नितिन नवीन के लखनऊ दौरे में दिखा BJP का 2027 का चुनावी ब्लूप्रिंट
राम मंदिर से लेकर बूथ संगठन, जातीय समीकरण, एनडीए समन्वय और सरकार-संगठन की एकजुटता तक, नितिन नवीन के लखनऊ दौरे ने मिशन-2027 की BJP रणनीति की साफ झलक पेश की

नितिन नवीन 4-5 जुलाई को यूपी के दौरे पर थे
उत्तर प्रदेश में 2027 का विधानसभा चुनाव जैसे जैसे नजदीक आता जा रहा है राजनीतिक पार्टियां अपने कील कांटे दुरुस्त करने में जुट गई हैं. BJP के राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने के बाद नितिन नवीन का 4 और 5 जुलाई का पहला लखनऊ दौरा इसी रणनीति का हिस्सा माना जा रहा है.
दो दिन के इस प्रवास में जितनी राजनीतिक गतिविधियां हुईं, उतने ही राजनीतिक संदेश भी दिए गए. पहली नजर में यह एक सामान्य संगठनात्मक दौरा दिखता है, लेकिन इसकी परतें खोलने पर साफ होता है कि BJP ने इसके जरिए मिशन-2027 की लगभग पूरी रूपरेखा सामने रख दी.
योगी और संगठन की केमिस्ट्री : अटकलों पर विराम लगाने की कोशिश
लोकसभा चुनाव के बाद उत्तर प्रदेश BJP में सबसे ज्यादा चर्चा जिस मुद्दे पर रही, वह सरकार और संगठन के बीच कथित दूरी की थी. मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और केंद्रीय नेतृत्व के रिश्तों को लेकर भी लगातार राजनीतिक चर्चाएं होती रहीं. विपक्ष ने भी इन चर्चाओं को हवा देने में कोई कसर नहीं छोड़ी. नितिन नवीन के लखनऊ दौरे का पहला और सबसे बड़ा राजनीतिक संदेश इसी संदर्भ में देखा जा रहा है. मुख्यमंत्री योगी खुद एयरपोर्ट पहुंचे और उन्होंने राष्ट्रीय अध्यक्ष का स्वागत केसरिया अंगवस्त्र पहनाकर किया. इसके बाद दोनों एक साथ एयरपोर्ट से बाहर निकले.
पूरे रोड शो में योगी आदित्यनाथ और नितिन नवीन की संयुक्त मौजूदगी ने यह संदेश दिया कि सरकार और संगठन पूरी तरह एकजुट हैं. यह महज औपचारिक स्वागत नहीं था. BJP जानती है कि चुनाव से पहले कार्यकर्ताओं के बीच किसी तरह की भ्रम की स्थिति संगठन को नुकसान पहुंचा सकती है. इसलिए राष्ट्रीय अध्यक्ष के पहले ही दौरे में यह दिखाने की कोशिश हुई कि पार्टी का शीर्ष नेतृत्व और राज्य नेतृत्व एक ही दिशा में काम कर रहा है.
इस संदेश को और मजबूत करने के लिए नितिन नवीन ने मुख्यमंत्री, दोनों उपमुख्यमंत्रियों, प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी, राष्ट्रीय संगठन महामंत्री बीएल संतोष और प्रदेश संगठन के शीर्ष पदाधिकारियों के साथ अलग-अलग बैठकें कीं.
दौरे की सबसे चर्चित तस्वीरों में एक वह भी रही जब नितिन नवीन पहले डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक के घर आम पार्टी में पहुंचे और फिर दिल्ली लौटने से पहले दूसरे डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य के घर रात्रिभोज किया. दोनों कार्यक्रमों में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की मौजूदगी ने साफ संकेत दिया कि BJP नेतृत्व सरकार के भीतर किसी भी प्रकार की गुटबाजी की अटकलों को खत्म करना चाहता है.
लखनऊ के अवध गर्ल्स डिग्री कालेज की प्राचार्य बीना राय कहती हैं, “राजनीतिक दृष्टि से यह संदेश केवल पार्टी कार्यकर्ताओं के लिए नहीं था. विपक्ष को भी यह संकेत दिया गया कि BJP नेतृत्व चुनाव से पहले किसी भी तरह की अंदरूनी खींचतान को सार्वजनिक होने नहीं देगा. दूसरी ओर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी राष्ट्रीय अध्यक्ष के स्वागत में जिस तरह की सक्रिय भूमिका निभाई, उससे यह स्पष्ट हुआ कि उत्तर प्रदेश में चुनावी अभियान की कमान सरकार और संगठन मिलकर संभालेंगे.”
