यूपी में सहयोगियों की सीटों के गणित में उलझी BJP

NDA के सहयोगी दलों की बढ़ती सीटों की मांग, आपसी दावेदारी और BJP के मौजूदा विधायकों के टिकट बचाने की चुनौती ने 2027 के विधानसभा चुनाव का गणित उलझाया

Up bjp alliance politics seat sharing
ओम प्रकाश राजभर, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और संजय निषाद

उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनाव की तैयारियों के बीच भारतीय जनता पार्टी (BJP) के सामने एक ऐसी चुनौती खड़ी हो रही है जिसका हल सिर्फ राजनीतिक रणनीति से नहीं, बल्कि सीटों के जटिल गणित से भी निकालना होगा. राज्य में जातिगत समीकरणों की अहमियत और छोटे दलों की चुनावी उपयोगिता को देखते हुए BJP ने राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (NDA) का कुनबा तो बढ़ाया है लेकिन अब यही विस्तार उसके लिए परेशानी का सबब बनता जा रहा है. 

गठबंधन में शामिल सहयोगी दल अधिक सीटों की मांग कर रहे हैं. सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी (सुभासपा), राष्ट्रीय लोक दल (RLD), अपना दल (सोनेलाल) और निषाद पार्टी के अलावा चिराग पासवान की लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) ने भी उत्तर प्रदेश में अपनी राजनीतिक हिस्सेदारी बढ़ाने के संकेत दिए हैं. 

ऐसे में BJP के सामने सहयोगियों की मांग पूरी करने के साथ अपने नेताओं और मौजूदा विधायकों की राजनीतिक जमीन बचाने की चुनौती भी है. सवाल यह है कि 403 विधानसभा सीटों वाले उत्तर प्रदेश में BJP अपने सहयोगियों को कितनी सीटें देगी और इसके लिए अपने कितने दावेदारों की उम्मीदों पर पानी फेरेगी?

2022 के विधानसभा चुनाव में BJP ने 376 सीटों पर चुनाव लड़ा था. उसने अपना दल (एस) को 17 और निषाद पार्टी को 10 सीटें दी थीं. उस समय सुभासपा और RLD समाजवादी पार्टी के साथ गठबंधन में थीं. बाद में सुभासपा NDA में लौट आई, जबकि RLD ने 2024 के लोकसभा चुनाव से पहले BJP के साथ हाथ मिला लिया. अब 2027 के चुनाव में ये दोनों दल भी NDA के साथ सीटों के बंटवारे में अपनी हिस्सेदारी चाहते हैं. 

RLD के प्रमुख जयंत चौधरी (फाइल फोटो)

BJP के सामने मुश्किल यह है कि पुराने सहयोगियों के साथ नए साथियों की मांगों को भी पूरा करना होगा. जानकारी के मुताबिक RLD और सुभासपा 2022 के विधानसभा चुनाव में लड़ी गई सीटों के आसपास ही अपना दावा पेश कर रही हैं. RLD ने 2022 में 33 सीटों पर चुनाव लड़ा था और आठ पर जीत हासिल की थी. वहीं सुभासपा ने 19 सीटों पर अपने प्रत्याशी उतारे थे और छह सीटें जीती थीं. 

अपना दल (एस) और निषाद पार्टी भी क्रमश: 17 और 10 सीटों की मांग कर रही हैं. इस हिसाब से चार सहयोगी दलों की मांग पूरी करने पर BJP को कुल 79 सीटें छोड़नी पड़ेंगी. यानी 403 सदस्यीय विधानसभा में उसके पास खुद चुनाव लड़ने के लिए 324 सीटें ही बचेंगी, जबकि 2022 में उसने 376 सीटों पर उम्मीदवार उतारे थे. 

इस गणित में लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के अध्यक्ष चिराग पासवान की मांग को जोड़ दिया जाए तो BJP के लिए सीटों का हिसाब और कठिन हो सकता है. चिराग की पार्टी बिहार और केंद्र में NDA की सहयोगी है. उन्होंने उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में भी NDA के कोटे से सीटें मांगने के संकेत दिए हैं. 

हालांकि BJP के प्रदेश मुख्य प्रवक्ता दिनेश प्रताप सिंह का कहना है कि सीटों के बंटवारे पर फैसला उचित समय पर शीर्ष नेतृत्व करेगा. फिलहाल पार्टी का ध्यान बूथ स्तर पर संगठन को मजबूत करने पर है. उनका दावा है कि NDA एकजुट है और सभी दल मिलकर चुनाव लड़ेंगे.

