्च नेहरू भवन स्थित गांधी प्रतिमा से शुरू होकर हजरतगंज में आंबेडकर प्रतिमा तक पहुंचेगा. इस दौरान संविधान की प्रस्तावना का सामूहिक पाठ भी होगा. कांग्रेस का नारा है, 'वोट बचाओ, देश बचाओ, संविधान रक्षा मार्च'.
कांग्रेस मतदाता सूची और चुनाव प्रक्रिया से जुड़े सवालों को संविधान तथा लोकतांत्रिक अधिकारों से जोड़कर BJP को घेरना चाहती है. पार्टी सांसद तनुज पुनिया के मुताबिक, संविधान दिवस पार्टी और उसके गठबंधन के लिए बेहद महत्वपूर्ण है. उनका आरोप है कि BJP संविधान को दबाने और अपने एजेंडे के मुताबिक इस्तेमाल करने का प्रयास कर रही है.
कांग्रेस का कहना है कि संविधान की रक्षा का सवाल आम नागरिक के मताधिकार और लोकतांत्रिक व्यवस्था से जुड़ा है. खड़गे की मौजूदगी में होने वाला मार्च पार्टी के लिए उत्तर प्रदेश में अपनी राजनीतिक सक्रियता दिखाने का भी अवसर है. सपा के साथ गठबंधन में 2027 का चुनाव लड़ने की तैयारी कर रही कांग्रेस इस आयोजन के जरिए अपने अलग राजनीतिक आधार को भी रेखांकित करना चाहती है.
पीडीए के सहारे सपा
सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव 26 नवंबर को 2027 के विधानसभा चुनाव के लिए 'जन-मन का मैनिफेस्टो' जारी करेंगे. इसे 'सत्ताईस का संकल्प: पीडीए का प्रणपत्र' नाम दिया गया है. पूर्व मुख्य सचिव आलोक रंजन की देखरेख में तैयार इस दस्तावेज में संविधान, लोकतंत्र, आरक्षण और सामाजिक न्याय के मुद्दों को प्रमुखता दिए जाने की तैयारी है.
महिलाओं, युवाओं और कमजोर वर्गों के लिए रोजगार, शिक्षा तथा अवसरों से जुड़े वादे भी इसमें शामिल होंगे. पार्टी बाद में मंडल और जिला स्तर पर क्षेत्रीय घोषणापत्र जारी करने की योजना बना रही है. चुनाव से करीब एक साल पहले घोषणापत्र लाने का मकसद अपने सामाजिक एजेंडे को समय रहते जनता के बीच ले जाना है.
अखिलेश यादव हाल में आगरा में दलित सम्मेलन कर चुके हैं. वहां उन्होंने पीडीए के 'डी' को 'दमदार दलित' बताते हुए BJP पर दलितों के उत्पीड़न का आरोप लगाया था. वरिष्ठ पत्रकार आनंद राय के मुताबिक आगरा को दलित राजनीति के लिहाज से महत्वपूर्ण केंद्र मानते हुए अखिलेश ने वहां से अपने अभियान की शुरुआत की. वरिष्ठ पत्रकार सुमन गुप्ता भी इसे दलित मतदाताओं के बीच सपा की जमीन मजबूत करने की कोशिश मानती हैं. उनके मुताबिक BSP के कमजोर होने के बाद दलित राजनीति में दूसरे दलों के लिए संभावनाएं बढ़ी हैं और सपा पश्चिमी उत्तर प्रदेश में अपनी पकड़ विस्तार देना चाहती है.
इसी राजनीतिक प्रतिस्पर्धा में चंद्रशेखर आजाद और असदुद्दीन ओवैसी का सामाजिक परिवर्तन मोर्चा भी उतर रहा है. दोनों नेताओं ने 12 नवंबर को लखनऊ में गठबंधन का ऐलान किया था. अब 26 नवंबर को रमाबाई आंबेडकर मैदान में 'बहुजन स्वराज संकल्प महारैली' के जरिए अपनी ताकत दिखाने की तैयारी है. आयोजकों ने सात से दस लाख लोगों के जुटने का दावा किया है. इस रैली में संविधान की रक्षा, बहुजन अधिकार, आरक्षण, सामाजिक न्याय, शिक्षा और रोजगार के मुद्दे उठाए जाएंगे.
गठबंधन की घोषणा के दौरान ओवैसी ने कहा था कि उत्तर प्रदेश में BJP को तीसरी बार सत्ता में आने से रोकने के लिए उनका मोर्चा मजबूत विकल्प बनेगा. उन्होंने आरोप लगाया था कि राजनीतिक दलों ने पिछड़ों, दलितों और वंचितों को केवल वोट बैंक की तरह इस्तेमाल किया है.
BSP की चुनौती
संविधान और आंबेडकर की विरासत की राजनीति में बहुजन समाज पार्टी (BSP) की ऐतिहासिक भूमिका को नजरअंदाज नहीं किया जा सकता. कांशीराम के बहुजन आंदोलन से निकली BSP ने उत्तर प्रदेश में दलितों को स्वतंत्र राजनीतिक पहचान और सत्ता में भागीदारी दिलाई. 2007 में पूर्ण बहुमत की सरकार बनाने वाली BSP का वोट प्रतिशत 2022 के विधानसभा चुनाव में घटकर करीब 12.88 फीसदी रह गया था. 2024 के लोकसभा चुनाव में पार्टी एक भी सीट नहीं जीत सकी. इसके बावजूद जाटव मतदाताओं के बीच मायावती की ऐतिहासिक पकड़ को पूरी तरह खारिज नहीं किया जा सकता.
BSP के कमजोर प्रदर्शन ने दूसरे दलों के लिए दलित राजनीति में जगह बनाने की संभावनाएं बढ़ाई हैं. BJP गैर-जाटव दलितों के बीच अपनी स्वीकार्यता बनाए रखना चाहती है, सपा पीडीए के जरिए दलितों को पिछड़ों और अल्पसंख्यकों के साथ जोड़ने में जुटी है जबकि चंद्रशेखर आजाद और ओवैसी साझा बहुजन-मुस्लिम राजनीतिक मंच बनाने की कोशिश कर रहे हैं.
कांग्रेस संविधान और लोकतांत्रिक अधिकारों की रक्षा के मुद्दे के जरिए इस सामाजिक समूह तक पहुंचना चाहती है. हालांकि दलित समाज को एकमुश्त किसी एक राजनीतिक दल या गठबंधन का समर्थक मानना सही नहीं होगा. अलग-अलग जातियों, क्षेत्रों और सामाजिक परिस्थितियों के आधार पर उसकी राजनीतिक प्राथमिकताएं बदलती रही हैं.
इस पूरी कवायद का एक महत्वपूर्ण पहलू विपक्षी एकजुटता भी है. सपा और कांग्रेस 2027 का चुनाव साथ लड़ने की तैयारी कर रही हैं लेकिन सीटों के बंटवारे और राजनीतिक हिस्सेदारी के सवाल उनके सामने रहेंगे. दूसरी ओर चंद्रशेखर-ओवैसी गठबंधन विपक्षी मतों के बंटवारे की आशंका पैदा कर सकता है.
अगर यह मोर्चा कुछ क्षेत्रों में दलित और मुस्लिम मतदाताओं के बीच प्रभाव बना लेता है तो उसका असर सपा-कांग्रेस गठबंधन पर पड़ सकता है. वहीं BJP के लिए चुनौती अपने मौजूदा सामाजिक आधार को बनाए रखने और विपक्ष के संविधान संबंधी आरोपों का जवाब देने की होगी.