राम मंदिर से सांस्कृतिक राष्ट्रवाद तक, नितिन नवीन ने चुना आक्रामक वैचारिक रास्ता
नितिन नवीन का लखनऊ दौरा ऐसे समय हुआ, जब अयोध्या के राम मंदिर में चढ़ावे की कथित चोरी का मामला राजनीतिक बहस का बड़ा मुद्दा बन चुका था. विपक्ष लगातार सवाल उठा रहा था और सोशल मीडिया से लेकर राजनीतिक मंचों तक BJP और श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट को घेरने की कोशिश की जा रही थी.
ऐसे माहौल में यह उम्मीद की जा रही थी कि BJP इस मुद्दे पर रक्षात्मक रुख अपनाएगी लेकिन हुआ इसके ठीक उलट. लखनऊ में अपने दौरे के दूसरे दिन नितिन नवीन ने सीधे कहा कि "प्रभु श्रीराम के मंदिर के प्रति लोगों की आस्था के साथ किसी को भी छेड़छाड़ करने की इजाजत नहीं दी जाएगी. BJP का प्रत्येक कार्यकर्ता इस आस्था की रक्षा के लिए कोई भी कुर्बानी देने को तैयार है." नितिन नवीन ने इस विवाद को प्रशासनिक या वित्तीय सवाल के बजाय 'आस्था की रक्षा' के फ्रेम में बदलने की कोशिश की. यानी विपक्ष जहां जवाबदेही की बात कर रहा था, वहीं BJP ने बहस का केंद्र श्रद्धा और धार्मिक भावना को बनाने का प्रयास किया.
इसी रणनीति का दूसरा पहलू नितिन नवीन के पूरे दौरे में दिखाई दिया. उन्होंने अपने लगभग हर सार्वजनिक संबोधन में उत्तर प्रदेश को "भगवान राम की भूमि, भगवान शिव का शहर और भगवान कृष्ण की नगरी" बताया. यह भाषण का सामान्य हिस्सा नहीं था. इसके जरिए नितिन नवीन ने अयोध्या, काशी और मथुरा को एक साझा सांस्कृतिक और राजनीतिक प्रतीक के रूप में प्रस्तुत किया.
दौरे की शुरुआत भी इसी सोच के अनुरूप हुई. नितिन नवीन ने लखनऊ के प्रमुख हनुमान मंदिर में दर्शन किए. उसके बाद अटल बिहारी वाजपेयी प्रेरणा स्थल जाकर श्रद्धांजलि अर्पित की. यह संयोजन भी महत्वपूर्ण था. एक ओर धार्मिक आस्था, दूसरी ओर BJP की वैचारिक और राजनीतिक विरासत. दोनों को एक ही यात्रा में जोड़कर पार्टी ने अपने कार्यकर्ताओं और समर्थकों को स्पष्ट संदेश दिया कि BJP का चुनावी अभियान केवल विकास कार्यों की उपलब्धियों तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि उसकी वैचारिक पहचान भी उतनी ही प्रमुख रहेगी.
सामाजिक इंजीनियरिंग के नए फार्मूले पर BJP का फोकस
अगर नितिन नवीन के दो दिवसीय लखनऊ दौरे के कार्यक्रमों में मंचीय भाषणों से ज्यादा महत्व उन प्रतीकात्मक मुलाकातों को दिया गया, जिनका सीधा संदेश कार्यकर्ताओं और सामाजिक समूहों तक पहुंचे. लखनऊ में आयोजित शक्ति केंद्र संयोजक सम्मेलन में नितिन नवीन ने बार-बार बूथ स्तर के कार्यकर्ताओं की भूमिका पर जोर दिया.
इस दौरे का सबसे चर्चित और राजनीतिक रूप से सबसे अर्थपूर्ण कार्यक्रम था बूथ अध्यक्ष शिवाजी रावत के घर जाना. संगठन के भीतर यह संदेश गया कि BJP में सबसे बड़ा पद कार्यकर्ता का है. वहीं राजनीतिक विश्लेषकों ने इसे दलित समाज, विशेषकर पासी समुदाय तक पहुंचने की सोची-समझी रणनीति के रूप में देखा. शिवाजी रावत पासी समाज से आते हैं. अवध क्षेत्र की राजनीति में पासी समाज का प्रभाव कई सीटों पर निर्णायक माना जाता है. मोहनलालगंज, सरोजनीनगर, बाराबंकी, अयोध्या, अंबेडकरनगर, सीतापुर और आसपास के कई विधानसभा क्षेत्रों में यह समुदाय चुनावी परिणामों को प्रभावित करने की क्षमता रखता है. 2024 के लोकसभा चुनाव में BJP को जिन क्षेत्रों में नुकसान हुआ, उनमें इन इलाकों का भी उल्लेख होता है. ऐसे में बूथ अध्यक्ष के घर जाकर BJP ने एक साथ दो संदेश दिए. पहला, संगठन का सम्मान सबसे ऊपर है. दूसरा, दलित समाज BJP की चुनावी रणनीति का अहम हिस्सा बना रहेगा.