BJP के लिए यह सिर्फ सहयोगियों की मांग और अपनी सीटों के बीच संतुलन बनाने का मामला नहीं है. पार्टी के भीतर भी टिकट के दावेदारों की संख्या लगातार बढ़ रही है. प्रदेश के लगभग हर जिले में विधानसभा की एक सीट पर तीन से चार नेता टिकट की दावेदारी कर रहे हैं. 

ऐसे में यदि BJP को पिछली बार के मुकाबले काफी कम सीटों पर चुनाव लड़ना पड़ता है तो उसे अपने ही नेताओं को समझाना मुश्किल होगा. पार्टी के एक वरिष्ठ नेता के मुताबिक गठबंधन में सीटों का बंटवारा केवल संख्या के आधार पर नहीं हो सकता. असली सवाल जीतने की संभावना का है. 

संजय निषाद आरक्षण के मसले पर BJP को चेतावनी दे चुके हैं (फाइल फोटो)

RLD पश्चिमी उत्तर प्रदेश में उन सीटों पर दावा करेगी जहां उसका अपना प्रभाव है जबकि सुभासपा पूर्वांचल में अपनी राजनीतिक ताकत के आधार पर हिस्सेदारी चाहेगी. इनमें से कई सीटों पर फिलहाल BJP के विधायक हैं. ऐसे में मौजूदा विधायकों को टिकट छोड़ने के लिए तैयार करना नेतृत्व के लिए बड़ी चुनौती होगी.

सहयोगियों के दबाव की राजनीति

विधानसभा चुनाव नजदीक आते ही NDA के सहयोगी दलों ने अपनी राजनीतिक सक्रियता बढ़ा दी है. केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह से मुलाकातों के बाद सहयोगियों की ओर से अधिक सीटों की मांग तेज हुई है. सुभासपा और अपना दल (एस) जहां राजनीतिक भागीदारी बढ़ाने की बात कर रहे हैं वहीं निषाद पार्टी के अध्यक्ष संजय निषाद ने गोरखपुर में धरना देकर अपनी नाराजगी जाहिर की. हालांकि, BJP प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी से कुछ आश्वासन मिलने के बाद उन्होंने धरना खत्म कर दिया. 

इस घटनाक्रम ने संकेत दिया कि चुनाव से पहले सहयोगी दल अपनी मांगों को लेकर BJP पर दबाव बनाने से पीछे नहीं हटेंगे. निषाद पार्टी की राजनीति लंबे समय से निषाद समाज को आरक्षण और राजनीतिक भागीदारी दिलाने के मुद्दे के इर्द-गिर्द घूमती रही है. संजय निषाद चुनावों के दौरान इस मांग को प्रमुखता से उठाते रहे हैं. उनकी पार्टी उचित हिस्सेदारी नहीं मिलने पर अलग राजनीतिक रास्ता चुनने की चेतावनी भी दे चुकी है. 

अमित शाह से मुलाकात के बाद उन्होंने NDA के साथ बने रहने का भरोसा जरूर दिया लेकिन गोरखपुर में धरने के जरिए अपनी अपेक्षाएं भी स्पष्ट कर दीं. इसी तरह सुभासपा पिछड़ी जातियों के आरक्षण में बंटवारे की मांग को लगातार उठाती रही है. 2022 के विधानसभा चुनाव में इसी मुद्दे पर उसने BJP से अलग होकर समाजवादी पार्टी के साथ गठबंधन किया था. बाद में सपा से दूरी बनाकर वह NDA में लौट आई. अब चुनाव से पहले वह ज्यादा सीटों के जरिए अपनी राजनीतिक ताकत बढ़ाना चाहती है. 

अपना दल (एस) की अनुप्रिया पटेल ज्यादा सीटों की मांग उठा चुकी हैं (फाइल फोटो)

अपना दल (एस) भी गठबंधन में अपनी भागीदारी बढ़ाने के पक्ष में है. पार्टी अध्यक्ष और केंद्रीय मंत्री अनुप्रिया पटेल ने हाल में लखनऊ में आयोजित पार्टी के सम्मेलन में चुनाव में अधिक भागीदारी देने की मांग उठाई थी. हालांकि पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष आरपी गौतम ने सीटों के बंटवारे पर बातचीत के सवाल पर कहा कि अपना दल NDA का हिस्सा है और इस बारे में अंतिम फैसला पार्टी का हाईकमान ही करेगा. यानी सहयोगी दल फिलहाल सार्वजनिक तौर पर गठबंधन के साथ रहने का भरोसा दे रहे हैं लेकिन साथ ही सीटों के मामले में अपनी दावेदारी भी मजबूत कर रहे हैं.