इसी प्रकार एयरपोर्ट से पार्टी मुख्यालय तक निकले लगभग 15 किलोमीटर लंबे रोड शो की संरचना भी सामान्य नहीं थी. पूरे मार्ग में 40 से अधिक स्वागत मंच बनाए गए थे. इन मंचों पर केवल BJP कार्यकर्ता नहीं, बल्कि विभिन्न जातीय, सामाजिक और पेशेवर समूहों के प्रतिनिधियों को जगह दी गई. ब्राह्मण, ठाकुर, वैश्य, कायस्थ, मौर्य, कुशवाहा, निषाद, राजभर, पाल, लोधी, पासी, वाल्मीकि, सिख, पंजाबी, बंगाली, सिंधी, साहू, व्यापारी, अधिवक्ता और अन्य समुदायों ने अपनी-अपनी परंपराओं के अनुसार राष्ट्रीय अध्यक्ष का स्वागत किया. राजनीतिक दृष्टि से यह दृश्य BJP की सामाजिक इंजीनियरिंग का सार्वजनिक प्रदर्शन था. पार्टी यह संदेश देना चाहती थी कि उसके साथ केवल एक या दो जातियां नहीं, बल्कि व्यापक सामाजिक गठबंधन खड़ा है.
उत्तर प्रदेश में नितिन नवीन ने केवल कार्यकर्ताओं से ही संवाद नहीं किया, बल्कि प्रबुद्ध वर्ग तक भी पहुंच बनाई. पद्मश्री सम्मानित साहित्यकार डॉ. विद्या बिंदु सिंह के आवास पर आयोजित बैठक में साहित्यकारों, कलाकारों, लोकगायिका मालिनी अवस्थी, संस्कृति कर्मियों और बुद्धिजीवियों से संवाद किया गया. दही-जलेबी के साथ हुई यह बैठक भी महज सांस्कृतिक आयोजन नहीं थी.
BJP लंबे समय से यह प्रयास करती रही है कि उसके राजनीतिक विमर्श को सांस्कृतिक और बौद्धिक समर्थन भी मिलता हुआ दिखाई दे. इसलिए इस मुलाकात के जरिए पार्टी ने उन वर्गों तक पहुंचने की कोशिश की, जो सीधे चुनावी राजनीति से जुड़े नहीं होते, लेकिन सामाजिक विमर्श को प्रभावित करते हैं.
इसी कड़ी में लालबाग स्थित शर्मा टी स्टॉल पर चाय पीने का कार्यक्रम भी चर्चा का विषय बना. यह तस्वीर तेजी से सोशल मीडिया पर वायरल हुई. राजनीतिक रूप से यह कार्यक्रम BJP की उस शैली का विस्तार था, जिसमें शीर्ष नेतृत्व आम लोगों के बीच सहजता से पहुंचने का संदेश देता है. नरेंद्र मोदी के 'चाय' वाले राजनीतिक प्रतीक की झलक भी इसमें देखी गई. यानी एक ओर मंदिर, दूसरी ओर चाय की दुकान और तीसरी ओर दही-जलेबी के साथ प्रबुद्ध वर्ग का संवाद, इन तीनों कार्यक्रमों ने BJP की अलग-अलग सामाजिक परतों तक पहुंचने की रणनीति को सामने रखा.
एनडीए से टिकट तक: लखनऊ में बना 2027 का चुनावी 'वॉर रूम'
BJP नेतृत्व के सामने सबसे बड़ी चुनौती यह है कि 2017 और 2022 की तरह 2027 में भी सत्ता बरकरार रखनी है. लेकिन इस बार परिस्थितियां पहले जैसी नहीं हैं. 2024 के लोकसभा चुनाव ने यह संकेत दिया कि BJP का चुनावी आधार मजबूत होने के बावजूद कई इलाकों में सामाजिक समीकरण बदल रहे हैं. विपक्ष भी पहले की तुलना में अधिक संगठित दिख रहा है. ऐसे में केवल सरकार की उपलब्धियों के भरोसे चुनाव जीतना आसान नहीं होगा. यही कारण है कि नितिन नवीन का पूरा दौरा चुनावी 'वॉर रूम' की तरह संचालित होता दिखाई दिया.
दौरे के दूसरे दिन 5 जुलाई को उन्होंने BJP के छह पूर्व प्रदेश अध्यक्षों, रमापति राम त्रिपाठी, सूर्य प्रताप शाही, लक्ष्मीकांत बाजपेयी, केशव प्रसाद मौर्य, स्वतंत्र देव सिंह और भूपेंद्र चौधरी से अलग बैठक की. बीना राय बताती हैं, “BJP जानती है कि उत्तर प्रदेश जैसा विशाल राज्य केवल वर्तमान नेतृत्व के भरोसे नहीं चल सकता. पूर्व प्रदेश अध्यक्षों के पास संगठन का वर्षों का अनुभव, क्षेत्रीय नेटवर्क और स्थानीय समीकरणों की गहरी समझ है. चुनावी रणनीति बनाते समय इन नेताओं को साथ रखना संगठनात्मक मजबूती का हिस्सा माना जा रहा है.”
इसी तरह प्रदेश संगठन में हाल ही में हुए बदलावों के बाद नई टीम को भी चुनावी मोड में लाने की कोशिश दिखाई दी. प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी और संगठन महामंत्री धर्मपाल के साथ हुई बैठकों में मंडल, जिला और बूथ स्तर तक संगठन की स्थिति पर विस्तार से चर्चा हुई. राष्ट्रीय अध्यक्ष को सभी विधानसभा सीटों का विस्तृत रिपोर्ट कार्ड भी सौंपा गया, जिसमें संगठन की सक्रियता, जनप्रतिनिधियों का प्रदर्शन, जातीय समीकरण, स्थानीय असंतोष और चुनावी संभावनाओं का विश्लेषण शामिल था. दौरे का सबसे संवेदनशील हिस्सा एनडीए सहयोगियों के साथ बैठक रही.
BJP अच्छी तरह समझती है कि उत्तर प्रदेश में सहयोगी दलों की भूमिका भले सीटों के हिसाब से सीमित दिखाई दे लेकिन कई क्षेत्रों में उनका सामाजिक प्रभाव निर्णायक है. अपना दल (एस), निषाद पार्टी, सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी और राष्ट्रीय लोकदल जैसे दल विशिष्ट जातीय समूहों में प्रभाव रखते हैं. लोकसभा चुनाव में BJP ने सहयोगियों के साथ मिलकर चुनाव लड़ा था और विधानसभा चुनाव में भी यह गठबंधन बनाए रखना उसकी प्राथमिकता है. बैठक में राष्ट्रीय अध्यक्ष ने सहयोगी दलों को स्पष्ट संदेश दिया कि 2027 का चुनाव केवल BJP का नहीं बल्कि पूरे एनडीए का चुनाव होगा.
नितिन नवीन ने सीटों के बंटवारे पर तत्काल चर्चा से बचते हुए कहा कि इस विषय पर अंतिम निर्णय दिल्ली में होगा. लेकिन साथ ही यह भी स्पष्ट कर दिया कि उम्मीदवार चयन का सबसे बड़ा आधार जीतने की क्षमता होगी. राजनीतिक भाषा में यह एक महत्वपूर्ण संकेत था. इसका अर्थ यह है कि टिकट वितरण में केवल वरिष्ठता, जातीय दबाव या स्थानीय लॉबिंग नहीं, बल्कि सर्वे रिपोर्ट, संगठन की प्रतिक्रिया, चुनावी आंकड़े और जीत की संभावना निर्णायक भूमिका निभाएंगे.
यह संदेश BJP नेताओं के लिए भी था और सहयोगी दलों के लिए भी. पिछले चुनावों में कई सीटों पर टिकट वितरण को लेकर असंतोष सामने आया था. इस बार पार्टी नेतृत्व पहले ही यह स्पष्ट करना चाहता है कि व्यक्तिगत दावेदारी से अधिक महत्व चुनावी सफलता को दिया जाएगा. यही कारण है कि नितिन नवीन ने सहयोगियों से यह भी कहा कि वे अभी से सीटों पर सार्वजनिक दावा करने के बजाय उन क्षेत्रों में संगठन मजबूत करने पर ध्यान दें जहां 2022 में एनडीए को हार मिली थी.
इसी दौरान नितिन नवीन ने सांसदों, विधायकों और पार्टी पदाधिकारियों से भी अलग-अलग फीडबैक लिया. यह केवल औपचारिक बैठकें नहीं थीं. चर्चा का केंद्र उन विधानसभा क्षेत्रों पर रहा जहां 2024 के लोकसभा चुनाव में BJP अपेक्षा के अनुरूप प्रदर्शन नहीं कर सकी. नेतृत्व यह जानना चाहता था कि किन कारणों से वोट प्रतिशत घटा, किन वर्गों में नाराजगी रही, किन योजनाओं का लाभ राजनीतिक समर्थन में परिवर्तित नहीं हो सका और अगले एक वर्ष में इसकी भरपाई कैसे की जाए. यही कारण है कि इस दौरे को केवल राष्ट्रीय अध्यक्ष की पहली औपचारिक यात्रा नहीं, बल्कि मिशन-2027 के लिए BJP के पहले बड़े रणनीतिक अभ्यास के रूप में देखा जा रहा है.