BJP के लिए परेशानी का एक और पहलू यह है कि सहयोगियों के बीच भी कई सीटों को लेकर प्रतिस्पर्धा सामने आने लगी है. पूर्वांचल की कुछ सीटों पर सुभासपा और निषाद पार्टी दोनों दावा कर रही हैं. आजमगढ़ की अतरौलिया सीट इसका उदाहरण है. सुभासपा अध्यक्ष ओम प्रकाश राजभर यहां से अपने बेटे अरुण राजभर को चुनाव लड़ाने की तैयारी में हैं. दूसरी ओर संजय निषाद ने 2022 के चुनाव में इस सीट पर निषाद पार्टी के चुनाव लड़ने का हवाला देकर अपना दावा जताया है. 

इसी तरह गोरखपुर की चौरीचौरा सीट पर भी राजभर ने दावेदारी की है. 2022 में यहां से निषाद पार्टी के टिकट पर संजय निषाद के बेटे सरवन निषाद विधायक चुने गए थे. राजभर का तर्क है कि इस क्षेत्र में करीब 50 हजार राजभर मतदाता हैं इसलिए सुभासपा को यहां मौका मिलना चाहिए. जौनपुर की शाहगंज सीट पर भी ओम प्रकाश राजभर ने दावा जताया है. 2022 में यहां से निषाद पार्टी के रमेश सिंह विधायक चुने गए थे. 

आजमगढ़ की दीदारगंज सीट पर भी सुभासपा अपने बेटे अरविंद राजभर को चुनाव लड़ाने की तैयारी में है, जबकि इस सीट पर निषाद पार्टी की पुरानी दावेदारी रही है. इन सीटों पर दो सहयोगी दलों के आमने-सामने आने से BJP के लिए फैसला करना आसान नहीं होगा. यदि वह एक दल को सीट देती है तो दूसरे की नाराजगी का खतरा रहेगा. वहीं किसी मौजूदा विधायक की सीट बदलने या उसका टिकट काटने का फैसला भी राजनीतिक संदेश दे सकता है.

बिहार मॉडल से रास्ता तलाशेगी BJP

BJP के सामने चुनौती केवल सहयोगियों को सीटें देने की नहीं, बल्कि गठबंधन के भीतर संतुलन बनाए रखने की भी है. पार्टी को यह देखना होगा कि किस सहयोगी की किस क्षेत्र में वास्तविक चुनावी ताकत है और उसे सीट देने से NDA की जीत की संभावना कितनी बढ़ेगी. 

जानकारी के मुताबिक BJP नेतृत्व इसके लिए दो स्तरों पर रणनीति बना सकता है. पहला, सहयोगी दलों को उनकी मांग के मुकाबले कम सीटों पर सहमत करने की कोशिश होगी. उन्हें यह समझाया जा सकता है कि गठबंधन में राजनीतिक हिस्सेदारी केवल सीटों की संख्या से तय नहीं होती बल्कि चुनाव जीतने और सरकार में भागीदारी से भी उसका आकलन किया जाना चाहिए. 

दूसरा BJP अपने मजबूत गढ़ों को सुरक्षित रखते हुए उन सीटों पर सहयोगियों को समायोजित कर सकती है जहां पार्टी की स्थिति अपेक्षाकृत कमजोर है. BJP इस मामले में बिहार मॉडल से भी सबक लेने की कोशिश कर सकती है. बिहार विधानसभा चुनाव में NDA ने पांच सहयोगियों के बीच सीटों का बंटवारा करते हुए काफी मोलभाव किया था. अंतिम समय तक सीटों में बदलाव और राजनीतिक समझौते के जरिए सहयोगियों को साथ रखा गया. 

हालांकि उत्तर प्रदेश की स्थिति बिहार से अलग है. यहां विधानसभा की 403 सीटें हैं और जातीय समीकरणों का प्रभाव हर क्षेत्र में अलग-अलग है. पश्चिमी उत्तर प्रदेश में RLD का जाट और किसान राजनीति से जुड़ा आधार है जबकि पूर्वांचल में सुभासपा राजभर समाज के बीच अपनी राजनीतिक ताकत का दावा करती है. 

निषाद पार्टी निषाद और मछुआरा समुदायों के बीच प्रभाव बढ़ाने की कोशिश में है. अपना दल (एस) का आधार कुर्मी मतदाताओं के बीच माना जाता है. ऐसे में BJP के लिए सहयोगियों की मांग को केवल सीटों की संख्या से जोड़कर देखना संभव नहीं होगा.

Read more!